'FIR करते रहिए, हम न्याय यात्रा जारी रखेंगे', असम के सीएम पर कांग्रेस ने किया पलटवार
लोकसभा सांसद गौरव गोगोई ने गुरुवार को कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते रहें लेकिन सबसे पुरानी पार्टी भारत जोड़ो न्याय जारी रखेगी। कांग्रेस सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री सरमा सबसे भ्रष्ट सीएम हैं और उनसे यही उम्मीद की जाती है। गोगोई ने कहा कि असम सरकार एफआईआर दर्ज करते रहेंगे हम अपनी यात्रा जारी रखेंगे।
एएनआई, धुबरी। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर राजनीति चरम पर है। असम में यात्रा निकालने पर कई बार सीएम हिमंत सरमा और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक देखने को भी मिली। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी को गिरफ्तार करने की भी बात सीएम सरमा ने कही।
अब कांग्रेस ने भी सरमा पर पलटवार किया है। लोकसभा सांसद गौरव गोगोई ने गुरुवार को कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते रहें, लेकिन सबसे पुरानी पार्टी भारत जोड़ो न्याय जारी रखेगी।
सरमा से यही उम्मीद
असम के कलियाबोर से कांग्रेस सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री सरमा "सबसे भ्रष्ट" सीएम हैं और उनसे यही उम्मीद की जाती है। गोगोई ने कहा कि असम सरकार एफआईआर दर्ज करते रहेंगे, हम अपनी यात्रा जारी रखेंगे।
गोगोई ने कहा कि भाजपा देश को धर्म और भाषा के आधार पर बांटना चाहे जारी रखे, लेकिन हम भारत जोड़ो न्याय यात्रा के माध्यम से देश को एकजुट करना जारी रखेंगे।
असम में राहुल गांधी पर हुई एफआईआर
बता दें कि गुवाहाटी पुलिस ने मंगलवार को राहुल गांधी पर एफआईआर दर्ज की है। जब राहुल असम में अपनी न्याय यात्रा निकाल रहे थे तभी पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा फैलाने को लेकर एक प्राथमिकी दर्ज की गई। असम के मुख्यमंत्री सरमा ने बताया कि एफआईआर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल, कन्हैया कुमार और अन्य नेताओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज की गई है।
लोकसभा चुनाव के बाद राहुल को गिरफ्तार करेंगे
इसके अलावा, सरमा सरकार ने बुधवार को कहा कि वे लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी को गिरफ्तार करेंगे।
सीएम ने कहा कि अगर हम उन्हें पहले गिरफ्तार करते हैं, तो इसका राजनीतिकरण हो जाएगा। अब मामला दर्ज किया गया है, एसआईटी जांच करेगी और हमारे पास सबूत हैं। उनके उकसाने के बाद गुवाहाटी में एक बड़ी घटना हो सकती थी।
सरमा ने कहा, हम लोकसभा चुनाव से पहले राजनीति नहीं करना चाहते, क्योंकि हम यह चुनाव जीतने जा रहे हैं।