Move to Jagran APP

Politics: 'चुनाव परिणाम देश के बदलते माहौल को दिखाता है', कांग्रेस ने भाजपा पर जमकर साधा निशाना

कांग्रेस ने विधानसभा उपचुनाव के नतीजों को देश में बदलते राजनीतिक माहौल का परिणाम बताया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी कार्यकर्ताओं की सराहना की और कहा कि इस जीत से पता चलता है कि लोगों ने भाजपा के अहंकार कुशासन और नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। खरगे ने कहा कि विधानसभा उपचुनाव के सकारात्मक परिणाम के लिए हम जनता के सामने नतमस्तक हैं।

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Updated: Sun, 14 Jul 2024 03:24 AM (IST)
Hero Image
कांग्रेस ने भाजपा पर जमकर साधा निशाना

पीटीआई, नई दिल्ली। कांग्रेस ने विधानसभा उपचुनाव के नतीजों को देश में बदलते राजनीतिक माहौल का परिणाम बताया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी कार्यकर्ताओं की सराहना की और कहा कि इस जीत से पता चलता है कि लोगों ने भाजपा के अहंकार, कुशासन और नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।

हम जनता के सामने नतमस्तक- खरगे

खरगे ने एक्स पर पोस्ट किया, विधानसभा उपचुनाव के सकारात्मक परिणाम के लिए हम जनता के सामने नतमस्तक हैं। कांग्रेस के उम्मीदवारों को वोट देने के लिए हम तहेदिल से उनका आभार व्यक्त करते हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा द्वारा बुना गया 'भय और भ्रम' का जाल टूट गया है।

बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया कि उपचुनाव के नतीजों से पता चलता है कि पूरे भारत में माहौल भाजपा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि राजग को 13 सीटों पर हुए उपचुनावों में 46 प्रतिशत वोट मिले जबकि आइएनडीआइए के घटक दलों को 51 प्रतिशत वोट मिले।

विपक्षी गठबंधन की खुशी को भाजपा ने हताशा करार दिया

भाजपा ने उपचुनाव के नतीजों पर विपक्षी गठबंधन की ''खुशी'' पर सवाल उठाते हुए कहा कि बंगाल में आइएनडीआइए के घटक दल कांग्रेस ने एक अन्य घटक दल तृणमूल से चुनाव लड़ा और हार गई।

भाजपा के आइटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि यह किसी तरह अच्छा महसूस करने की विपक्षी गठबंधन की हताशा के अलावा और कुछ नहीं दिखाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को हिमाचल प्रदेश में सत्ता में होने के बावजूद तीनों सीटें नहीं जीत पाने के लिए निराश होना चाहिए, क्योंकि भाजपा ने हमीरपुर में जीत हासिल की है।