Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

चंडीगढ़ एयरपोर्ट से मई महीने में 3.37 लाख लोगों ने किया हवाई सफर, इस वजह से यात्री संख्या में आया जबरदस्त उछाल

Chandigarh Airport पर तेजी से यात्री संख्या बढ़ रही है और यात्री संख्या का सीधा असर फ्लाइट्स शेड्यूल में देखने को मिलता है। मौजूदा समय में चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रोजाना 98 फ्लाइट्स का संचालन हो रहा है।

By Jagran NewsEdited By: Rajat MouryaUpdated: Tue, 20 Jun 2023 01:59 PM (IST)
Hero Image
चंडीगढ़ एयरपोर्ट से मई महीने में 3.37 लाख लोगों ने किया हवाई सफर। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

चंडीगढ़, विकास शर्मा। शहीद भगत सिंह एयरपोर्ट चंडीगढ़ पर हवाई यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीइओ राकेश रंजन सहाय ने बताया कि इस साल चंडीगढ़ एयरपोर्ट से मई महीने में 3,37,985 यात्रियों ने सफर किया, जोकि एक महीने में रिकॉर्ड यात्री संख्या है। इससे पहले, अप्रैल महीने में 3,35,126 यात्रियों ने हवाई सफर किया था।

साल 2022-23 में एयरपोर्ट से यात्रियों की आवाजाही का आंकड़ा 38,80,885 था, यह संख्या भी रिकॉर्ड थी। एयरपोर्ट पर तेजी से यात्री संख्या बढ़ रही है और यात्री संख्या का सीधा असर फ्लाइट्स शेड्यूल में देखने को मिलता है। उम्मीद है कि भविष्य में एयरपोर्ट से और शहरों के लिए भी कनेक्टिविटी बढ़ेगी। एयरपोर्ट प्रबंधन की माने तो इस बार रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक हिमाचल घूमने के लिए जा रहे हैं। इसी वजह से यात्री संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है।

एयरपोर्ट से रोजाना 98 फ्लाइट्स का संचालन

मौजूदा समय में चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रोजाना 98 फ्लाइट्स का संचालन हो रहा है। अहमदाबाद, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, लखनऊ, श्रीनगर, अहमदाबाद, गोवा, बेंगलुरु, हैदराबाद, कुल्लू, पुणे, धर्मशाला, लेह, लखनऊ, कोलकाता, देहरादून, धर्मशाला और शिमला जैसे शहरों के लिए एयरपोर्ट से सीधी फ्लाइट है। इसके अलावा, दुबई और शारजाह के लिए सीधी इंटरनेशनल फ्लाइट है।

चंडीगढ़ एयरपोर्ट के सीइओ राकेश रंजन सहाय ने बताया कि एक महीने में यात्री संख्या की आवाजाही का यह ऑल टाइम हाई रिकॉर्ड है। गर्मियों की छुट्टियों की वजह से हिमाचल जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी है, लोग परिवार के साथ एक शहर से दूसरे शहर घूमने जा रहे हैं। इस सीजन में लोगों ने विदेशों में घूमने की बजाय अपने देश में छुट्टियां मनाने को तरजीह दी। इसके अलावा, आईटी और फार्मा उद्योग भी लगातार बढ़ रहे हैं। इस वजह से भी इस सीजन में लोगों ने काफी बढ़ी संख्या में हवाई सफर किया।

पिछले छह वर्षों में मई महीने में यात्री संख्या का आंकड़ा

वर्ष 2018-19 - 228832

वर्ष 2019-20 - 202775

वर्ष 2020-21 - 5619 (कोरोना महामारी की वजह से)

वर्ष 2021-22 - 200172

वर्ष 2022-23- 330051

वर्ष 2023-24 -377985

एयरपोर्ट से यात्रियों की आवाजाही का आंकड़ा

वर्ष 2018-2019 - 2137739

वर्ष 2019-2020 - 2445202

वर्ष 2020-2021 -1381634

वर्ष 2021-2022 -2321704

वर्ष 2022-2023- 3880885

वर्ष 2023-24- 673111 (सिर्फ अप्रैल और मई का)

ये भी पढ़ें- CM भगवंत मान की केंद्र सरकार को धमकी, कहा- RDF का फंड जारी करें, नहीं तो एक जुलाई को सुप्रीम कोर्ट जाएंगे

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर