Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

शारदीय नवरात्र में पहली बार छह दिन शुभ संयोग, ऐसे पाएं शुभ कार्यों का अधिक फल

इस बार 30 सितंबर को अमृत सिद्धि योग एक अक्टूबर को रवि योग दो को अमृत इच्छा सिद्धि योग तीन को सर्वाथ सिद्धि चार और पांच को रवि योग छह को सर्वसिद्धि योग बन रहा है।

By Edited By: Updated: Sun, 29 Sep 2019 05:22 PM (IST)
Hero Image
शारदीय नवरात्र में पहली बार छह दिन शुभ संयोग, ऐसे पाएं शुभ कार्यों का अधिक फल

जालंधर [शाम सहगल]। अश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा को शारदीय नवरात्रि 29 सितंबर से शुरू होने जा रहे हैं। यह नवरात्र सात अक्टूबर तक चलेंगे। नौ दिन चलने वाले नवरात्र में छह दिन शुभ संयोग बन रहा है। इसमें मां दुर्गा की पूजा व शुभ कार्यों का फल अधिक मिलता है। ऐसा माना जा रहा है कि इस बार यह पहली बार हो रहा है। दरअसल, वर्ष में चार नवरात्र आते हैं, जिसमें दो गुप्त व दो प्रत्यक्ष (प्रकट) नवरात्र होते हैं। प्रकट नवरात्र में एक चैत्र मास व दूसरा अश्विन मास में आता है। इस बार शारदीय नवरात्र को लेकर कई शुभ संयोग बन रहे हैं।

पंडित बसंत शास्त्री बताते हैं कि इस बार 30 सितंबर को अमृत सिद्धि योग, एक अक्टूबर को रवि योग, दो अक्टूबर को अमृत इच्छा सिद्धि योग, तीन अक्टूबर को सर्वाथ सिद्धि, चार को रवि योग, पांच अक्टूबर को रवि योग व छह को सर्वसिद्धि योग बन रहा है।

इसी तरह प्राचीन शिव मंदिर के पुजारी पंडित नारायण शास्त्री बताते हैं कि अष्टमी पर कंजक पूजा करने वाले श्रद्धालु छह को व नवमी पर कंजक पूजन करने वाले श्रद्धालु सात अक्टूबर को यह परंपरा पूरी कर सकते हैं।

घट स्थापना का शुभ समय

29 सितंबर सुबह 6.16 बजे से 7.39 बजे तक व 11.48 बजे से 12.35 बजे तक।

नौ देवियों की उपासना

  • 29 सितंबर : मां शैलपुत्री
  • 30 सितंबर : मां ब्रह्मचारिणी
  • एक अक्टूबर : मां चंद्रघंटा
  • दो अक्टूबर : मां कुष्मांडा
  • तीन अक्टूबर : मां स्कंदमाता
  • चार अक्टूबर : मां कात्यानी
  • पांच अक्टूबर : मां कालरात्रि
  • छह अक्टूबर : मां महागौरी
  • सात अक्टूबर : मां सिद्धिदात्री

बारिश के बावजूद बाजारों में रही रौनक

नवरात्र के एक पहले शनिवार को बारिश के बावजूद बाजारों में खरीदारों की भीड़ रही। जैसे ही शाम को बारिश कम हुई, बाजारों में खरीदार उमड़ने लगे। जग्गू चौक स्थित सेवक धूप के रामजी बताते हैं कि इस बार मां दुर्गा की मूर्तियों की मांग सबसे अधिक है। पूजा की थाली तथा कंजक पूजन के लिए तैयार की गई गिफ्ट थाली की भी खासी मांग है। इस बार मां दुर्गा के नौ स्वरूप वाली प्रतिमा भी उतारी गई है। इसके साथ ही स्टोन वाली मां दुर्गा की प्रतिमा को खासा पसंद किया जा रहा है, जिसकी कीमत 500 रुपये से लेकर है।

मंदिरों में भी तैयारियां पूरी

नवरात्र की तैयारी मंदिरों में कई दिन पहले ही शुरू हो गई थी। शहर के मंदिरों को आकर्षक लड़ियों से सजाया गया है। अधिकतर मंदिरों में रोज श्री दुर्गा का पाठ व धार्मिक आयोजन करवाने की तैयारी की है। नवरात्र के उपलक्ष्य में गीता मंदिर अर्बन एस्टेट फेस-वन व श्री देवी तालाब मंदिर में रोज भजन संध्या होगी। वहीं, श्री महालक्ष्मी मंदिर जेल रोड, प्राचीन शिव मंदिर गुड़ मंडी, मां छिन्नमस्तिका मंदिर, मास्टर तारा सिंह नगर में रोज मां दुर्गा का पाठ किया जाएगा।

इसी तरह शिव मंदिर पुलिस लाइन, मां अन्नपूर्णा मंदिर, वृंदा देवी मंदिर व श्री हनुमान मंदिर चौक सूदां समेत शहर के सभी मंदिरों में खास तैयारी की गई है।

नवरात्र से पहले बढ़े फलों के दाम

नवरात्र उपवास के दौरान एक समय ही खाना खाने की परंपरा है। इसके अलावा दिन भर कभी भी फल खाए जा सकते हैं। इसके चलते नवरात्र से पूर्व ही फलों के दाम बढ़ा दिए गए है। बाजार में इन दिनों मौसमी 60 रुपये किलो, केले 50 से 60 रुपये दर्जन, सेब 80 रुपये, अनार 120 रुपये रुपये में बेचे जा रहे हैं।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें