Move to Jagran APP

Lal Diary Controversy: गहलोत सरकार के लिए बोफोर्स घोटाले जैसी साबित हो सकती लाल डायरी- भाजपा

राजस्थान की राजनीति में चर्चा का केंद्र बनी लाल डायरी के सहारे भाजपा गहलोत सरकार को घेरने का प्रयास कर रही है। भाजपा प्रवक्ता डा. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि यह भाजपा के आरोप नहीं हैं बल्कि सरकार के मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने विधानसभा सदन के पटल पर यह विषय उठाया है। इसी तरह बोफोर्स घोटाले को लेकर राजीव गांधी सरकार के मंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह ने आरोप लगाए थे।

By Jagran NewsEdited By: Anurag GuptaUpdated: Thu, 03 Aug 2023 08:37 PM (IST)
Hero Image
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुंधाशु त्रिवेदी (फाइल फोटो)
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। राजस्थान की राजनीति में चर्चा का केंद्र बनी 'लाल डायरी' के सहारे भाजपा वहां की गहलोत सरकार को घेरने का प्रयास कर रही है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डा. सुधांशु त्रिवेदी ने इस डायरी को राजस्थान के लिए काला अध्याय बताते हुए कहा कि लाल डायरी में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के काले कारनामे सामने आ रहे हैं।

क्या कुछ बोले सुधांशु त्रिवेदी?

उन्होंने कहा,

यह भाजपा के आरोप नहीं हैं, बल्कि सरकार के मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने विधानसभा सदन के पटल पर यह विषय उठाया है। इसी तरह बोफोर्स घोटाले को लेकर राजीव गांधी सरकार के मंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह ने आरोप लगाए थे। भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि गहलोत सरकार के लिए यह मामला बोफोर्स घोटाले जैसा ही साबित होगा।

सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि अभी लाल डायरी के कुछ अंश सामने आए हैं, जिसमें कांग्रेस के अंदर और कांग्रेस सरकार के द्वारा राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन और इस ढंग की चीजों के साथ पैसे के लेन-देन की बातें सामने आ रही हैं।

गहलोत सरकार पर बरसे भाजपा प्रवक्ता

उन्होंने कहा कि यह विषय राजस्थान सरकार के मंत्री ने सदन के पटल पर उठाया है। इससे अधिक प्रामाणिकता राजस्थान सरकार के भ्रष्टाचार की नहीं हो सकती। चूंकि यह घटना मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़ी है, इसलिए कांग्रेस नेताओं को इस घटना के बाद शर्म से लाल हो जाना चाहिए, लेकिन अफसोस है कि निर्लज्जता के साथ राज्य सरकार इन चीजों को नजरअंदाज कर रही है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा,

लाल डायरी की लाली चारों तरफ ऐसे ही नजर आएगी, जिसमें मुख्यमंत्री के लाल भी शामिल हैं। उन्होंने राजस्थान के अलवर और भीलवाड़ा में हुई दुष्कर्म व हत्या की घटनाओं का भी उल्लेख भी किया।

हरियाणा की हिंसा बड़े षड्यंत्र का हिस्सा

भाजपा प्रवक्ता ने एक प्रश्न पर कहा कि हरियाणा में कांग्रेस विधायक ने सदन के पटल पर उकसावे का बयान दिया। उनका फेसबुक पोस्ट हिंसा को उकसाने वाला है। यह हिंसा शक पैदा करती है कि यह बड़े षड्यंत्र का हिस्सा थी, जो जांच के बाद सामने आएगा।

उन्होंने कहा कि दिसंबर 2019 में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि सड़क पर उतरो और आरपार की लड़ाई लड़ो। कांग्रेस विधायक शायद उसी को आगे बढ़ा रहे हैं, इसलिए हरियाणा की हिंसा कांग्रेस के ऊपर बड़ा प्रश्न चिन्ह लगा रही है।