Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

क्या होता है प्रोटेम स्पीकर का पद, कौन करता है नियुक्ति? जानें इनकी जिम्मेदारियां

Protem Speaker भाजपा सांसद भर्तृहरि महताब को 18वीं लोकसभा का प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (President Droupadi Murmu) ने की है। भर्तहरि महताब ओडिशा के कटक से सांसद हैं। वे यहां से सात बार लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। हालांकि उनकी नियुक्ति पर विवाद भी खड़ा हो गया है। आइए जानते हैं प्रोटेम स्पीकर के पद के बारे में...

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Fri, 21 Jun 2024 05:19 PM (IST)
Hero Image
कैसे होती है प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति।

ऑनलाइन डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा सांसद भर्तृहरि महताब को 18वीं लोकसभा का प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (President Droupadi Murmu) ने की है। भर्तहरि महताब ओडिशा के कटक से सांसद हैं। वे यहां से सात बार लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। हालांकि उनकी नियुक्ति पर विवाद भी खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने वरिष्ठता को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। आइए जानते हैं आखिर क्या होता है प्रोटेम स्पीकर का पद और काम?

कब होती है प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति?

नई लोकसभा के गठन होने के बाद और लोकसभा अध्यक्ष के चयन से पहले प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति की जाती है। संसदीय परंपरा के अनुसार प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति में सबसे वरिष्ठ लोकसभा सदस्य को तरजीह दी जाती है। वरिष्ठ सांसद सत्ता पक्ष या विपक्ष किसी का भी हो सकता है। इसके बाद सत्तारूढ़ दल संसदीय मामलों के मंत्रालय के जरिए प्रोटेम स्पीकर का नाम राष्ट्रपति को भेजता है।

प्रोटेम स्पीकर दिलाते हैं सांसदों को शपथ

राष्ट्रपति ही प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति करते हैं। इसके बाद प्रोटेम स्पीकर की अध्यक्षता में सभी लोकसभा सदस्य शपथ ग्रहण करते हैं। सभी सदस्यों के शपथ ग्रहण के बाद लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव होता है। बता दें कि देश में आजादी से अभी तक लोकसभा अध्यक्षों का चयन सर्वसम्मति से होता आया है। लोकसभा की पहली बैठक की अध्यक्षता प्रोटेम स्पीकर करता है।

कहां से आया प्रोटेम शब्द?

लैटिन भाषा के प्रो टैम्पोर शब्द का संक्षिप्त रूप ही प्रोटेम है। जिसका अर्थ 'कुछ समय के लिए' होता है। प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति तब तक की खातिर होती है जब तक नए लोकसभा अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हो जाती है।

प्रोटेम स्पीकर का काम

  • सभी नवनिर्वाचित सांसदों को शपथ दिलवाना।
  • लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव इन्हीं की देखरेख में होता है।