Move to Jagran APP

2.8 लाख रुपये लेकर युवक को रोमानिया के बजाय अर्मेनिया भेजा, जालंधर की करियर स्टार ट्रैवल एजेंसी के मालिक पर केस

पुलिस को दी शिकायत में जरनैल सिंह ने बताया कि वह बेरोजगार था और विदेश जाना चाहता था। विशु अरोड़ा ने 2.80 लाख रुपये लेकर उसे टूरिस्ट वीजा पर अर्मेनिया भेज दिया। वहां पांच महीने तक दर-दर ठोकरें खाने के बाद उसे स्वदेश लौटना पड़ा।

By Pankaj DwivediEdited By: Updated: Mon, 12 Jul 2021 05:26 PM (IST)
Hero Image
जालंधर पुलिस ने करियर स्टार के मालिक विशु अरोड़ा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सांकेतिक चित्र।
जागरण संवाददाता, जालंधर। महानगर के शहीद भगत सिंह नगर में सब्जी मंडी रोड के रहने वाले युवक ने थाना डिवीजन छह में ट्रैवल एजेंसी के खिलाफ मोटी सैलरी और दो साल का वर्क परमिट दिलाने का झांसा देकर 2.8 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। धोखे से उसे रोमानिया के बजाए अर्मेनिया भेज दिया गया। एजेंसी मोता सिंह नगर में स्थित है। मामले की जांच करने के बाद पुलिस ने करियर स्टार के मालिक विशु अरोड़ा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दी शिकायत में जरनैल सिंह ने बताया कि वह बेरोजगार था और विदेश जाना चाहता था। उसके एक जानकार ने उन्हें बताया कि विशु अरोड़ा लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। इसके बाद उसकी विशु अरोड़ा के साथ उसके आफिस में मुलाकात हुई। उनके बीच दो साल के वर्क परमिट और 50 हजार रुपये महीने की सैलरी पर रोमानिया भेजने का सौदा 2,80 लाख रुपये में तय हुआ। उसने सौदे के हिसाब से तय रकम विशु को दे दी। पैसे मिलने के बाद विशु ने उसे 21 दिन के टूरिस्ट वीजा पर रोमानिया के बजाए अर्मेनिया भेज दिया। अर्मेनिया पहुंचने के बाद वह उसे वर्क परमिट बनवाने का झांसा देता रहा। बाद में उसने उसका फोन उठाना तक बंद कर दिया।

पांच महीने ठोकरे खाने के बाद वतन लौटा जरनैल

जरनैल ने बताया कि वह वहां पांच महीने तक दर-दर की ठोकरें खाता रहा और फिर भारत लौट आया। वापस आने के बाद उसने विशु से मुलाकात की तो उसने धोखाधड़ी की बात मानते हुए कहा कि वह उसे सारे पैसे लौटा देगा। इसके बाद भी उसने उसे पैसे नहीं लौटाए। इस पर उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी। 

यह भी पढ़ें - देखें जालंधर नगर निगम की लापरवाही, बस्ती दानिशमंदा में पानी से भरे गड्ढे में समा गई युवक की बाइक

शिकायत की जांच के दौरान आरोपित के बयानों में कुछ ठोस ना मिलने के बाद थाना डिवीजन छह की पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित के खिलाफ एक और युवक ने शिकायत दी है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।