Move to Jagran APP

कांग्रेस की 5 गारंटी को जनता ने किया स्वीकार, मंत्रिमंडल गठन के पहले दिन ही शुरू करेंगे काम- मल्लिकार्जुन खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कांग्रेस की प्राथमिकता कर्नाटक के लोगों की सेवा करना है। खरगे ने कहा कि लोगों विशेषकर गरीबों महिलाओं अल्पसंख्यकों और दलितों ने कांग्रेस की पांच गारंटी को स्वीकार किया है और उनकी अपेक्षाओं के अनुसार इन्हें लागू किया जाएगा।

By AgencyEdited By: Mohd FaisalUpdated: Mon, 15 May 2023 12:59 AM (IST)
Hero Image
जनता ने कांग्रेस की भारी बहुमत से जीत सुनिश्चित की: मल्लिकार्जुन खरगे (फाइल फोटो)
नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कांग्रेस की प्राथमिकता कर्नाटक के लोगों की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ेगा कि किसने वोट दिया और किसने नहीं। कर्नाटक से रविवार दोपहर यहां लौटे खरगे ने पत्रकारों से कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में हुई जीत लोगों की जीत है।

कर्नाटक की जनता ने भाजपा को नकारा- खरगे

उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जनता ने भाजपा को नकार दिया है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से पीडि़त जनता ने कांग्रेस की भारी बहुमत से जीत सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सबसे बड़ा जनादेश मिला है और वह राज्य में स्थिर सरकार चाहती है।

कांग्रेस की पांच गारंटी को जनता किया स्वीकार- खरगे

खरगे ने कहा कि लोगों विशेषकर गरीबों, महिलाओं, अल्पसंख्यकों और दलितों ने कांग्रेस की पांच गारंटी को स्वीकार किया है और उनकी अपेक्षाओं के अनुसार इन्हें लागू किया जाएगा। हम अपने मंत्रिमंडल के गठन के पहले दिन ही पांच गारंटी पर काम शुरू कर देंगे और इन्हें लागू करेंगे।

भाजपा हजम नहीं कर पा रही जनता का फैसला- जयराम रमेश

पार्टी की जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने रविवार को ट्वीट कर आरोप लगाया कि कर्नाटक में समाज के सभी वर्गों ने कांग्रेस के पक्ष में जो निर्णायक फैसला दिया है, उसे भाजपा हजम नहीं कर पा रही है। वह नफरत फैलाने की आनलाइन फैक्टरी है और दिन-रात झूठ पर झूठ फैलाने में लगी हुई है। निस्संदेह यह प्रधानमंत्री की नफरत और ध्रुवीकरण की राजनीति से प्रेरित है।

सिद्धारमैया व शिवकुमार समर्थक अपने-अपने नेता को बता रहे भावी सीएम

पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार दोनों ही मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। दोनों ने रविवार को विधायक दल की बैठक से पहले अपने समर्थक विधायकों के साथ बैठक की। सिद्धारमैया और शिवकुमार दोनों के ही समर्थक बैनर के जरिये अपने-अपने नेता को अगला मुख्यमंत्री बता रहे हैं।