Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Parliament Monsoon Session 2022: मानसून सत्र का आखिरी हफ्ता भी हंगामेदार रहने के आसार, महंगाई पर केंद्र सरकार को घेरेगा विपक्ष

Parliament Monsoon Session 2022 संसद के मानसून सत्र के आखिरी सप्ताह में सदन में कई मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद है। हालांकि मानसून सत्र का आखिरी सप्ताह होने के कारण सदन के दोनों सदनों में विपक्ष का हंगामा देखने को मिल सकता है।

By Mohd FaisalEdited By: Updated: Mon, 08 Aug 2022 10:42 AM (IST)
Hero Image
Parliament Monsoon Session 2022: मानसून सत्र के आखिरी सप्ताह में भी सदन में हो सकता है हंगामा (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। Parliament Monsoon Session 2022- संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही 12 अगस्त तक चलेगी। मानसून सत्र के आखिरी सप्ताह के दौरान विपक्षी सांसदों के हंगामे के आसार है। हालांकि, इस बीच संसद के मानसून सत्र के दौरान लोकसभा अध्यक्ष स्पीकर ओम बिरला ने कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी। ओम बिरला ने कहा कि मैं इस सदन की ओर से सभी पदक विजेताओं को हार्दिक बधाई देता हूं। मैं अन्य सभी एथलीटों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए भी शुभकामनाएं देता हूं। हमें विश्वास है कि हमारे एथलीटों की सफलता देश के युवा और युवा एथलीटों को प्रोत्साहित और प्रेरित करेगी।

भारतीय खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन- ओम बिरला

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बताया कि मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि भारतीय दल ने बर्मिंघम Commonwealth Games 2022 में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। भारत ने अब तक 55 पदक के साथ इतिहास रचते हुए 18 स्वर्ण, 15 रजत और 22 कांस्य पदक जीते हैं।

सांसदों ने दिया नोटिस

  • कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने लोकसभा में बेरोजगारी पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया।
  • आप सांसद संजय सिंह ने अर्धसैनिक बलों में जवानों को समान सुविधाएं और शहीद का दर्जा देने पर चर्चा के लिए नियम 267 के तहत कार्य निलंबन नोटिस दिया।

बिजली संशोधन विधेयक पेश होने की संभावना

हालांकि, संसद के मानसून सत्र के आखिरी सप्ताह में सदन में कई मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, देश के बिजली क्षेत्र में बड़े सुधार करने की मंशा के साथ केंद्र सरकार सोमवार को बिजली संशोधन विधेयक, 2022 लोकसभा में पेश कर सकती हैं। इससे बिजली सेक्टर में निजी क्षेत्र की हिस्सेदारी को और बढ़ाने का रास्ता खुल सकता है। हालांकि, सरकार की तरफ से उक्त संशोधन विधेयक पेश करने के संकेत दिए जाने के बाद से ही देशभर में इसके विरोध की घोषणा की गई है।

विपक्ष आज भी कर सकता है हंगामा

18 जुलाई से शुरू हुए संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही एक भी दिन सुचारू रूप से नहीं चल पाई है। विपक्षी दलों ने सदन में महंगाई व GST वृद्धि समेत तमाम मुद्दों को लेकर हंगामा किया है। इस दौरान सदन की कार्यवाही को बार-बार स्थगित करना पड़ा है। हालांकि, सरकार की ओर से महंगाई के मुद्दे पर सदन में चर्चा भी हुई है। लेकिन विपक्ष, सरकार के जवाब से सहमत नहीं हुआ है। इस बीच आशंका जताई जा रही है कि मानसून सत्र का आखिरी सप्ताह होने के कारण आज भी हंगामा हो सकता है।

संसद में पेश हुआ था OTT रेगुलेटरी अथॉरिटी बिल

इससे पहले भाजपा के सांसद मनोज कोटक ने संसद में पिछले सप्ताह एक निजी मेंबर बिल पेश किया थाl इसके माध्यम से वह टीवी पर दिखाए जाने वाले वल्गर, हिंसात्मक और अभद्र कंटेंट पर रोक लगाने की मांग की हैंl