Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Punjab News: तरनतारन में कांग्रेस की सियासत पड़ी ठंडी, आम आदमी पार्टी लगातार सक्रिय

आम आदमी पार्टी के विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल के नेतृत्व में तरनतारन हलके में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। वहीं विपक्षी दल कांग्रेस की राजनीति ठंडी पड़ी हुई है। कांग्रेस पार्टी अभी तक विधानसभा हलका तरनतारन के लिए अपना कोई प्रभारी नियुक्त नहीं कर पाई है जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में मायूसी है। दूसरी ओर आप पार्टी लगातार सक्रिय है।

By DHARAMBIR SINGH MALHAR Edited By: Himani Sharma Updated: Sat, 24 Aug 2024 03:57 PM (IST)
Hero Image
विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल की टीम लगातार सरगर्म (फाइल फोटो)

धर्मबीर सिंह मल्हार, तरनतारन। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में हलका इंचार्ज डॉ. कश्मीर सिंह सोहल द्वारा हलके के विकास के लिए जहां दिन-रात एक किया जा रहा है। वहीं विपक्षी पार्टी की भूमिका निभाने वाली कांग्रेस पार्टी की सियासत ठंडी पड़ी है।

विधायक सोहल द्वारा पंचायती चुनाव के मद्देनजर गांव-गांव में विकास कार्य तेज करवाए जा रहे हैं। वहीं सत्तारुड़ पार्टी को टक्कर देने के लिए कांग्रेस पार्टी की लीडरशिप अपना एक भी नुमायदा तैयार नहीं कर पाई है। ऐसे में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में मायूसी का आलम है।

2022 में आप ने शिअद को हरा जीता था चुनाव

2022 के विस चुनाव मौके आम आदमी पार्टी के डॉ. कश्मीर सिंह सोहल ने शिअद के पूर्व विधायक हरमीत सिंह संधू को 15 हजार से ज्यादा मतों से हराकर विधायक का चुनाव जीता था। इस चुनाव में कांग्रेस के मौजूदा विधायक डॉ. धर्मबीर अग्निहोत्री तीसरे नंबर पर आए थे।

डॉ. अग्निहोत्री का 27 अगस्त 2022 को देहांत होने से कांग्रेस के हलका इंचार्ज का पद खाली हो गया। जिस दौरान डॉ. अग्निहोत्री के बेटे डॉ. संदीप अग्निहोत्री परिवार समेत विदेश में सेंटल हो गए।

कांग्रेस पार्टी तरनतारन में कई गुटों में बंटी

करीब 2 साल के कार्यकाल दौरान कांग्रेस पार्टी की लीडरशिप द्वारा किसी भी नेता को विस हलका तरनतारन के इंचार्ज की जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई। जिसके चलते कांग्रेस पार्टी तरनतारन में कई गुटों में बंटी हुई है।

मौजूदा समय कांग्रेस के कश्मीर सिंह भोला, मनिंदरपाल सिंह पलासौर, करनबीर सिंह बुर्ज, हरशरन सिंह मल्ला, रंजीत सिंह राणा गंडीविंड, अवतार सिंह तनेजा द्वारा अपने स्तर पर कार्यकर्ताओं के एकजुट रखने का प्रयास किया जा रहा है, परंतु इसके बावजूद कांग्रेस पार्टी में हलका इंचार्ज के पद को लेकर गुटबंदी बढ़ रही है।

आप पार्टी लगातार सरगर्म

दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी के विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल की टीम लगातार सरगर्म हो रही है। प्रदेश की सत्ता पर काबिज होने का विधायक सोहल को काफी लाभ हो रहा है। गांवों में पंचायती चुनावों के मद्देनजर विकास कार्य तेज किए गए हैं। शहरी क्षेत्र में भी अपनी पकड़ मजबूत बनाई जा रही है। आगामी नगर कौंसिल के चुनाव को लेकर विधायक सोहल द्वारा शहर की सभी वार्डों में ऐसी कमेटियां बनाने की कवायद शुरु की गई है, जिससे आप का सियासी प्रभाव बढ़ सके।

यह भी पढ़ें: Amritsar NRI Firing Case: 'पहली पत्‍नी के परिजनों पर शक की सुई', गोलीबारी की घटना पर बोले पुलिस कमिश्नर ढिल्‍लों

साल 2002, 2007, 2012 के लगातार 3 चुनाव जीतने के बाद 2017 और 2022 में हारने वाले शिअद के हरमीत सिंह संधू भी शहरी क्षेत्र में अपनी सियासी पकड़ मजबूत बनाने में लगे हैं। पूर्व पार्षद सरबजीत सिंह लाली को शिअद जिला शहरी जत्थे के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है। जिसके बाद उन पूर्व पार्षदों को दोबारा अपने साथ जोड़ा जा रहा है। जो समय-समय पर सियासी रंग बदलते कभी कांग्रेस और कभी आप की बेड़ी में सवार रहे हैं।