Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कांग्रेस नेता एके एंटनी ने बेटे के भाजपा में शामिल होने पर दी प्रतिक्रिया, कहा- अनिल के फैसले ने किया आहत

कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने कहा कि अनिल के भाजपा में शामिल होने के फैसले ने मुझे आहत किया है। यह बहुत ही गलत फैसला है। मालूम हो कि एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गए। फोटो- एएनआई।

By AgencyEdited By: Sonu GuptaUpdated: Thu, 06 Apr 2023 07:00 PM (IST)
Hero Image
एके एंटनी ने कहा कि अनिल के भाजपा में शामिल होने के फैसले ने मुझे आहत किया है। फोटो- एएनआई।

नई दिल्ली, एएनआई। कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने कहा कि अनिल के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने के फैसले ने मुझे आहत किया है। यह बहुत ही गलत फैसला है। भारत का आधार एकता और धार्मिक सद्भाव है। पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी अपने बेटे अनिल एंटनी के भाजपा में शामिल होने पर यह बात कही। एंटनी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि साल 2014 के बाद विविधता और धर्मनिरपेक्षता कमजोर हुआ है।

अनिल के फैसले ने किया आहत

उन्होंने कहा, "अनिल के भाजपा में शामिल होने के फैसले ने मुझे आहत किया है। यह बहुत ही गलत फैसला है। भारत का आधार एकता और धार्मिक सद्भाव है। 2014 के बाद, जब से मोदी सरकार सत्ता में आई, वे व्यवस्थित रूप से विविधता और धर्मनिरपेक्षता को कमजोर कर रहे हैं। भाजपा सिर्फ एकरूपता में विश्वास रखती है, वे देश के संवैधानिक मूल्यों को नष्ट कर रहे हैं।"

अनिल एंटनी भाजपा में हुए शामिल

मालूम हो कि एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गए। अनिल ने BBC विवाद के बाद कड़ा विरोध जताया था और कांग्रेस से मतभेद के बाद पार्टी छोड़ दी थी। अनिल एंटनी को भाजपा मुख्यालय में केरल प्रदेश अध्यक्ष के सुरेंद्रन लेकर पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली। अनिल एंटनी को भाजपा नेता पीयूष गोयल और वी मुरलीधरन और पार्टी की केरल इकाई के प्रमुख के सुरेंद्रन ने एक औपचारिक कार्यक्रम में पार्टी की सदस्यता दिलाई।

बीबीसी डॉक्यूमेंट्री पर किया था ट्वीट

सदस्यता ग्रहण करने के बाद अनिल एंटनी ने संवाददाताओं से कहा कि हर कांग्रेस कार्यकर्ता का मानना ​​है कि वे एक परिवार के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन मेरा मानना ​​है कि मैं कांग्रेस के लिए काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम से काफी प्रभावित हुआ हूं। मालूम हो कि अनिल एंटनी ने केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के सोशल मीडिया संयोजक के पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने पीएम मोदी और गुजरात दंगों पर बनी विवादास्पद बीबीसी डॉक्यूमेंट्री पर एक ट्वीट किया था, जिसके बाद पार्टी में विवाद हो गया था।