Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

सितंबर 2022 से लेकर अब तक सात राज्यों में हुआ चुनाव, भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस को कितना फायदा हुआ?

Bharat Jodo Yatra। राहुल गांधी ने सात सितंबर 2022 से भारत जोड़ो यात्रा शुरू की जिसका समापन 30 जनवरी 2023 को हुआ। यात्रा के शुरू होने से लेकर अब तक सात राज्यों में विधानसभा हुए जिसमें से केवल कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में ही कांग्रेस सरकार बना पाई।

By Achyut KumarEdited By: Achyut KumarUpdated: Sat, 13 May 2023 03:42 PM (IST)
Hero Image
Karnataka Election Result 2023: भारत जोड़ो यात्रा का कर्नाटक चुनाव पर पड़ा असर

नई दिल्ली, जागरण डेस्क। Bharat Jodo Yatra, Karnataka Assembly Election Result 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के रूझानों के मुताबिक, राज्य में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है। कांग्रेस ने 38 साल पुराने ट्रेंड को बरकरार रखते हुए भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर कर दिया। इन सबके बीच सवाल यह उठता है कि क्या राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस को फायदा हुआ है, क्योंकि यात्रा कर्नाटक से भी होकर गुजरी थी। आइए, इन सभी सवालों का जवाब जानते हैं...

सितंबर से अब तक सात राज्यों में हुए चुनाव

भारत जोड़ो यात्रा सात सितंबर 2022 को तमिनलाडु से शुरू हुई थी, जो 30 जनवरी 2023 को समाप्त हुई है। इस यात्रा के शुरू होने से लेकर अब तक हिमाचल प्रदेश, गुजरात, मेघालय, त्रिपुरा, नगालैंड, असम, नगालैंड और कर्नाटक में विधानसभा चुनाव हुए हैं, जिनमें से केवल हिमाचल और कर्नाटक में ही कांग्रेस सरकार बनाने में सफल रही है।

इन राज्यों से होकर गुजरी भारत जोड़ो यात्रा

भारत जोड़ो यात्रा 136 दिन तक चली। इसने 75 जिलों, 12 राज्यों और दो केंद्रशासित राज्यों को कवर किया। यात्रा तमिलनाडु से शुरू होकर केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब होते हुए जम्मू और कश्मीर मे खत्म हुई।

त्रिपुरा में कांग्रेस को मिली तीन सीटें

त्रिपुरा में 16 फरवरी 2023 को विधानसभा चुनाव हुए, जिसके नतीजे दो मार्च 2023 को घोषित किए गए। इस चुनाव में भाजपा को 32 सीटों पर जीत हासिल हुई थी, जबकि कांग्रेस ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की।

मेघालय विधानसभा चुनाव

मेघालय विधानसभा चुनाव 2023 के लिए मतदान 27 फरवरी को हुआ। नतीजे दो मार्च को घोषित किए गए। इस चुनाव में भी कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। उसे महज पांच सीटें ही हासिल हुई। नेशनल पीपुल्स पार्टी को 26, जबकि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी को 11 सीटों पर जीत मिली थी।

नगालैंड में नहीं खुला कांग्रेस का खाता

नगालैंड में 27 फरवरी 2023 को वोट डाले गए। इस चुनाव में कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला। नेशनल डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी ने 25, जबकि भाजपा ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की।

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज कर सत्ता में वापसी की। उसे 40 सीटों पर जीत हासिल हुई, जबकि भाजपा ने महज 25 सीटों पर जीत दर्ज की।

गुजरात में कांग्रेस की करारी हार

गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस की करारी हार हुई। उसे महज 17 सीटों से संतोष करना पड़ा। यहां भाजपा ने सत्ता बरकरार रखी। उसे 156 सीटों पर जीत हासिल हुई। 

कर्नाटक में सरकार बनाने जा रही कांग्रेस

कांग्रेस ने कर्नाटक में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है। इसका श्रेय राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को भी दिया जा रहा है। राहुल गांधी ने राज्य में 21 दिनों तक पैदल चलकर 511 किमी की दूरी तय की थी। इस यात्रा को जनता से भी अपार समर्थन हासिल हुआ। पदयात्रा राज्य में सात लोकसभा और 20 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरी थी।

कांग्रेस को मिली आने वाले चुनावों के लिए संजीवनी

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजों से कांग्रेस को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान सहित आने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को कड़ी टक्कर देने की उम्मीद है। इस साल के अंत में इन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं।