Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'एक पैर रेल में होता है और दूसरा जेल में', भाजपा के सदस्यता अभियान में पीएम मोदी ने सुनाया पुराना किस्सा

BJP Membership Campaign भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अपना राष्ट्रीय सदस्यता अभियान शुरू कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने अभियान को हरी झंडी दिखाई और पार्टी के पहले सदस्य बने। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने पार्टी से जुड़े कई पुराने किस्सों को साझा किया। उन्होंने बताया कि कभी वह भी दीवारों पर कमल पेंट किया करते थे।

By Jagran News Edited By: Sachin Pandey Updated: Mon, 02 Sep 2024 06:42 PM (IST)
Hero Image
पीएम मोदी ने की भाजपा के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान की शुरूआत। (File Photo)

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान की शुरुआत की। इस दौरान वह पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले पहले सदस्य बने। भाजपा ने इस सदस्यता अभियान को "संगठन पर्व - सदस्यता अभियान 2004" नाम दिया गया है।

इसके तहत विभिन्न माध्यमों द्वारा पार्टी की सदस्यता दिलाई जा रही है। सदस्यता अभियान के शुभारंभ के अवसर पर पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, 'आज सदस्यता अभियान का एक और दौर प्रारंभ हो रहा है। भारतीय जनसंघ से लेकर अब तक हमने देश में एक नई राजनीतिक संस्कृति लाने का भरसक प्रयास किया है।'

लोकतंत्र का पालन करने वाली BJP एकमात्र पार्टी: PM

पीएम मोदी ने कहा, 'जब तक जिस संगठन के माध्यम से या जिस राजनीतिक दल के माध्यम से देश की जनता सत्ता सुपुर्द करती है, वो ईकाई, वो संगठन और वो दल अगर लोकतांत्रिक मूल्यों को नहीं जीता है, आंतरिक लोकतंत्र निरंतर उसमें पनपता नहीं है तो वैसी स्थिति बनती है, जो आज देश कई दलों को हम देख रहे हैं।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा एक मात्र दल है, जो अपनी पार्टी के संविधान के अनुसार अक्षरश: लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए अपने कार्य का विस्तार कर रहा है और जन-सामान्य की आशा, आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए अपने आप को निरंतर योग्य बनाते रहता है।

'दीवारों पर पेंट करते थे कमल'

उन्होंने पुराना किस्सा सुनाते हुए बताया, 'मैं जब राजनीति में नहीं था तो जनसंघ के जमाने में बढ़े उत्साह के साथ कार्यकर्ता दीवारों पर दीपक पेंट करते थे। तब कई राजनीतिक दल के नेता अपने भाषणों में मजाक उड़ाते थे कि दीवारों पर दीपक पेंट करने से सत्ता के गलियारों तक नहीं पहुंचा जा सकता है। हम वो लोग हैं, जिन्होंने श्रद्धा से दीवारों पर कमल पेंट किया, क्योंकि विश्वास था कि दीवारों पर पेंट किया कमल कभी न कभी तो दिलों पर भी पेंट हो जाएगा।'

— BJP (@BJP4India) September 2, 2024

'एक पैर रेल में तो दूसरा जेल में'

पीएम मोदी ने कहा, 'आज भी कुछ राज्यों में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उसी जीवन को जीते हैं और अपने आदर्शों के लिए जूझते हैं। हमारे कार्यकर्ताओं के लिए कहा जाता था कि उसका एक पैर रेल में होता है और दूसरा जेल में होता है। रेल में इसलिए कि भाजपा का कार्यकर्ता निरंतर भ्रमण करता था, प्रवास करता था और समाज की समस्याओं के समाधान के लिए सत्ता पर बैठे हुए लोगों के सामने संघर्ष करता था। इसलिए कभी जेल तो कभी बाहर। ये उसकी स्थिति होती थी।'