Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

हरियाणा में कांग्रेस को AAP पसंद है! राहुल गांधी के ऑफर पर पार्टी की 'हां'; केजरीवाल लेंगे अंतिम फैसला

Haryana Assembly Election हरियाणा में कांग्रेस का कॉन्फिडेंस हाई है लेकिन इसके बावजूद वो आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन करने को आतुर है। दरअसल गठबंधन को लेकर आज राहुल ने आप को ऑफर भी दिया जिसे पार्टी नेता संजय सिंह ने स्वागत योग्य बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में गठबंधन होना सही होगा क्योंकि दोनों पार्टियों का असली मकसद भाजपा को हराना है।

By Agency Edited By: Mahen Khanna Updated: Tue, 03 Sep 2024 01:08 PM (IST)
Hero Image
Haryana Assembly Election राहुल का केजरीवाल को ऑफर।

एजेंसी, नई दिल्ली। Haryana Assembly Election हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीति तेज हो गई है। हरियाणा में कांग्रेस का कॉन्फिडेंस हाई है, लेकिन इसके बावजूद वो आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन करने को आतुर है। दरअसल, गठबंधन को लेकर आज राहुल गांधी ने AAP को ऑफर भी दिया, जिसे पार्टी नेता संजय सिंह ने स्वागत योग्य बताया।

केजरीवाल लेंगे अंतिम निर्णय

हरियाणा में गठबंधन के ऑफर को लेकर आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह का बयान आया है। उन्होंने कहा कि राहुल का बयान स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि राज्य में गठबंधन होना सही होगा, क्योंकि दोनों पार्टियों का असली मकसद भाजपा को हराना है। हालांकि, उन्होंने कहा कि केजरीवाल ही अंतिम फैसला लेंगे।

बता दें कि हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर 5 अक्टूबर को वोटिंग है। कांग्रेस पार्टी तेजी से चुनाव जीतने की रणनीति पर काम कर रही है और उसी एवज में राहुल ने ये बयान दिया। आज कांग्रेस इलेक्शन कमेटी की बैठक हुई, जिसमें हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 34 उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया गया। वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी।

राहुल ने बैठक में किए कई सवाल

दरअसल, आज हुई कांग्रेस इलेक्शन कमेटी की बैठक में राहुल गांधी ने गठबंधन करने के संकेत दिए। बैठक में उन्होंने पूछा कि क्या अकेले चुनाव लड़ने से हमें कोई नुकसान नहीं होगा। क्या कोई गठबंधन की संभावना बनाई जा सकती है।

राहुल के इन सवालों का पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि गठबंधन अभी मुश्किल है, क्योंकि AAP ज्यादा सीट मांग रही है। इसपर राहुल ने कहा कि इंडी गठबंधन के वोट आपस में न बंटे इसपर काम होना चाहिए और संभावनाएं देखी जानी चाहिए।

90 सीटों पर चुनाव की तैयारी कर रही AAP: सुशील गुप्ता

दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के हरियाणा अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने कहा कि पार्टी नेतृत्व के आदेशानुसार हम सभी 90 सीटों पर तैयारी कर रहे हैं। हम हर विधानसभा में बैठकें कर रहे हैं, लगातार कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस के साथ गठबंधन का फैसला हाईकमान लेगा।