Move to Jagran APP

प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी से क्यों मुक्त होना चाहते हैं CM भगवंत मान? जानिए क्या है कारण

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी से मुक्त होने की इच्छा जताई है। उनका मानना है कि उनके पास पहले से ही कई जिम्मेदारियां हैं और वे संगठन के कामकाज पर पूरा ध्यान नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नए चेहरों को मौका मिलना चाहिए ताकि पार्टी मजबूती और अच्छे से काम कर सके।

By Inderpreet Singh Edited By: Sushil Kumar Updated: Sun, 27 Oct 2024 10:47 PM (IST)
Hero Image
CM भगवंत मान ने प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी से मुक्त होने की जताई इच्छा।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रदेश प्रधान की जिम्मेदारी से मुक्ति की इच्छा जताई है। इसके साथ ही उन्होंने नए चेहरों का आगे आने व नई जिम्मेदारियों का निर्वाहन करने की बात कही है। गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक और होशियारपुर जिले के चब्बेवाल में पार्टी प्रत्याशियों के प्रचार के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री ने यह इच्छा जताई है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि उनके पास कई जिम्मेदारियां हैं। मुख्यमंत्री के अलावा मेरे पास विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही मुझे पार्टी के प्रदेश प्रधान की जिम्मेदारी भी संभालनी पड़ रही है। मेरा मानना है कि प्रदेश प्रधान की जिम्मेदारी से मुझे मुक्त कर किसी अन्य को यह जिम्मेदारी देनी चाहिए। इसके लिए वे पार्टी हाईकमान से भी बात करेंगे।

दिल्ली चुनाव से पहले पार्टी में बड़ा बदलाव

उन्होंने कहा कि पार्टी में नए चेहरों को भी जिम्मेदारी मिलनी चाहिए ताकि पार्टी और मजबूती के साथ काम कर सके। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री ने यह इच्छा राज्य में विधानसभा की चार सीटों पर होने वाले उपचुनाव के दौरान जताई है।

माना जा रहा है कि उपचुनाव के बाद और दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी में बड़ा बदलाव हो सकता है।

'संगठन के कामकाज में नहीं दे पाते पूरा ध्यान'

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के पास ज्यादा जिम्मेदारियां होने के कारण वे संगठन के कामकाज में पूरा ध्यान नहीं दे पाते हैं। हालांकि पार्टी ने इसी बात को देखते हुए प्रिंसिपल बुधराम को कार्यकारी प्रधान लगाया था लेकिन इसका पार्टी को कोई ज्यादा लाभ नहीं हुआ।

नए चेहरे को सामने लाने की तैयारी

जानकारी के अनुसार पार्टी में लंबे समय से यह चर्चा चल रही थी कि सरकार के कामकाज को देखते हुए पार्टी के काम काज के लिए किसी नए चेहरे को सामने लाया जाए। पार्टी में किसी हिंदू चेहरे को यह जिम्मेदारी देने की भी चर्चा चल रही है।

इन चर्चाओं को अब तब बल मिलने लगा है जब मुख्यमंत्री ने खुद सामने आकर यह कह दिया कि वे प्रदेश प्रधान के पद से मुक्ति चाहते हैं। बता दें कि भगवंत मान के नेतृत्व में ही आम आदमी पार्टी ने 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ा था और ऐतिहासिक रूप से 92 सीटों पर विजय हासिल की थी।

यह भी पढ़ें- रेचल गुप्ता ने रचा इतिहास, जीता मिस ग्रैंड इंटरनेशनल 2024 का खिताब; ऐसा करने वाली बनीं पहली भारतीय

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।