Move to Jagran APP

Punjab को ‘अशांत राज्य’ बताकर फंसी कांग्रेस, आप ने कहा-जब हालात खराब थे, तब कांग्रेस की ही सरकार थी

भारत जोड़ो यात्रा से पहले पंजाब में नया विवाद शुरू हो गया है। दिल्ली में यात्रा की सुरक्षा में हुई चूक पर कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जो पत्र लिखा है उन्होंने जम्मू कश्मीर के साथ पंजाब को भी ‘अशांत राज्य’ बताया है।

By Jagran NewsEdited By: Nidhi VinodiyaPublished: Fri, 30 Dec 2022 09:41 AM (IST)Updated: Fri, 30 Dec 2022 09:41 AM (IST)
Punjab को ‘अशांत राज्य’ बताकर फंसी कांग्रेस

चंडीगढ़, राज्य ब्यूरो : नए साल में पंजाब में प्रवेश करने वाली भारत जोड़ो यात्रा से पहले नया विवाद शुरू हो गया है। दिल्ली में यात्रा की सुरक्षा में हुई चूक पर कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जो पत्र लिखा है, उसमें उन्होंने जम्मू कश्मीर के साथ पंजाब को भी ‘अशांत राज्य’ बताया है। आम आदमी पार्टी (आप) ने इसका कड़ा विरोध किया है।

आप ने उल्टा कांग्रेस पर पलटवार किया 

आप सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री ने कहा कि पंजाब में जब हालात खराब थे, तब कांग्रेस की ही सरकार थी। उनके कारनामों के कारण राज्य अस्थिर हालत में था, लेकिन हमारी सरकार ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को काफी नियंत्रण में किया है। असामाजिक तत्वों के विरुद्ध की गई सख्त कार्रवाई इसका उदाहरण है। जहां तक राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का सवाल है, उन्हें सुरक्षा मुहैया करवाना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन कांग्रेस के नेताओं को इस तरह की बयानबाजी से गुरेज करना चाहिए।

भारत जोड़ो यात्रा कुछ दिनों में पंजाब में करेगी प्रवेश 

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अगले कुछ दिनों में पंजाब में प्रवेश करने वाली है और यहीं से यह जम्मू कश्मीर में प्रवेश करेगी। वेणुगोपाल ने अपने पत्र में कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी समेत सभी यात्रियों व नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं, क्योंकि दोनों ही अशांत राज्य हैं। उन्होंने कहा कि 24 दिसंबर को यात्रा ने दिल्ली में प्रवेश किया। इस दौरान दिल्ली पुलिस भीड़ को नियंत्रित करने व राहुल गांधी के आस-पास सुरक्षा घेरा बनाने में विफल रही। मूकदर्शक बनी रही, जबकि राहुल गांधी को जेड प्लस सुरक्षा मिली है।

रोमाणा ने कहा इंदिरा गांधी ने देश के लिए कुछ नहीं किया

दिल्ली में स्थिति इतनी गंभीर थी कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं व राहुल गांधी के साथ चल रहे यात्रियों को ही सुरक्षा घेरा बनाना पड़ा। वहीं, वेणुगोपाल ने अपने पत्र में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को अपनी जान न्योछावर करने वाली नेता बताया, जिसका शिरोमणि अकाली दल ने विरोध किया है। पार्टी महासचिव परमबंस सिंह रोमाणा ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता व अखंडता के लिए अपनी जान नहीं दी, बल्कि उन्हें सिखों के सबसे पवित्र स्थल पर हमला करने की सजा दी गई थी।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.