Move to Jagran APP

यूपी में कांग्रेस को भाव नहीं, महाराष्ट्र में अकेले चुनाव लड़ेगी सपा? दो दिवसीय दौरे पर मुंबई पहुंच रहे अखिलेश यादव

Maharashtra Assembly Election हरियाणा विधानसभा चुनाव में हार से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। यूपी में होने वाले विधानसभा के उपचुनाव के लिए सपा के साथ सीटों को लेकर उसकी बातचीत अभी तक नहीं बन पाई है। उधर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने महाराष्ट्र में 12 सीटों की मांग कर दी है। अखिलेश शुक्रवार को महाराष्ट्र पहुंच रहे हैं।

By Jagran News Edited By: Manish Negi Updated: Thu, 17 Oct 2024 08:12 PM (IST)
Hero Image
महाराष्ट्र में क्या अकेले चुनाव लड़ेगी सपा (फाइल फोटो)

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। आईएनडीआईए के रूप में विपक्षी एकजुटता ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत तक पहुंचने से भले ही रोक लिया हो, लेकिन अब राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनावों में विपक्षी गठबंधन के दलों में खींचतान बरकरार है।

महाराष्ट्र पहुंच रहे अखिलेश

हरियाणा में जीत को लेकर अतिविश्वास में डूबी रही कांग्रेस ने सपा का हाथ झटक दिया तो अब हरियाणा में हारी कांग्रेस को सपा ज्यादा भाव देने के मूड में नहीं है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस तीसरी सीट के रूप में मीरापुर की मांग कर रही थी, लेकिन गुरुवार को उस पर भी प्रत्याशी घोषित कर सपा ने सीधा संदेश दे दिया। उधर, 12 सीटों पर दावेदारी के साथ महा आघाड़ी पर दबाव बनाने के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव शुक्रवार को महाराष्ट्र पहुंच रहे हैं।

सपा-कांग्रेस में फंसा सीट बंटवारे का पेंच

उत्तर प्रदेश में दस में से नौ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा हो चुकी है, लेकिन सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे का पेंच फंसा ही हुआ है। यह चर्चा तो आम है कि सपा की ओर से कांग्रेस को गाजियाबाद और खैर सीट पर लड़ने का प्रस्ताव दिया गया है, लेकिन सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस पांच सीटें चाहती है।

हरियाणा में हार के बाद कांग्रेस ने कम की सीटें

हरियाणा चुनाव परिणाम से पहले कांग्रेस इससे कम पर तैयार नहीं थी, लेकिन हरियाणा में मिली हार के बाद कांग्रेस की आस उत्तर प्रदेश में तीन सीटों पर सिमट गई। बताया गया है कि हाल ही में दोनों दलों के प्रदेश स्तरीय नेताओं की बैठक में कांग्रेस की ओर से मीरापुर सीट के लिए दावा किया गया, लेकिन सपा नेताओं ने हाईकमान से चर्चा की बात कहकर बैठक को बेनतीजा छोड़ दिया था, लेकिन गुरुवार को मीरापुर पर भी सपा ने प्रत्याशी की घोषणा कर कांग्रेस को सख्त संदेश दे दिया।

महाराष्ट्र में अकेले लड़ सकती है सपा

इसी बीच, महाराष्ट्र चुनाव को लेकर भी मन टटोलना चाहा। कांग्रेस के कुछ नेताओं का प्रस्ताव था कि यूपी में सपा बड़ा दिल दिखाए और कांग्रेस के लिए कुछ और सीटें छोड़े तो महाराष्ट्र में कांग्रेस अपने हिस्से की दो सीटें सपा के लिए छोड़ते हुए बाकी दो और सीटों के लिए महाअघाड़ी के अन्य घटक दलों से बात करेगी। सूत्रों के अनुसार, सपा इस पर तैयार नहीं है। वह 12 सीटों पर लड़ने का मन बनाए हुए है, क्योंकि 2014 के चुनाव में सपा के चार तो 2019 के विधानसभा चुनाव में अकेले लड़ने पर भी उसके दो प्रत्याशी जीते थे। महाराष्ट्र के सपा नेताओं ने महाअघाड़ी को इसका संदेश दे भी दिया है। इशारा है कि सपा फिर अकेले ताल ठोंक सकती है। हालांकि, इस पर अंतिम निर्णय अखिलेश यादव के 18-19 अक्टूबर के महाराष्ट्र दौरे के बाद लिया जाएगा।