Move to Jagran APP

आम आदमी पार्टी को पंजाब में मिल गया हिंदू चेहरा? दीवाली के बाद दी जा सकती है पार्टी की कमान

आम आदमी पार्टी पंजाब में अपना हिंदू चेहरा पेश करने जा रही है। दीपावली के बाद पार्टी की कमान सुनाम के विधायक और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा को सौंपी जा सकती है। अमन अरोड़ा न केवल हिंदू हैं बल्कि मालवा से भी आते हैं। उनके पास लंबा राजनीतिक अनुभव है और वह लगातार दूसरी बार चुनाव जीते हैं। पार्टी को ऐसे ही चेहरे की तलाश थी।

By Kailash Nath Edited By: Nitish Kumar Kushwaha Updated: Mon, 28 Oct 2024 06:56 PM (IST)
Hero Image
अमन अरोड़ा को आम आदमी पार्टी पंजाब का नया प्रधान बनाया जा सकता है। फाइल फोटो
कैलाश नाथ, चंडीगढ़। दीपावली के बाद आम आदमी पार्टी में कभी भी बड़ा बदलाव हो सकता है। पार्टी प्रदेश की कमान सुनाम के विधायक और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा को सौंप सकती है। पार्टी में लंबे समय से हिंदू चेहरे को आगे लाने की चर्चा चल रही थी।

अमन अरोड़ा न सिर्फ हिंदू हैं, बल्कि मालवा से आते हैं। अमन अरोड़ा के पास लंबा राजनीतिक तजुर्बा तो हैं ही साथ ही उन्होंने लगातार दूसरी बार चुनाव जीता था। शहरी होने के साथ-साथ वह अपनी बात को प्रभावशाली तरीके से रखते भी है। पार्टी को ऐसे की चेहरे की तलाश भी थी।

अरविंद केजरीवाल से मिल गई है हरी झंडी

वर्तमान में पार्टी की कमान मुख्यमंत्री भगवंत मान के पास है। हालांकि, पार्टी ने प्रिंसिपल बुधराम को कार्यकारी प्रधान बनाया हुआ है लेकिन पार्टी लंबे समय से स्थायी प्रधान बनाने पर विचार कर रही थी। जानकारी के अनुसार पार्टी के अनुसार अरविंद केजरीवाल ने भी इस संबंध में अपनी मंजूरी दे दी है।

यह भी पढ़ें- SGPC Election: चौथी बार एसजीपीसी के प्रधान बने हरजिंदर सिंह धामी, बीबी जागीर कौर को मिले सिर्फ 33 वोट

यही कारण हैं कि एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस बात के संकेत दे दिए थे कि पार्टी में जल्द ही बड़ा बदलाव होने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा था कि अब पार्टी की जिम्मेदारी किसी नए चेहरे को दी जानी चाहिए। क्योंकि मुख्यमंत्री होने के नाते उनके पास पार्टी के कामकाज को देखने का समय कम मिलता है। इसलिए पार्टी के कार्यक्रम पिछड़ रहे हैं।

अमन अरोड़ा सबकी पसंद

वहीं, पार्टी को अगर 2027 में दोबारा जीत का सेहरा अपने माथे पर बांधना है, तो पार्टी को मजबूत करना होगा। पार्टी में जातीय संतुलन ठीक है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान जट्ट सिख हैं, तो विधानसभा के स्पीकर कुलतार संधवां पिछड़ी जाति से आते हैं। पार्टी ने अनुसूचित जाति से संबंधित पांच मंत्री बनाए हुए हैं। ऐसे में अब पार्टी की कमान हिंदू को दी जाती हैं, तो सभी वर्गों को कवर कर लिया जाएगा।

पंजाब में 40 प्रतिशत हिंदू

यही कारण है कि प्रदेश प्रधान पद के लिए अमन अरोड़ा सबकी पसंद बने हुए हैं। बता दें कि पंजाब में हिंदू की आबादी 40 फीसदी के करीब है। हिंदू मतदाता काफी हद तक निर्णायक भूमिका अदा करता है।

हिंदू जब-जब कांग्रेस से दूर हुआ कांग्रेस के लिए परेशानियां खड़ी हुई। 2022 के चुनाव में हिंदुओं ने आम आदमी पार्टी का समर्थन किया। हाल ही में संपन्न हुए चुनाव में हिंदुओं ने कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी का समर्थन किया।

कांग्रेस ने 7 सीटें जीती। भाजपा कोई सीट तो जीत नहीं सकी लेकिन भाजपा का वोट शेयर करीब 19 फीसदी रहा था। ऐसे में अब आम आदमी पार्टी पंजाब में हिंदू चेहरे को आगे कर अपने आधार को और मजबूत करना चाहती है।

यह भी पढ़ें- सांसद अमृतपाल के पूर्व गनमैन सहित 4 गिरफ्तार, पंजाब में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की थी साजिश

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।