Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कर्नाटक के किंग 'सिद्धारमैया', विधायक दल की बैठक आज- पढ़ें घटनाक्रम से जुड़ी 10 बड़ी बातें

Karnataka Politics सीएम के नाम को लेकर सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार ने दिल्ली में राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी। चार दिन के इंतजार के बाद कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री के फैसले का इंतजार खत्म हो गया है। कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे आज इसकी औपचारिक घोषणा कर सकते हैं।

By Narender SanwariyaEdited By: Narender SanwariyaUpdated: Thu, 18 May 2023 06:23 AM (IST)
Hero Image
Kanataka Politics: कर्नाटक के किंग 'सिद्धारमैया', विधायक दल की बैठक आज- पढ़ें घटनाक्रम से जुड़ी 10 बड़ी बातें

नई दिल्ली, डिजिटल डेस्क। कर्नाटक चुनाव परिणाम आने के बाद चार दिन से चल रहा नाटक आज समाप्त हो गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ हुई कई बैठकों के बाद बुधवार देर रात कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो गई है। सिद्धारमैया कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री होंगे और डीके शिवकुमार उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। आज गुरुवार शाम को कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक बुलाई गई है। आइए जानते हैं इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ी 10 बड़ी बातें।

1. डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया दोनों कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी मांगों पर अड़े हुए थे, ऐसे में कांग्रेस आलाकमान ने मुख्यमंत्री पद के लिए तीसरे उम्मीदवार के नाम पर भी विचार करना शुरू कर दिया था। राज्य के कई नेताओं ने कर्नाटक के लिए आलाकमान को कुछ नए नाम भी सुझाए।

2. चार दिन के इंतजार के बाद, कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री के फैसले का इंतजार खत्म हो गया है। कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे आज इसकी औपचारिक घोषणा कर सकते हैं।

3. कांग्रेस की ओर से राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया गया है, मेल के जरिए उन्हें इसकी सूचना दी गई। इस बाबत आज राजभवन को पत्र भी भेज दिया जाएगा।

4. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कर्नाटक सरकार के गठन के लिए आम सहमति पर पहुंचने का हवाला देते हुए बताया कि सिद्धारमैया कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री होंगे और डीके शिवकुमार उनके डिप्टी होंगे। शपथ ग्रहण समारोह 20 मई को बेंगलुरु में होगा।।

5. बुधवार को वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी सीएम जी परमेश्वर सहित कांग्रेस में अन्य सीएम उम्मीदवारों ने भी इस पद के लिए खुद को बेहतर बताया है। खड़गे ने मंगलवार को राहुल गांधी, कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षकों, नव-निर्वाचित विधायकों और दो मुख्य दावेदारों शिवकुमार और सिद्धारमैया सहित पार्टी नेताओं के साथ कई बैठकें कीं थी। कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार पेट में संक्रमण के कारण सोमवार को अपनी यात्रा रद्द करने के बाद केंद्रीय नेतृत्व से मिलने मंगलवार को दिल्ली पहुंचे और उन्होंने जोर देकर कहा कि वह आलाकमान के साथ खड़े रहेंगे।

6. बुधवार को कांग्रेस सचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि वर्तमान में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा विचार-विमर्श चल रहा है। अगले 72 घंटों में कर्नाटक में नया मंत्रिमंडल होगा। उन्होंने कि भाजपा द्वारा फैलाई जा रही फर्जी सूचनाओं और अफवाहों पर ध्यान न दें। मुख्यमंत्री पद पर फैसला करने में पार्टी को करीब 10-15 दिन लगते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष नए मुख्यमंत्री का चयन करने के लिए विचार-विमर्श कर रहे हैं।

7. उन्होंने यह भी कहा कि कर्नाटक में अगली कांग्रेस सरकार राज्य के लोगों को की गई पांच गारंटियों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी द्वारा किए गए वादे के मुताबिक हम पांच गारंटियों को लागू करेंगे।

8. इससे पहले बुधवार को शिवकुमार ने राहुल गांधी से एक घंटे से अधिक समय तक मुलाकात की थी। सिद्धारमैया ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष से भी मुलाकात की। मंगलवार शाम को सिद्धारमैया और शिवकुमार ने भी खड़गे से अलग-अलग मुलाकात की थी। कांग्रेस अध्यक्ष ने अब तक कर्नाटक में नए मुख्यमंत्री के बारे में कोई घोषणा नहीं की है। हालांकि, पता चला है कि कई लोग शीर्ष पद के लिए सिद्धारमैया के पक्ष में हैं।

9. कर्नाटक में चल रही राजनीति के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार को सुप्रीम कोर्ट ने थोड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने बुधवार को सीबीआइ की उस याचिका पर सुनवाई 14 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी है, जिसमें डीके शिवकुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले की जांच पर कर्नाटक हाई कोर्ट के आदेश को चुनौती दी गई थी।

10. कांग्रेस पार्टी ने 10 मई के विधानसभा चुनाव के बाद कर्नाटक में 135 सीटें हासिल कर बड़ी जीत दर्ज की और राज्य को निर्णायक जनादेश देते हुए सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 66 सीटें जीतीं, जबकि क्षेत्रीय पार्टी, जनता दल (सेक्युलर) को 19 सीटें मिलीं।