Move to Jagran APP

शिमला नगर निगम में कांग्रेस का जलवा, राहुल गांधी बोले- अब कर्नाटक में भी यही उम्मीद

शिमला नगर निगम में बड़ी जीत के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा दी गई गारंटियों को पूरा करने के कारण लोगों ने विश्वास जताया है। राहुल ने कहा कि अब उम्मीद है कि कर्नाटक में भी ऐसा होगा।

By AgencyEdited By: Mahen KhannaUpdated: Fri, 05 May 2023 03:05 AM (IST)
Hero Image
शिमला जीत पर राहुल गांधी का आया बयान।

नई दिल्ली, एजेंसी। हिमाचल विधानसभा चुनाव में जीत से उत्साहित कांग्रेस ने प्रदेश के सबसे पुराने नगर निगम शिमला की सत्ता भी प्राप्त कर ली है। शिमला नगर निगम चुनावों में बड़ी जीत पाने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भी बयान आया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा दी गई गारंटियों को पूरा करने के कारण लोगों ने पार्टी में विश्वास जताया है और उम्मीद है कि कर्नाटक भी ऐसा करेगा। 

हिमाचल के बाद अब कर्नाटक की बारी

राहुल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने लोगों से किए गए वादों को पूरा किया है और इसलिए शिमला ने कांग्रेस पर भरोसा जताया है। अब कर्नाटक में भी पांच गारंटी की बारी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह हिमाचल में सरकार ने वादे पूरे किए वैसे ही कर्नाटक से किए वादे पूरे किए जाएंगे।

प्रियंका गांधी ने कर्नाटक के लोगों से की ये अपील

पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी शिमला नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत को पार्टी की नीतियों और लोगों के प्रति उसके समर्पण की जीत बताई। उन्होंने कहा कि हम इस भरोसे के लिए शिमला की जनता को धन्यवाद देते हैं।

एक ट्वीट में प्रियंका ने कहा, "सभी मेहनती कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मेरी शुभकामनाएं। कर्नाटक में भी कांग्रेस ने कई गारंटी दी है। हम कर्नाटक के लोगों से अपील करते हैं कि वे भारी बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनाएं। 

11 साल बाद एकतरफा जीत 

नगर निगम के परिणाम के अनुसार शिमला में कांग्रेस ने 11 साल बाद एकतरफा जीत प्राप्त की है। 34 में से 24 वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी जीते हैं। भाजपा के हाथ नौ वार्ड ही लगे हैं। माकपा को एकमात्र समरहिल वार्ड से जीत मिली है। आम आदमी पार्टी पहली बार शिमला नगर निगम चुनाव में राजनीतिक जमीन तलाश रही थी, लेकिन विधानसभा चुनाव की तरह पार्टी को यहां भी निराशा मिली है।