Move to Jagran APP

चुनाव जीतते ही शुरू हुई मंत्री बनने की भागमभाग, कोई पहुंचा चंडीगढ़ तो किसी ने लिया संघ का आशीर्वाद

हरियाणा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 15 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। प्रधानमंत्री के विदेश दौरे के चलते शपथ ग्रहण समारोह में देरी होगी। इस बीच हरियाणा में भाजपा के नव निर्वाचित विधायकों ने मंत्री बनने के लिए दौड़ लगानी शुरू कर दी है। कोई चंडीगढ़ पहुंचा तो किसी ने दिल्ली में हाजिरी लगाई है।

By Anurag Aggarwa Edited By: Nitish Kumar Kushwaha Updated: Thu, 10 Oct 2024 08:17 PM (IST)
Hero Image
भाजपा में मंत्री बनने की भागमभाग शुरू। फोटो सोर्स- सोशल मीडिया

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दशहरे के बाद 15 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। प्रधानमंत्री के विदेश दौरे के चलते शपथ ग्रहण समारोह में देरी होगी, क्योंकि पीएम मोदी ने नायब सैनी को दो दिन पहले हुई मुलाकात के दौरान शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का भरोसा दिलाया है।

इस दौरान भाजपा के दिल्ली दरबार की गतिविधियां बृहस्पतिवार को भी जारी रही। कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर शाम को वापस चंडीगढ़ लौट आए। चंडीगढ़ लौटते ही उनसे मुलाकात करने के लिए अधिकारी सीएम निवास पर पहुंचने लगे।

मंत्री बनने के लिए कई विधायक लगा रहे दौड़

नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात करने के बाद नायब सैनी ने बृहस्पतिवार को भाजपा के विधानसभा चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की।

सह प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र नागर से भी नायब सैनी मिले। नायब सैनी और धर्मेद्र प्रधान के बीच संभावित मंत्रिमंडल के सदस्यों के नामों को लेकर चर्चा हुई है। इस दौरान नायब कैबिनेट में मंत्री बनने की आस लगाए कई विधायकों ने दिल्ली व चंडीगढ़ में भाजपा तथा संघ नेताओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मिले।

यह भी पढ़ें- Haryana Election Result 2024: भूपेंद्र हुड्डा का टूटा सपना, बेटे दीपेंद्र को नहीं बना पाए मुख्यमंत्री

भिवानी के बवानीखेड़ा से विधायक कपूर वाल्मीकि, रादौर के विधायक श्याम सिंह राणा, नीलोखेड़ी के विधायक भगवान दास कबीरपंथी, बल्लभगढ़ के विधायक एवं पूर्व मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा, भाजपा की राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी, तोशाम से विधायक चुनी गई किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी और दादरी के विधायक सुनील सांगवान ने केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की। पंचकूला के पूर्व विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने चंडीगढ़ में नायब सैनी से उनके आवास पर मुलाकात की।

राहुल गांधी पर नायब सैनी ने फिर कसा तंज

हरियाणा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गोहाना की जलेबियों पर बृहस्पतिवार को फिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पवन खेड़ा की घेराबंदी की। उन्होंने नई दिल्ली में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं व पवन खेड़ा को हमारी पार्टी के अध्यक्ष मोहन बडौली जलेबियां उपहार में भिजवाने का काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को गोहाना की जलेबी पसंद आई और वह आश्चचर्यचकित हुए, यह अच्छी बात है। लेकिन उन्होंने जलेबी पर राजनीति की है। हरियाणा में कई तरह की जलेबी होती है। बारीक, मीडियम और गोहाना की जलेबी सबसे मोटी होती है।

हरियाणा का कल्चर और खानपान अलग-अलग जगह अलग-अलग होता है। कहीं की बर्फी मशहूर है तो कहीं फीरनी, कहीं घेवर और कहीं की अमरती मशहूर है। राहुल गांधी को यह मालूम नहीं है। चुनाव के दौरान जब वे हरियाणा में पिकनिक मनाने आए तो किसी ने उनकी गाड़ी में गोहाना की बड़ी जलेबियों का डिब्बा रख दिया। इतनी बड़ी जलेबी देखकर राहुल गांधी हैरान हो गए। अब भाजपा की जीत पर हम कांग्रेस वालों को जलेबियां भिजवाने का काम करेंगे।

यह भी पढ़ें- हरियाणा को केंद्र सरकार का तोहफा, आचार संहिता हटते ही विकास के लिए जारी किए 1,947 करोड़

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें