Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

PM Narendra Modi Birthday 2022: प्रधानमंत्री मोदी ने लिए हैं कई अहम फैसले जिससे देश में हुए बड़े बदलाव

Top Big Decisions प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपना 72वां जन्मदिन मना रहे हैं। देश के 14वें प्रधानमंत्री के तौर पर उन्होंने जब से सत्ता संभाली जब से ही देश को नया रंग रूप देने में जुट गए हैं। इसकी बेहतरी के लिए अनेकों अहम फैसले लिए।

By Monika MinalEdited By: Updated: Fri, 16 Sep 2022 06:30 PM (IST)
Hero Image
प्रधानमंत्री मोदी ने लिए हैं कई अहम फैसले जो देश को नया रंग रूप देने का है एक प्रयास

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। PM Narendra Modi Birthday 2022: भारत के 14वें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आकर्षक व्यक्तित्व को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। चाहे वह डिजिटल इंडिया हो, स्वच्छता अभियान या फिर पाकिस्तान के हमलों का जवाब। सत्ता में आने के बाद से उन्होंने कई अहम फैसले लिए। जिससे देश में बेहऐतिहासिक हैं। प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को अपना 72वां जन्मदिन मना रहे हैं। 2001 से 2014 तक उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री पद का कमान भी अपने हाथों में संभाल कर रखा। कई ऐतिहासिक फैसलों के साथ प्रधानमंत्री मोदी लगातार देश को नया रंग रूप देने की कोशिश में लगे रहते हैं।

स्वच्छ भारत अभियान की पहल

भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए सफाई अभियानों में से एक 'स्वच्छ भारत अभियान (Clean India Mission)' है। देशव्यापी अभियान के तौर पर इस मिशन की शुरुआत साल 2014 में हुई थी। इसका मकसद खुले में शौच जैसी बुरी आदतों को जड़ से मिटाना और कचरा प्रबंधन को लेकर एक सिस्टम विकसित करना था। इसकी शुरुआत आधिकारिक तौर पर 2 अक्टूबर, 2014 को गांधी जयंती के मौके पर की गई थी। इसके लिए प्रधानमंत्री ने ग्रामीण इलाकों में शौचालय के निर्माण की शुरुआत की।

बालाकोट हवाई हमला

26 फरवरी 2019 की अलसुबह भारत ने बालाकोट हवाई हमले को अंजाम दिया था। भारत की वायुसेना ने पाकिस्‍तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकानों पर हवाई हमला किया था और इसमें अनेक आतंकी ढेर हुए थे। इस हमले में लंबी दूरी के एक अभ्यास ठिकाने को ध्वस्त किया। इस हमले की खास बात यह रही कि इसे स्क्वाड्रन के उन्हीं सदस्यों ने अंजाम दिया, जिन्होंने असल में पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकियों के लांच पैड पर हवाई हमला किया था। इससे हमले से 12 दिन पहले पाकिस्तान ने कश्मीर के पुलवामा में CRPF के काफिले पर आत्मघाती हमला किया था जिसमें 40 से अधिक जवान बलिदान हो गए थे।

2019 में अनुच्छेद 370 हुआ था निरस्त

5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 और 35(A) को निरस्त कर दिया गया जिससे जम्मू कश्मीर को विदेश दर्जा हासिल था। अनुच्छेद 370 के तहत, अन्य राज्यों के नागरिक जम्मू-कश्मीर में संपत्ति नहीं खरीद सकते थे, केंद्र को राज्य में वित्तीय आपातकाल घोषित करने की कोई शक्ति नहीं थी। इसके हटने के बाद जम्मू-कश्मीर दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित हो गया- जम्मू-कश्मीर और लद्दाख।

नागरिकता संशोधन अधिनियम

10 जनवरी, 2020 को नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) लागू किया गया। यह अधिनियम भारत के पड़ोसी देश में आए गैर-मुस्लिम लोगों प्रवासियों को नागरिकता देता है। हालांकि इस अधिनियम के लागू होने पर मुस्लिम कम्युनिटी में कई तरह भ्रम भी फैले। जैसे- उन्हें देश से बाहर निकाल दिया जाएगा. जबकि अधिनियम में ऐसा कुछ भी नहीं था।

देश में GST की हुई थी शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार ने भारत में GST (गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स) की शुरुआत की। इसका मकसद अलग-अलग किस्म के टैक्स के बदले एक ही टैक्स को लागू करना है। प्रधानमंत्री मोदी के इस फैसले से राज्यों और केंद्र के बीच काफी तनाव का माहौल रहा।

अयोध्या विवाद में अहम फैसला

अयोध्या विवाद पर प्रधानमंत्री मोदी ने विराम लगा दिया। सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या में विवादित स्थल पर राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया और केंद्र से कहा कि मस्जिद निर्माण के लिए सुन्नी वक्फ बोर्ड को पांच एकड़ का भूखंड आवंटित कर दें।

कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई

महामारी की चपेट से निकलने और इसका सामना करने में प्रधानमंत्री की अगुवाई में देश ने कामयाबी हासिल की। टेस्टिंग, वैक्सीनेशन समेत तमाम क्षेत्रों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सफल रहा।

ऐतिहासिक फैसला 'नोटबंदी'

नोटबंदी जैसा फैसला किसी की कल्पना भी नहीं रही होगी। लेकिन काले धन पर रोक लगाने के क्रम में प्रधानमंत्री ने यह अहम फैसला लिया। 2016 के नवंबर में अचानक आए इस फैसले ने देश में भ्रष्टाचारियों के बीच उथल-पुथल मचा दिया।