Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'सेना भी सुरक्षित नहीं, आम जनता का क्या होगा' Mhow सामूहिक दुष्कर्म मामले पर फूटा राहुल-प्रियंका का गुस्सा

महू स्थित छावनी इलाके में दो प्रशिक्षु सैन्य अधिकारियों (कैप्टन) को बंधक बनाया गया। वहीं एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पूर्व सीएम कमलनाथ और प्रियंका गांधी ने चिंता जाहिर की। इन नेताओं ने पोस्ट लिखकर मोहन यादव सरकार पर निशाना साधा है। वहीं महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है।

By Jagran News Edited By: Piyush Kumar Updated: Thu, 12 Sep 2024 03:25 PM (IST)
Hero Image
महू में दो युवती के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म मामले पर कांग्रेस ने मोहन सरकार पर साधा निशाना।(फोटो सोर्स: जागरण)

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के महू में दो प्रशिक्षु सैन्य अधिकारी(कैप्टन) सहित दो युवतियों के साथ हुए अपराध को लेकर कांग्रेस ने मोहन यादव सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस के पूर्व सांसद राहुल गांधी ने इस मामले पर चिंता जाहिर करते हुए मोहन सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने एक्स पर लिखा,"मध्य प्रदेश में सेना के दो जवानों के साथ हिंसा और उनकी महिला साथी के साथ दुष्कर्म पूरे समाज को शर्मसार करने के लिए काफी है। भाजपा शासित राज्यों की कानून व्यवस्था लगभग अस्तित्वहीन है - और, महिलाओं के खिलाफ़ दिन प्रतिदिन बढ़ते अपराधों पर भाजपा सरकार का नकारात्मक रवैया अत्यंत चिंताजनक।"

राहुल गांधी ने आगे लिखा,"अपराधियों की ये निर्भीकता प्रशासन की पूर्ण नाकामी का परिणाम है और इस कारण देश में पनपता असुरक्षित वातावरण भारत की बेटियों की स्वतंत्रता, उनकी आकांक्षाओं पर बंदिश है। समाज और सरकार दोनों शर्मिंदा हों और गंभीरता से विचार करें - देश की आधी आबादी की रक्षा की जिम्मेदारी से कब तक आंख चुराएंगे!"

राज्य के लोग अपराधियों से त्रस्त: कमलनाथ

वहीं, कांग्रेस के पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी इस घटना पर एमपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर लिखा,"मध्य प्रदेश में क़ानून व्यवस्था पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। यहाँ सेना के अधिकारी तक सुरक्षित नहीं हैं।सेना के प्रशिक्षु अधिकारी को बंधक बनाना और महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया है। अपराधी पूरी तरह निरंकुश हैं और प्रदेश की जनता त्रस्त है। मुख्यमंत्री मोहन यादव जी आप ही गृह मंत्री भी हैं, आपके राज में अगर सेना तक असुरक्षित हो गई है तो प्रदेश की आम जनता का क्या होगा?"

महिला सुरक्षा को लेकर प्रियंका गांधी ने उठाए सवाल 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा,"मध्य प्रदेश में सेना के अधिकारियों को बंधक महिला ग्रुप से और उत्तर प्रदेश में हाईवे पर एक महिला का शव मिलने की घटनाएं दिल दहलाने वाली हैं। देश में हर दिन 86 महिलाओं से बलात्कार और क्रूरता का शिकार हो रही हैं। घर से लेकर बाहर तक, सड़क से लेकर बाहर तक, महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं।

उन्होंने आगे लिखा,"देश की आधी आबादी सिर्फ असुरक्षित है, बल्कि ऐसी जड़ी-बूटियों की वजह से हर दिन करोड़ों महिलाएं टूट जाती हैं। महिला सुरक्षा को लेकर प्रधानमंत्री जी बड़ी-बड़ी बातें तो करते हैं लेकिन देश भर की महिलाएं अब भी सुरक्षा के लिए एक गंभीर प्रयास का इंतजार कर रही हैं। यह इंतजार आखिर कब खत्म होगा?''

पढ़ें पूरा मामला

महू में ट्रेनिंग लेने के लिए आए अधिकारी कौशल सिंह निवासी बरेली (उप्र) दो युवतियों के साथ घूमने के लिए जाम गेट पर गए थे। इन्होंने घूमने के लिए किराए की कार ली थी। ये लोग फायरिंग रेंज के करीब खड़े होकर बात कर रहे थे, इसी दौरान वहां 6 बदमाश आ गए। बदमाशों ने एक अधिकारी और युवती से कहा कि वो 10 लाख रुपये लेकर आएं। बाकी दोनों को बंधक बना लिया। इसके बाद बंधक युवती और अधिकारी को अलग-अलग ले गए।

इसके बाद युवती के साथ बदमाशों ने सामूहिक दुष्कर्म (Mhow Gang Rape) किया। बदमाशों ने जिस ट्रेनिंग अधिकारी को छोड़ा था, उसने जाकर पूरी जानकारी पुलिस को बताई। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को आते देख बदमाश फरार हो गए। घटना से बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, चार आरोपियों की तलाश जारी है।

यह भी पढ़ें: Mhow Gang Rape: दो ट्रेनी सैन्य अफसरों को बंधक बनाकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस की आठ टीम