Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

पूर्व मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ के घर विजिलेंस ने दी दबिश, बनाए महल की हुई पैमाइश; आय से अधिक संपत्ति का है मामला

आय से अधिक संपत्ति बनाने के आरोप में पूर्व मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ के घर विजिलेंस टीम ने फिर दबिश दी है। विजिलेंस विभाग चंडीगढ़ व बठिंडा की एक संयुक्त टीम पूर्व मंत्री के गांव कांगड़ पहुंची जहां उन्होंने पूर्व मंत्री द्वारा बनाए गए महल की पैमाइश की। पूर्व मंत्री गुरप्रीत कांगड़ के खिलाफ विजिलेंस लंबे समय से आय से अधिक संपत्ति बनाने के मामले में जांच कर रहा है।

By Jagran News Edited By: Nidhi Vinodiya Updated: Wed, 10 Jan 2024 07:21 PM (IST)
Hero Image
पूर्व मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ के घर पर फिर विजिलेंस ने दी दबिश

जागरण संवाददाता, बठिंडा। आय से अधिक संपत्ति बनाने के आरोप झेल रहे पूर्व मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ के घर विजिलेंस टीम ने फिर दबिश दी है। विजिलेंस विभाग चंडीगढ़ व बठिंडा की एक संयुक्त टीम पूर्व मंत्री के गांव कांगड़ पहुंची, जहां उन्होंने पूर्व मंत्री द्वारा बनाए गए महल की पैमाइश की। बता दें कि पूर्व मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ के खिलाफ विजिलेंस विभाग लंबे समय से आय से अधिक संपत्ति बनाने के मामले में जांच कर रहा है।

कई बार पूछताछ के बुलाया जा चुका है

इसी बीच विजिलेंस विभाग करीब आधा दर्जन बार कांगड़ को पूछताछ के लिए बुला चुका है। अब फिर से विजिलेंस ने कांगड़ के खिलाफ जांच तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ से विजिलेंस विभाग की तकनीकी टीम डीएसपी विजिलेंस बठिंडा कुलवंत सिंह के नेतृत्व में गांव कांगड़ पहुंची। टीम ने गांव में ही गुरप्रीत कांगड़ द्वारा बनाए गए महल की पैमाइश शुरू कर दी।

विजिलेंस सूत्रों के मुताबिक पैमाइश के दौरान गुरप्रीत कांगड़ का बेटा जेसी कांगड़ मौजूद था। इस दौरान विजिलेंस ने उनके घर की लगभग पैमाइश कर ली। लेकिन जेसी कांगड़ के घटनास्थल से चले जाने के कारण करीब तीन-चार कमरों की पैमाइश बाकी रह गई। अब विजिलेंस की तकनीकी टीम फिर से कांगड़ महल की पैमाइश करेगी।

90 प्रतिशत पैमाइश हो चुकी पूरी

डीएसपी कुलवंत सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ व बठिंडा की टीमें गांव कांगड़ पहुंचीं और उनके घर की तलाशी ली। उन्होंने कहा कि विजिलेंस विभाग के सिविल विंग, जिसमें बीएंडआर के एक्सईएन भी शामिल थे, ने घर की पैमाइश लगभग 90 प्रतिशत पूरी कर ली थी। लेकिन बाद में पूर्व मंत्री गुरप्रीत कांगड़ का बेटा घर से चला गया और सहयोग नहीं किया, जिसके कारण पैमाइश बंद करनी पड़ी। 

कैप्टन अमरिंदर सिंह के कैबिनेट में मंत्री रह चुके हैं कांगड

डीएसपी ने कहा कि गुरप्रीत कांगड़ को पहले पैमाइश के बारे में बताया गया था, लेकिन उन्होंने कहा कि आज उन्हें अचानक बाहर जाना पड़ा, जिसके कारण टीम ने उनके बेटे और दोस्त की मौजूदगी में घर की पैमाइश की। बता दें कि साल 2022 में गुरप्रीत कांगड़ ने कांग्रेस पार्टी छोड़ दी थी और भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। लेकिन पिछले साल वह कांग्रेस में वापस लौट आए। पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में गुरप्रीत कांगड़ कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं।