Move to Jagran APP

मोहाली जिले के होटल और रेस्टोरेंट्स सही कचरा प्रबंधन न करने पर होगी कार्रवाई, प्रशासन की ये है प्लानिंग

नगर परिषद के पास वैध होटलों का रिकार्ड तो है लेकिन अवैध होटलों की कोई जानकारी नहीं है। अवैध होटलों की ओर से गिराए जाने वाले कचरे से नगर परिषद के अधिकारी परेशान हैं। ऐसे में अब होटल और रेस्टोरेंट्स पर कार्रवाई की जाएगी।

By Ankesh KumarEdited By: Updated: Thu, 01 Apr 2021 01:55 PM (IST)
Hero Image
मोहाली जिले के होटल और रेस्टोरेंट्स सही कचरा प्रबंधन न करने पर होगी कार्रवाई।

मोहाली, जेएनएन। मोहाली जिले के अधीन आने वाले होटल व रेस्टोरेंट कचरा प्रबंधन कैसे करते हैं। इसको लेकर प्रशासन सख्त होने जा रहा है। इसके तहत जिले के सभी होटलों की जानकारी एकत्रित की जाएगी। निगम व परिषदों के अधिकारी ये देखेंगे कि होटल कचरा प्रबंधन कैसे करते हैं। जो होटल मापदंड के अनुसार कचरे का प्रबंधन नहीं करते हैं उनसे जुर्माना वसूला जाएगा।

इस मुहिम की शुरुआत डेराबस्सी सबडिवीजन के अधीन आने वाले जीरकपुर शहर से होगी। मुहिम से जहां कूड़े के ढेर कम होंगे, वहीं नगर परिषद की आमदनी भी बढ़ेगी। जीरकपुर नगर परिषद की सेनिटेशन ब्रांच के चीफ इंस्पेक्टर रजिंदर सिंह ने इस बात की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि इस संबंधी योजना बनाई जा रही है। इसका प्रस्ताव बनाकर जल्द उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा।

जीरकपुर में मुहिम की शुरुआत करने का उद्देश्य यह है कि शहर में सबसे ज्यादा होटल हैं। नगर परिषद के पास वैध होटलों का रिकार्ड तो है, लेकिन अवैध होटलों की कोई जानकारी नहीं है। अवैध होटलों की ओर से गिराए जाने वाले कचरे से नगर परिषद के अधिकारी परेशान हैं। सेनिटेशन विभाग के अधिकारियों के अनुसार शहर में अवैध होटलों का पता लगाने के लिए एक टीम का गठन किया गया है। जो शहर में सभी वैध अलावा अवैध होटलों की जानकारी जुटाएगी।

इसके साथ ही अवैध होटल मालिकों की ओर से कूड़ा डंप को लेकर बरती जाने वाली सावधानियों का ब्योरा भी लिया जाएगा। चीफ सेनिटेशन ब्रांच इंस्पेक्टर रजिंदर सिंह ने कहा कि इस मुहिम का मकसद शहर में जमा होने वाले कूड़े की मात्रा का पता लगाना है। अभी तक हमें यह मालूम नहीं है कि शहर में अवैध होटलों की संख्या कितनी है। इसलिए अवैध होटलों की जानकारी जुटाई जाएगी। इसके बाद इनसे कचरा प्रबंधन के लिए मासिक फीस लेने के अलावा जुर्माना भी वसूला जाएगा। इससे नगर परिषद की आमदन में वृद्धि होने की उम्मीद है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।