Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

भाजपा में जा चुके नेताओं को कांग्रेस अध्यक्ष लक्की ने घर वापसी का दिया आफर...पढ़ें चंडीगढ़ की और भी रोचक खबरें

कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने भाजपा में जा चुके कुछ लनेताओं को घर वापसी का आफर दिया जिसके बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हालांकि भाजपा की नजर अब भी कांग्रेस के कई नेताओं को पार्टी में शामिल करवाने पर है।

By Rajesh DhallEdited By: DeepikaUpdated: Mon, 07 Nov 2022 12:11 PM (IST)
Hero Image
चुनावी रैली के दौरान प्रियंका गांधी से मिलते कांग्रेस के चंडीगढ़ अध्यक्ष एचएस लक्की l (फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। दिसंबर में हुए नगर निगम चुनाव के बाद कई नेता नाराज होकर भाजपा में शामिल हुए। इनमें से कई नेताओं और कार्यकर्ताओं की अभी तक भाजपा में कोई अडजस्टमेंट नहीं हुई है। भाजपा की नजर अब भी कांग्रेस के कई नेताओं पर है। हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की भाजपा में जा चुके चंद नेताओं से एक कार्यक्रम में मिले। गपशप करते हुए अध्यक्ष लक्की ने पार्टी में घर वापसी का आफर भी दिया और कहा कि पहले जैसा मान सम्मान फिर से दिया जाएगा। इस पर इन नेताओं ने लक्की को खुश करने के लिए कहा प्रधान जी अगर पता होता कि उन्होंने (लक्की) कांग्रेस का अध्यक्ष बनना है तो वह भाजपा में जाते ही नहीं।

मित्रा से पार्षदों की मित्रता

नगर निगम में अकसर अफसरों और पार्षदों के बीच खींचतान रहती है। सदन में पार्षद कई बार अधिकारियों के साथ बवाल कर चुके हैं, लेकिन अब नगर निगम बदल रहा है। अधिकारियों और पार्षदों के बीच अब काफी अच्छे मित्रता वाले संबंध बन रहे हैं। नगर निगम के पार्षदों ने नगर निगम कमिश्नर आनिंदिता मित्रा का रविवार शाम सेक्टर-43 के कम्युनिटी सेंटर में बर्थ डे मनाया। यह जन्मदिन भव्य तरीके से मनाया गया।

ऐसा पहली बार हुआ है जब इस तरह से कमिश्नर का जन्मदिन पार्षदों ने अपनी जेब से खर्चा करके मनाया। इस जन्मदिन कार्यक्रम में सभी दलों के पार्षदों ने भाग लिया। अलग-अलग दल के पार्षदों में राजनीति हावी होने से मुद्दों पर टकराव रहता है, लेकिन कमिश्नर का बर्थ डे मनाने में सभी एकजुट हो गए। जन्मदिन के आयोजन में कांग्रेस पार्षद जसबीर बंटी और आप पार्षद प्रेमलता ने अहम योगदान निभाया।

नहीं लगा झटका

कांग्रेस के पूर्व महासचिव शशिशंकर तिवारी की भाजपा में 13 साल बाद घर वापसी हुई। दिसंबर माह के नगर निगम चुनाव में टिकट न मिलने पर उन्होंने त्यागपत्र दे दिया था तब से वह किसी भी पार्टी में नहीं थे। भाजपाइयों का मानना है कि शशि शंकर तिवारी के शामिल होने से कांग्रेस को झटका लगा है। इस समय कोई चुनावी मौसम भी नहीं था। बावजूद इसके तिवारी के साथ-साथ भाजपा ने अन्य नेताओं को भी शामिल करवाया।

तिवारी के शामिल होने पर कांग्रेस एक सीनियर नेताओं ने कहा कि इनसाइड स्टोरी अलग ही है। तिवारी कांग्रेस छोड़ने के बाद फिर से वापस आने का प्रयास कर रहे थे। अब पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल तिवारी को पार्टी में फिर से शामिल करने के लिए तैयार नहीं थे। इसलिए तिवारी भाजपा में गए।

चौकीदारी के नाम पर वसूली

सेक्टर-26 मंडी में इस समय निशुल्क पार्किंग चल रही है। वेंडर और आढ़तियों का कहना है कि यहां पर एक माफिया सक्रिय है, जो सुबह सवेरे जिस समय अंधेरा छाया होता है उस समय दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जी की गाड़ियों के चालकों से चौकीदारी के नाम पर वसूली करते हैं। कुछ वेंडर्स से भी पैसे इकट्ठे किए जाते हैं। अंधेरे में यह खेल काफी दिनों से चल रहा है। दूसरे राज्यों से आने वाले चालक कुछ नहीं बोलते क्योंकि उनका कहना है कि उन्हें धंधा करना है। इस सारे मामले में मार्केट कमेटी के कर्मचारियों ने पूरी तरह से चुप्पी साधी हुई है।

कोई इस पर खुलकर सामने आकर शिकायत भी नहीं करता है। मार्केट कमेटी में सचिव का पद भी काफी लंबे समय से खाली पड़ा है। स्थायी तौर पर सचिव की नियुक्ति नहीं की जा रही है। मंडी में सब्जी और फल का जो धंधा होता है उस पर दो फीसद मार्केट फीस चार्ज होती है।

यह भी पढ़ेंः - मैडम शादी की सालगिरह है, जल्दी जाना है...आन ड्यूटी चंडीगढ़ पुलिस में तैनात होमगार्ड वालंटियर की मौत

यह भी पढ़ेंः- चंडीगढ़ः प्रापर्टी फ्री होल्ड करवाने के 72 गुना फीस वसूल रहा प्रशासन, फासवेक ने गृह मंत्री को पत्र लिखा

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें