Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'राजस्थान, बिहार और बंगाल में महिला उत्पीड़न पर क्यों नहीं लड़ सकतीं प्रियंका?'; विपक्ष पर बरसे अनुराग ठाकुर

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। अनुराग ठाकुर ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश के कुछ राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं और कई राज्यों में इसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। बिहार के बेगूसराय जिले में एक लड़की के साथ हुए अत्याचार को लेकर केंद्रीय मंत्री ने अपनी बात रखी।

By AgencyEdited By: Piyush KumarUpdated: Sat, 22 Jul 2023 07:19 PM (IST)
Hero Image
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर साधा निशाना।

नई दिल्ली, एएनआइ। मणिपुर में दो महिलाओं के साथ हुए दुर्व्यवहार के बाद महिला सुरक्षा के मुद्दे पर देशभर में काफी चर्चा हो रही है। मणिपुर की घटना को लेकर कांग्रेस सहित विपक्षी दल लगातार केंद्र और मणिपुर सरकार पर निशाना साध रही है।

एक तरफ जहां विपक्षी दलों की मांग है कि मणिपुर में एन बीरेन सिंह की सरकार को बर्खास्त किया जाए। वहीं, भाजपा ने भी विपक्षी दलों पर महिला सुरक्षा को लेकर पलटवार किया है।

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर साधा निशाना 

शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली के राष्ट्रीय भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। अनुराग ठाकुर ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश के कुछ राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं और कई राज्यों में इसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।

मंत्री ने बिहार और राजस्थान सरकार को घेरा 

बिहार के बेगूसराय जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ हुए अत्याचार के खिलाफ बोलते हुए उन्होंने कहा कि इस जिले में जो हुआ वह हमारे सामने है, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस पर एक शब्द भी नहीं बोला। उन्होंने अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध में राजस्थान नंबर वन राज्य बन गया है।

हालांकि, अपराधियों के खिलाफ कोई कदम उठाने के बजाय, राज्य में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देश पर मंत्री राजेंद्र गुढ़ा को बर्खास्त कर दिया गया।

अनुराग ठाकुर ने आगे कहा, "पिछले चार वर्षों में राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराध के एक लाख से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। कुल 33,000 मामले राजस्थान में महिलाओं पर यौन उत्पीड़न से संबंधित हैं।"

गहलोत सरकार ने एक राज्यमंत्री को किया बर्खास्त 

बता दें कि शुक्रवार को राज्यमंत्री गुढ़ा ने अपने ही सरकार को घेरते हुए कहा था कि इस बात में सच्चाई है कि हम महिलाओं की सुरक्षा में हम(गहलोत सरकार) विफल हो गए हैं। राजस्थान में जिस तरह से महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं,ऐसे में हमें मणिपुर के स्थान पर अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। गौरतलब है कि शुक्रवार शाम को राजस्थान के राज्यपाल ने राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा को बर्खास्त करने की सीएम अशोक गहलोत की सिफारिश को तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया।

क्या है बिहार का मामला? 

बिहार में बेगूसराय के तेघड़ा थाना क्षेत्र के पकठौल पंचायत में एक शिक्षक ने नाबालिग छात्रा के साथ दुर्व्यवहार किया है। जानकारी के मुताबिक, युवती की उम्र 16 वर्ष है। वह अधेड़ उम्र के शिक्षक के साथ गाना-बजाना सीखती थी और कार्यक्रम में गायन का काम करती थी। दोनों गुरु-शिष्या हैं।

ममता सरकार पर भाजपा नेता ने साधा निशाना

भाजपा नेता ने पश्चिम बंगाल की हिंसा को लेकर वार करते हुए कहा ममता बनर्जी के दिल में ममता बची है या नहीं यह सवाल है। वह निर्ममता की प्रतीक हैं। बंगाल की कुछ घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार, राजस्थान और बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार बढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस, तृणमूल, राजद, जदयू सब शांत हैं। उन्होंने आगे सवाल किया कि अवार्ड वापसी, कैंडिल मार्च और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता वाले लोग कहां गए?

अनुराग ठाकुर ने यह भी प्रश्न खड़ा किया कि क्या विपक्षी दल अपना प्रतिनिधिमंडल राजस्थान, बिहार और बंगाल का हाल जानने के लिए भी भेजेंगे? संसद के गतिरोध पर कहा कि मणिपुर हो या बिहार, राजस्थान और बंगाल, महिला अत्याचार पर सरकार चर्चा चाहती है, लेकिन न जाने विपक्ष क्यों चर्चा से भाग रहा है। राहुल के सदन में न होने की ओर इशारा करते हुए कहा कि क्या एक दल का नेता सदन का सदस्य नहीं रहा, इसलिए सदन नहीं चलाया जा रहा।

अनुराग ठाकुर ने प्रियंका गांधी पर कसा तंज

उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर तंज कसते हुए कहा,"लड़की हूं लड़ सकती हूं, बस राजस्थान नहीं जा सकती हूं, बिहार पर मुंह में दही जमा सकती हूं और बंगाल पर होंठ सिल सकती हूं।"