Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

निजी क्षेत्रों में भी आरक्षण के लिए जल्द प्रभावी पहल करेगा RJD, जातिगत जनगणना के लिए लड़ेगी लालू की पार्टी

दिल्ली में राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लालू प्रसाद यादव ने 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों के तहत आरक्षण अपने आधार वोट बैंक की रक्षा एवं भाजपा विरोधी दलों की राष्ट्रीय स्तर पर एकजुटता पर जोर दिया है।

By Jagran NewsEdited By: Krishna Bihari SinghUpdated: Sun, 09 Oct 2022 09:09 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली में राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लालू प्रसाद यादव ने एकजुटता पर जोर दिया है।

अरविंद शर्मा, नई दिल्ली। दिल्ली में राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लालू प्रसाद यादव ने 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों के तहत आरक्षण, अपने आधार वोट बैंक की रक्षा एवं भाजपा विरोधी दलों की राष्ट्रीय स्तर पर एकजुटता पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि हम बड़े लक्ष्य को लेकर निकले हैं, छोटे मामलों में नहीं उलझेंगे। जदयू के साथ गठबंधन से असहमत राजद नेताओं को लालू ने साफ कर दिया कि बिहार में नीतीश कुमार के साथ गठबंधन नहीं टूटेगा।

नरेन्‍द्र मोदी के विकल्‍प की हो रही तलाश 

राष्ट्रीय स्तर पर नरेन्द्र मोदी का विकल्प तलाशा जा रहा है। राजद ने अपने राजनीतिक प्रस्ताव में निजी क्षेत्रों में भी आरक्षण का समर्थन किया और कहा कि इसके लिए जल्द ही राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी कदम उठाया जाएगा। बिहार से बाहर दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन हाल में पहली बार राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह की अनुपस्थिति ने बिहार राजद में नेतृत्व परिवर्तन का संकेत किया है।

आधार वोट को बचाने पर फोकस

बैठक के बाद राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज कुमार झा, अब्दुल बारी सिद्दीकी एवं जयप्रकाश नारायण यादव ने मीडिया को बताया कि भाजपा के विरुद्ध साझा कार्यक्रम की पहल हो चुकी है। कार्यकारिणी में देश-प्रदेश स्तर पर भाजपा के विरुद्ध संघर्ष के लिए राजद का सबसे ज्यादा जोर अपने आधार वोट को बचाते हुए आरएसएस की विचारधारा के खिलाफ लड़ाई जारी रखने पर दिया गया।

तीन दशक पुराने रास्ते पर लौटने के दिए संकेत

लालू ने धर्म-संस्कृति के बहाने आरएसएस, विहिप और बजरंग दल को खतरनाक बताया और कहा कि हम साझा संस्कृति के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। लालू ने कार्यकर्ताओं को सामाजिक समरसता और समानता के लिए आगे आने की अपील की। राजद ने तीन दशक पुराने रास्ते पर लौटने का संकेत करते हुए स्पष्ट किया कि आर्थिक रूप से वंचित लोगों का जब तक राजनीतिक सशक्तिकरण नहीं होगा, तबतक शोषण से मुक्ति नहीं मिलेगी।

महिलाओं को भी एजेंडे में जगह

भाजपा का अनुकरण करते हुए राजद ने इस बार महिलाओं को भी एजेंडे में जगह दी। कहा गया कि दलित-पिछड़ी जातियों एवं अल्पसंख्यकों में सबसे ज्यादा शोषित महिलाएं हैं। इन्हें आगे लाना होगा। बिहार में राज्य सरकार के स्तर पर कराए जा रहे जातिगत जनगणना को राजद राष्ट्रीय स्वरूप देने के पक्ष में है। बैठक में कहा गया कि बिहार के बाद पूरे देश में जातिगत जनगणना के लिए संघर्ष किया जाएगा।

भाजपा पर इतिहास बदलने का आरोप लगाया

केंद्र सरकार के अमृत महोत्सव को निशाने पर लेते हुए राजद ने भाजपा पर इतिहास बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब भारत को नया भारत कहा जा रहा है, जिसका इतिहास 2014 से शुरू होता है। आजादी की लड़ाई में जिनका कोई योगदान नहीं है, वे अमृत महोत्सव के बहाने नया इतिहास लिखवा रहे हैं।

70 हजार युवाओं को नौकरी देने का हो सकता है एलान

भाजपा के इस प्रयास का राजद पुरजोर विरोध करेगा। बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि अगली कैबिनेट की बैठक में छह लाख 70 हजार युवाओं को नौकरी देने की घोषणा कर दी जाएगी। राज्य सरकार ने अपने स्तर से तैयारी कर ली है। जल्द ही 20 लाख नौकरियों और रोजगार का वादा भी पूरा किया जाएगा।  

यह भी पढ़ें- दिल्‍ली में RJD कार्यकारिणी की बैठक में लालू के लाल तेज प्रताप से गाली-गलौज, तनाव में बेहोश हुए श्‍याम रजक

यह भी पढ़ें- लालू के भ्रष्टाचार पर नीतीश कुमार ने मूंद ली हैं आंखें, 2017 वाला वाकया भूल गए क्याः रविशंकर प्रसाद