Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Air Force Day 2022: राफेल की रफ्तार और सूर्यकिरण के करतब ने लोगों को किया रोमांचित

Indian Air Force Day 2022 राफेल की रफ्तार और सूर्यकिरण टीम के हैरतअंगेज करतब ने हजारों लोगों को रोमांचित किया। एयरफोर्स डे के 90वें स्थापना दिवस पर आयोजित एयर-शो पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्यातिथि रहीं जिसमें 83 लड़ाकू विमानों व हेलीकाप्टर ने हिस्सा लिया।

By Edited By: Updated: Sat, 08 Oct 2022 10:23 PM (IST)
Hero Image
Air Force Day 2022: राफेल की रफ्तार और सूर्यकिरण के करतब ने लोगों को किया रोमांचित : जागरण

चंडीगढ़, विकास शर्मा: Indian Air Force Day 2022 राफेल (Rafale) की रफ्तार और सूर्यकिरण टीम (Surya Kiran) के हैरतअंगेज करतब ने हजारों लोगों को रोमांचित किया। एयरफोर्स डे के 90वें स्थापना दिवस पर सुखना लेक पर अब तक का सबसे बड़ा एयर-शो आयोजित हुआ, जिसमें 83 लड़ाकू विमानों व हेलीकाप्टर ने हिस्सा लिया। इस एयर-शो पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्यातिथि रहीं। राष्ट्रपति बनने के बाद उनका चंडीगढ़ का पहला दौरा था।

वायुसेना के एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का स्वागत किया। उनके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पंजाब के राज्यपाल व यूटी प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित, हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और सांसद किरण खेर भी उपस्थित रहीं।

एयर-शो के दौरान राफेल, सुखोई और तेजस जैसे लड़ाकू विमानों ने अपनी रफ्तार से सबको अचंभित किया। बता दें कि यह पहला मौका है जब एयरफोर्स डे की परेड और फ्लाईपास्ट का आयोजन एनसीआर के बाहर किसी शहर किया गया है।

सूर्यकिरण और सारंग टीम ने किए हैरतअंगेज स्टंट

एयर-शो में लोगों को सबसे ज्यादा रोमांचित सूर्यकिरण टीम ने किया। टीम ने ऐसे कई करतब दिखाए जिसे देखकर लोग खड़े हो गए।

सूर्यकिरण टीम ने पहले अपनी रफ्तार के साथ विमानों की जुगलबंदी दिखाई और इसके बाद तेज रफ्तार में एक-दूसरे विमानों के बीच से निकलने का हैरतअंगेज शो दिखाया। इस शो के लिए एयरफोर्स की ओर से तैयार किया संगीत भी लोगों को खूब पसंद आया।

एयर-शो के दौरान लोगों का सबसे ज्यादा मनोरंजन सूर्यकिरण टीम ने ही किया। इसके अलावा सारंग टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। हैवीवेट चिनूक ने दिखाया खास शो चिनूक ने सबको सेल्फी लेने का मौका दिया।

दरअसल चिनूक ने एक जगह खड़े होकर काफी देर तक अपनी तकनीकी कौशलता दिखाई, इसके अलावा वह 30 फीट की ऊंचाई तक आ गया था। ऐसे में लोगों ने चिनूक के शो को देखने का खूब लुत्फ उठाया। चिनूक को एक ही स्थान पर 360 डिग्री घूमाकर भी दिखाया गया।

विंटेज एयरक्राफ्ट हार्वर्ड और डेकोटा भी बने आकर्षण

एयरफोर्स के विंटेज एयरक्राफ्ट हार्वर्ड और डेकोटा (भारतीय नाम परशुराम) ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। खासबात यह डेकोटा भारतीय वायुसेना के बेड़े में 1944 में शामिल हुआ था। वर्ष 1947 में भारतीय सैनिक इसी जहाज की मदद से श्रीनगर पहुंचे थे।

इसके अलावा वर्ष 1971 के युद्ध में भी इस जहाज ने अहम भूमिका निभाई थी। प्रचंड का लोगों ने किया तालियों के स्वागत स्वदेशी लाइट काबैट हेलीकाप्टर प्रचंड ने भी शिरकत की। इसे ¨हदुस्तान एरोनाटिक्स लिमिटेड ने बनाया है। इसे हाल ही में वायुसेना ने अपने बेड़े में शामिल किया है। जैसे ही प्रचंड के आने की घोषणा हुई, लोगों ने तालियों के साथ इसका स्वागत किया।

इसके अलावा एयर-शो में तेजस, सुखोई, जगुआर, राफेल, आइएल-76 और सी-130जे जैसे एयरक्राफ्ट और एडवांस लाइट हेलीकाप्टर ध्रुव, हैवीवेट चिनूक, अपाचे और एमआइ-17 ने भी अपने करतब दिखाए। इसके अलावा आकाश गंगा टीम के पैराट्रृप ने एएन-32 से जंप कर, एमआइ17फोर ने बांबी बाकेट और एमआइ17फोर हेलीकाप्टर ने हेलोकास्टिंग शो दिखाया।

सेखों और अर्जन फार्मेशन भी रहे चर्चा में

एयरफोर्स डे के एयर-शो में सेखों और अर्जन फार्मेशन भी चर्चा में रहे। सेखों फार्मेशन फ्लाइंग आफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों के नाम पर था, जोकि एयरफोर्स के इकलौते परमवीर चक्र विजेता हैं। वहीं, मार्शल अर्जन सिंह भारतीय वायुसेना के पहले फाइव स्टार अधिकारी रहे हैं। सेखों फार्मेशन में राफेल, जगुआर, एलसीए और मिराज ने एक साथ उड़ान भरकर हवा में करतब दिखाए। तो वहीं अर्जन फार्मेशन में राफेल ने अपनी स्पीड और बेजोड़ तकनीकी के करतब दिखाए।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें