Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कांग्रेस का आरोप, दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा की सुरक्षा में हुई कई बार चूक; पुलिस बनी रही मूकदर्शक

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शाह को लिखे पत्र में कहा है कि दिल्ली पुलिस भारत जोड़ो यात्रा में भीड़ को नियंत्रित करने और राहुल गांधी के इर्दगिर्द सुरक्षा घेरा बनाए रखने में पूरी तरह विफल रही जबकि राहुल गांधी को जेड प्लस सुरक्षा हासिल है।

By Jagran NewsEdited By: Ashisha Singh RajputUpdated: Wed, 28 Dec 2022 07:55 PM (IST)
Hero Image
संवेदनशील पंजाब व जम्मू-कश्मीर में राहुल व अन्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का किया अनुरोध

नई दिल्ली, एएनआइ। कांग्रेस ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा की सुरक्षा में कई बार चूक हुई और इस दौरान दिल्ली पुलिस ने मूकदर्शक की तरह व्यवहार किया। राहुल गांधी की अगुआई में भारत जोड़ो यात्रा ने 24 दिसंबर को दिल्ली में प्रवेश किया था। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शाह को लिखे पत्र में कहा है कि दिल्ली पुलिस भारत जोड़ो यात्रा में भीड़ को नियंत्रित करने और राहुल गांधी के इर्दगिर्द सुरक्षा घेरा बनाए रखने में पूरी तरह विफल रही, जबकि राहुल गांधी को जेड प्लस सुरक्षा हासिल है।

साथ ही उन्होंने कहा, 'भारत जोड़ो यात्रा तीन जनवरी, 2023 से अगले चरण में संवेदनशील राज्य पंजाब और जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने वाली है। इस संबंध में मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त राहुल गांधी और भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने वाले यात्रियों व नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाएं।'

कांग्रेस महासचिव ने पत्र में लिखा

कांग्रेस महासचिव ने लिखा, 'मैं आपका ध्यान भारत जोड़ो यात्रा में उल्लेखनीय सुरक्षा चूकों की ओर आकर्षित कराना चाहता हूं। भारत जोड़ो यात्रा ने 24 दिसंबर, 2022 को दिल्ली में प्रवेश किया था और कई अवसरों पर भारत जोड़ो यात्रा की सुरक्षा में चूक हुई थी।' उन्होंने लिखा, 'स्थिति इतनी गंभीर थी कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और राहुल गांधी के साथ चल रहे यात्रियों को सुरक्षा घेरा बनाना पड़ा था। जबकि उस समय दिल्ली पुलिस सिर्फ मूकदर्शक बनी रही थी।'

वेणुगोपाल ने किया दावा

वेणुगोपाल ने दावा किया कि यात्रा में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को परेशान करने और प्रख्यात शख्सियतों को यात्रा में शामिल होने से रोकने के लिए इंटेलिजेंस ब्यूरो भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लेने वाले कई लोगों से पूछताछ कर रहा है। यही नहीं, हरियाणा के इंटेलिजेंस से जुड़े अज्ञात लोगों ने भारत जोड़ो यात्रा के कंटेनरों में गैरकानूनी रूप से प्रवेश किया था और इस संबंध में 23 दिसंबर, 2022 को पार्टी ने हरियाणा के सोहना सिटी पुलिस थाने में एफआइआर दर्ज कराई थी।

इसी कड़ी में उन्होंने कहा, 'कांग्रेस के दो प्रधानमंत्रियों इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपनी जान न्योछावर कर दी। छत्तीसगढ़ कांग्रेस का पूरा नेतृत्व 25 मई, 2013 को झीरमघाटी में नक्सली हमले में खत्म हो गया था।' कांग्रेस नेता ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद-19 के मुताबिक, प्रत्येक नागरिक को एकत्रित होने व पूरे भारत में स्वतंत्र रूप से घूमने का संवैधानिक अधिकार है और भारत जोड़ो यात्रा देश में शांति एवं सद्भाव लाने के लिए एक पदयात्रा है।

सरकार को बदले की राजनीति नहीं करनी चाहिए और कांग्रेस नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।मालूम हो कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा सात सितंबर को कन्याकुमारी से प्रारंभ हुई थी और 3,570 किलोमीटर की दूरी तय करके यह अगले वर्ष कश्मीर में समाप्त होगी। कांग्रेस का दावा है कि भारत के इतिहास में यह किसी राजनेता द्वारा सबसे लंबी पदयात्रा है। यह यात्रा अभी तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और हरियाणा को कवर कर चुकी है।

टी-शर्ट जब तक चल रही है, चलाएंगे

उत्तर भारत में पड़ रही जबर्दस्त ठंड में भी राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में टी-शर्ट पहने नजर आ रहे हैं और यह चर्चा का विषय भी बना हुआ है। बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस के 138वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में भी राहुल टी-शर्ट पहने नजर आए। इस संबंध में संवाददाताओं के सवाल पर राहुल ने कहा, 'टी-शर्ट ही चल रही है और जब तक चल रही है चलाएंगे..।' सोमवार को राहुल गांधी जब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्रियों की समाधि पर गए थे तब भी वह टी-शर्ट ही पहने हुए थे।

यह भी पढ़ें- आईआईटी मद्रास का अध्ययनः पीएम 2.5 में क्लोराइड की अधिक मात्रा से कम होती है विजिबिलिटी

यह भी पढ़ें- Fact Check: रीवा मामले में युवक व युवती दोनों एक ही समुदाय के, घटना को सांप्रदायिक रंग देकर गलत दावा वायरल