Move to Jagran APP

राम रहीम को पंजाब लाने का रास्ता साफ! भगवंत मान सरकार ने 3 मामलों में केस चलाने को दी हरी झंडी

रोहतक की सुनारिया जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। दरअसल बेअदबी से जुड़े तीन मामलों में केस चलाने की मंजूरी पंजाब की भगवंत मान सरकार ने दे दी है। ये मामले साल 2015 से जुड़े हैं। पंजाब पुलिस ने राम रहीम के खिलाफ मामला दर्ज करने की अनुमति मांगी थी। मगर पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने रोक लगा दी थी।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Tue, 22 Oct 2024 06:11 AM (IST)
Hero Image
डेरा सिरसा प्रमुख गुरमीत सिंह। (फाइल फोटो)

इन्द्रप्रीत सिंह, जागरण, चंडीगढ़। पंजाब में चार सीटों पर उपचुनाव से पहले राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए डेरा सिरसा प्रमुख गुरमीत सिंह के खिलाफ तीन मामलों में मुकदमा चलाने की अनुमति दे दी है। धारा 295ए में मुकदमा चलाने के लिए सरकार से मंजूरी लेना जरूरी था। रोहतक की सुनारिया जेल में बंद डेरा प्रमुख को पंजाब लाने का रास्ता साफ हो गया है।

राम रहीम पर चलेंगे ये मुकदमे

गुरमीत पर जुलाई 2015 में बुर्ज जवाहर सिंह वाला में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पवित्र बीड़ चोरी होने, कुछ दिनों के पश्चात श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अंग फाड़कर गलियों में फेंकने और अक्टूबर 2015 में बहिबल कलां में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अंग फाड़े जाने के बाद बरगाड़ी में प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने के मुकदमे चलेंगे।

हाईकोर्ट ने लगाई थी रोक

मुख्यमंत्री भगवंत मान राज्य के गृहमंत्री भी हैं। मान ने यह फैसला उस समय लिया है जब सुप्रीम कोर्ट ने तीन दिन पहले सिरसा डेरा प्रमुख के खिलाफ केस चलाने की अनुमति दे दी। लगभग ढाई वर्ष पहले पुलिस ने सिरसा डेरा प्रमुख के खिलाफ केस दर्ज करने की अनुमति मांगी थी परंतु हाई कोर्ट ने तीनों मामलों पर रोक लगा दी थी।

सरकार पर उठने लगे थे सवाल

आप सरकार इस दिशा में कोई कदम नहीं उठा रही थी। इसे लेकर उसकी काफी फजीहत हो रही थी। आप पार्टी के विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी सरकार के इस रुख की आलोचना की थी। विपक्ष यह आरोप लगा रहा था कि इन मामलों में आप सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर पा रही है। लोकसभा चुनाव में आप सरकार को लोगों के विरोध का भी सामना करना पड़ा था और आप को केवल तीन सीटें ही हासिल हुई थीं।

इन मामलों में हो चुकी सजा

दो साध्वियों से यौन शोषण के मामले में राम रहीम 20 साल की सजा काट रहा है। इसके अलावा सिरसा के पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में राम रहीम समेत चार दोषियों को उम्रकैद की सजा हो चुकी है। 25 अगस्त 2017 को राम रहीम को साध्वियों के यौन शोषण मामले में सजा सुनाई गई थी। कोर्ट के आदेश के बाद हरियाणा के पंचकूला में जमकर हिंसा फैली थी। इसमें करीब 40 लोगों की जान गई थी। हालांकि, सजा होने के बाद से राम रहीम कई बार पैरोल पर बाहर आ चुका है। हाल ही में उसे 20 दिन की पैरोल मिली थी।

यह भी पढ़ें: जेल से बाहर आया राम रहीम, हनीप्रीत के साथ यूपी रवाना; हरियाणा में कहीं भी जाने की इजाजत नहीं

यह भी पढ़ें: राम रहीम की पैरोल के खिलाफ कांग्रेस ने ECI को लिखी चिट्ठी, शिकायत में चुनाव परिणाम प्रभावित होने की जताई आशंका

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।