Move to Jagran APP

हरियाणा जीतते ही राहुल गांधी पर बरसे गृह मंत्री अमित शाह, कहा- विदेश में देश का अपमान करने वालों को जनता ने सिखाया सबक

हरियाणा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड जीत हासिल की। इस जीत से पूरा नेतृत्व खुश है। वहीं हरियाणा में जीत का दावा करने वाली कांग्रेस के खेमे में मायूसी छाई है। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विदेशी धरती पर देश का अपमान करने वालों को जनता ने सबक सिखाया है।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Wed, 09 Oct 2024 06:18 AM (IST)
Hero Image
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह। (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, आईएएनएस। हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। विदेश में भारत की छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए शाह ने कहा कि हरियाणा की जनता ने राहुल की इस विभाजनकारी रणनीति को खारिज कर दिया है।

शाह ने एक्स पोस्ट में लिखा, ''अपने वोट बैंक के लिए विदेश में जाकर देश का अपमान करने वालों को किसानों और जवानों की भूमि हरियाणा ने सबक सिखाया है। लगातार तीसरी बार भाजपा को प्रदेश की सेवा करने का अवसर देने के लिए हरियाणा की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।'

विभाजनकारी राजनीति को नकारा

कांग्रेस पार्टी को विभाजनकारी नीतियों वाला बताते हुए गृह मंत्री ने आगे लिखा, 'वीरभूमि हरियाणा की जनता को नमन। वीरभूमि की जनता ने जाति और क्षेत्र के आधार पर बांटने वाली कांग्रेस की नकारात्मक और विभाजनकारी राजनीति को पूरी तरह नकारते हुए भाजपा के 10 वर्षों के विकास और गरीब कल्याण के ट्रैक रिकॉर्ड को चुना है।'

भाजपा के साथ खड़ी रही जनता

हरियाणा में लोकसभा और फिर विधानसभा में मिली जीत के बारे में उन्होंने कहा, ''चाहे केंद्र में लगातार तीसरी बार मोदी जी का चुनकर आना हो या हरियाणा, गुजरात, मध्य प्रदेश व अन्य राज्यों में बार-बार भाजपा सरकार का बनना, यह दर्शाता है कि भारतीय राजनीति में मोदी जी के नेतृत्व वाली भाजपा ने प्रदर्शन वाली राजनीति के नए युग की शुरुआत की है।

पहले लोकसभा चुनाव में और अब हरियाणा में, वोट लेने के लिए झूठे और हवाई वादे करने वाली कांग्रेस को जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है और जमीन पर डिलीवर करने वाली भाजपा के साथ जनता चट्टान की तरह खड़ी है।"

यह भी पढ़ें: हरियाणा में बसपा की उम्मीदों पर फिरा पानी, न खुला खाता… न आकाश आनंद कर सके कोई कमाल

कश्मीर घाटी में पुनर्जीवित हुआ लोकतंत्र

इसके साथ ही गृह मंत्री ने जम्मू-कश्मीर की जनता का आभार जताते हुए लिखा कि जम्मू-कश्मीर की जनता ने भाजपा को इस विधानसभा चुनाव में सबसे अधिक मत प्रतिशत का आशीर्वाद दिया है और भाजपा को अब तक के इतिहास में सबसे अधिक सीटें दी हैं। इसके लिए मैं जम्मू-कश्मीर की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा जम्मू-कश्मीर के विकास और सुरक्षा के लिए संकल्पित है।

जम्मू-कश्मीर को विकसित बनाना भाजपा का लक्ष्य

उन्होंने आगे कहा कि जम्मू-कश्मीर को आतंकमुक्त बनाकर देश के अन्य हिस्सों की तरह इसे विकसित बनाना भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आगे लिखा, 'कांग्रेस शासन में जिस जम्मू-कश्मीर में सिर्फ आतंक का राज था और हर दिन लोकतंत्र की हत्या होती थी, वहीं भाजपा शासन में लोकतंत्र का महापर्व पूरी शान और शांति से मनाया गया। जम्मू-कश्मीर की जनता को 1987 के विधानसभा चुनाव भी अच्छी तरह याद हैं, जब कांग्रेस ने खुलेआम धांधली कर लोकतंत्र का मजाक उड़ाया था। उसी कश्मीर घाटी में अब लोकतंत्र फिर से जीवित हुआ है। लोगों ने बिना दहशतगर्दी और आतंक के अपने प्रतिनिधि चुने।'

यह भी पढ़ें: BJP की इस रणनीति से पलटा हरियाणा का गेम, कांग्रेस के मुंह से छीनी जीत; दूर तक जाएगा असर