Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'बदलाव चाहती है देश की जनता', कांग्रेस कार्यसमिति ने बैठक में चुनावी तैयारी को गति देने का लिया संकल्प

कांग्रेस ने पांच राज्यों के आगामी विधानसभा चुनाव एवं 2024 के लोकसभा चुनाव में दृढ़ इरादों के साथ मैदान में उतरने का एलान करते हुए कहा है कि देश की जनता बदलाव चाहती है और पार्टी इस लड़ाई के लिए तैयार है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कांग्रेसजनों को आपसी मतभेद भुला कर्नाटक की तरह एकजुट होकर मैदान में उतरना होगा।

By Jagran NewsEdited By: Anurag GuptaUpdated: Sun, 17 Sep 2023 08:09 PM (IST)
Hero Image
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्षा सोनिया गांधी (बाएं) और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (दाएं) (फोटो: एएनआई)

संजय मिश्र, हैदराबाद: कांग्रेस ने पांच राज्यों के आगामी विधानसभा चुनाव एवं 2024 के लोकसभा चुनाव में दृढ़ इरादों के साथ मैदान में उतरने का एलान करते हुए कहा है कि देश की जनता बदलाव चाहती है और पार्टी इस लड़ाई के लिए तैयार है।

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने चुनावी कामयाबी के साथ केंद्र में वैकल्पिक सरकार बनाने के लिए पार्टी में अनुशासन पर जोर देते हुए कहा है कि तानाशाही शासन को परास्त कर लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेसजनों को आपसी मतभेद भुला कर्नाटक की तरह एकजुट होकर मैदान में उतरना होगा। पार्टी में एकता को उच्च प्राथमिकता देने का संदेश देने के लिए कांग्रेस कार्यसमिति की विस्तारित बैठक के दौरान पार्टी नेताओं को एकता की शपथ भी दिलाई गई।

यह भी पढ़ें: 'ये आराम से बैठने का समय नहीं', CWC बैठक में मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने बताया 2024 का मास्टर प्लान

दूसरे दिन बैठक में पारित संक्षिप्त प्रस्ताव में विश्वास व्यक्त किया गया कि पार्टी संगठन अप्रैल-मई 2024 में होने लोकसभा चुनाव की लड़ाई के लिए पूरी तरह से तैयार है। कार्यसमिति ने विश्वास जताया कि पांच राज्यों छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मिजोरम, राजस्थान और तेलंगाना में भी कांग्रेस को निर्णायक जनादेश मिलेगा।

क्या कुछ बोले मल्लिकार्जुन खरगे?

खरगे ने रविवार की बैठक के अपने शुरुआती और समापन दोनों संबोधनों में कहा कि जनता केंद्र की भाजपा सरकार के विकल्प की ओर देख रही है। उन्होंने कहा कि पार्टीजनों को दिन-रात मेहनत करनी होगी। जीत के लिए अनुशासन और एकता को अपरिहार्य जरूरत बताते हुए खरगे ने कहा,

अपने अहम या वाहवाही के लिए नेताओं को ऐसा कुछ नहीं करना चाहिए जिससे पार्टी का नुकसान हो जाए। कर्नाटक में एकजुटता का नतीजा जीत के रूप में सबके सामने है।

कांग्रेस ने शुरू कीं चुनावी तैयारियां

उन्होंने कहा कि राज्यों के साथ लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी है और पिछले दो महीनों में 20 राज्यों के नेताओं के साथ रणनीति बैठकें हो चुकी हैं। राज्यों और लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिए खरगे ने कांग्रेस की राज्य सरकारों के अच्छे कामों का प्रचार करने के साथ केंद्र सरकार के उनके कामों में अड़ंगेबाजी को भी जनता के सामने लाने की बात कही। उन्होंने वोटर के साथ लगातार संपर्क में रहने और उनके सवालों का जवाब देने के साथ विरोधियों द्वारा फैलायी जा रही झूठ की तुरंत काट करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जनता के मूलभूत मुद्दों से भटकाने के लिए नए-नए मसले लाकर ध्यान बंटाने की राजनीति करती है। आइएनडीआइए गठबंधन की मुंबई बैठक के दौरान एक देश-एक चुनाव पर सारी परंपराओं को तोड़कर अपने एजेंडे के लिए पूर्व राष्ट्रपति की अगुआई में बनाई गई कमेटी इसका एक उदाहरण है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा,

मोदी सरकार लोकतंत्र और संविधान पर वार करते हुए तानाशाही तरीके से शासन कर रही है। इसलिए हम हैदराबाद से यही संकल्प लेकर जाएंगे कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के साथ 2024 लोकसभा में जीत हासिल कर जनता को उसकी परेशानियों से निजात दिलाएंगे।

कार्यसमिति की विस्तारित बैठक में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और सभी सदस्यों के साथ कांग्रेस के सभी प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता मौजूद थे।

सीट बंटवारे के दौरान राज्य इकाइयों को भरोसे में लेगी कांग्रेस

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के दौरान प्रदेश नेताओं ने संगठन से लेकर आइएनडीआइए के रूप में विपक्ष के नए गठबंधन से जुड़े मसलों पर भी चर्चा की जिसमें सीटों के तालमेल का मुद्दा भी था। इस पर पार्टी नेतृत्व ने कहा कि सीट बंटवारे पर राज्यवार चर्चा आगे बढ़ेगी तो संबंधित राज्य इकाइयों को पूरी तरह भरोसे में लेते हुए उनके सवालों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: संंसद के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस की पीएम से खास मांग, कहा- महिला आरक्षण बिल पास करे मोदी सरकार

खरगे ने राज्य इकाइयों को दिए यह विशेष निर्देश

  • सबसे पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला और ब्लाक कमेटी का गठन पूरा करें। कोई दिक्कत है तो संगठन महासचिव या सीधे उनसे मिलिए, हम मिलकर उसे सुलझाएंगे।
  • संगठन की तत्परता राज्यों के साथ लोकसभा चुनाव तक बनाए रखनी है।
  • 18 से 25 वर्ष के मतदाताओं तक पार्टी को पहुंचना होगा। अपनी विचारधारा, इतिहास और अपने काम के बारे में बताना होगा।
  • पार्टी में युवा वक्ताओं की फौज तैयार करना जरूरी है जो कांग्रेस की विचारधारा को युवाओं तक पहुंचाए।
  • अपने-अपने इलाके के वोटरलिस्ट की छानबीन करना बहुत जरूरी है। कांग्रेस के संगठन महासचिव इस बारे में समीक्षा बैठक बुलाएं।
  • आने वाले दिनों में बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर के विस्तृत कार्यक्रम पार्टी देगी, जिसे लोगों तक ले जाना है। कांग्रेस के सभी नेताओं को इसमें शामिल करना है।