Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

BJP Candidate List: भाजपा की पहली लिस्ट पर कांग्रेस ने की सवालों की बौछार, खेड़ा बोले- क्या कम हो रहा पीएम मोदी का जादू?

Lok Sabha Elections 2024 कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के 195 प्रत्याशियों की पहली सूची (BJP Candidate List) में कुछ मौजूदा सांसदों का नाम नहीं होने पर सवाल उठाया। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने आश्चर्य जताया कि क्या मोदी का जादू कम हो रहा है कि उन्हें कुछ मौजूदा सांसदों को पार्टी का टिकट देने से इनकार करना पड़ा।

By Agency Edited By: Mohd Faisal Updated: Sun, 03 Mar 2024 06:15 AM (IST)
Hero Image
BJP Candidate List: भाजपा की पहली लिस्ट पर कांग्रेस ने की सवालों की बौछार (फाइल फोटो)

पीटीआई, नई दिल्ली। Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के 195 प्रत्याशियों की पहली सूची में कुछ मौजूदा सांसदों का नाम नहीं होने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पिछले पांच वर्षों तक जनता पर अक्षम सांसद थोपने के लिए लोगों से माफी मांगनी चाहिए।

क्या मोदी का जादू कम हो रहा है?

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने आश्चर्य जताया कि क्या मोदी का जादू कम हो रहा है कि उन्हें कुछ मौजूदा सांसदों को पार्टी का टिकट देने से इनकार करना पड़ा। उन्होंने पूछा कि क्या पीएम अपने नाम पर उन्हें जीतने में मदद करने में असमर्थ हैं।

अजय मिश्रा टेनी को टिकट दिए जाने पर उठाए सवाल

उन्होंने आगे पूछा कि क्या भाजपा केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी के ''दबाव'' में थी कि उनके बेटे द्वारा अपने वाहन के नीचे किसानों को कुचलने के बाद भी उन्हें एक बार फिर मैदान में उतारा गया।

'भाजपा से दूरी बनाए रखना चाहते हैं कई लोग'

खेड़ा ने कहा कि भाजपा के दो सांसदों गौतम गंभीर और जयंत सिन्हा ने शनिवार सुबह एक्स पर कहा कि वे चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हम इसका कारण नहीं जानते, लेकिन हम समझते हैं कि कई लोग भाजपा से दूरी बनाए रखना चाहते हैं।

खेड़ा ने एक्स पर किया पोस्ट

खेड़ा ने एक्स पर पोस्ट किया कि टिकट क्यों रद किया? क्या ये सांसद निकम्मे थे? अगर ये अक्षम थे तो भाजपा को उन मतदाताओं से माफी मांगनी चाहिए जिन पर ऐसे 'अक्षम' सांसद थोपे गए। क्या मोदी जी के नाम का जादू मीनाक्षी लेखी, प्रज्ञा ठाकुर, रमेश बिधूड़ी और परवेश वर्मा को इस बार नहीं जिता सकता?

यह भी पढ़ें- BJP Candidate List 2024: वाराणसी से मोदी, गांधीनगर से लड़ेंगे शाह; भाजपा की पहली लिस्ट से बदल जाएंगे राजनीतिक समीकरण

यह भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2024: भाजपा ने 195 उम्मीदवारों की पहली सूची की जारी, यहां देखिये कहां से कौन लड़ेगा चुनाव