Move to Jagran APP

देखें जालंधर नगर निगम की लापरवाही, बस्ती दानिशमंदा में पानी से भरे गड्ढे में समा गई युवक की बाइक

लसूड़ी मोहल्ले में सोमवार दोपहर नगर निगम की लापरवाही के चलते एक बड़ा हादसा हो गया। यहां सड़क किनारे नगर निगम की ओर से खोदे गए गड्ढे में गिरने से बाइक सवार सूरज घायल हो गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

By Pankaj DwivediEdited By: Updated: Mon, 12 Jul 2021 04:59 PM (IST)
Hero Image
जालंधर के लसूड़ी मोहल्ले में गड्ढे में समाई युवक की बाइक। जागरण
जागरण संवाददाता, जालंधर। नगर निगम की लापरवाही से बस्ती दानिशमंदा के लसूड़ी मोहल्ले में सूरज नाम के युवक की जान जाते-जाते बची। हालांकि इस दौरान उसकी बाइक पानी से भर गड्ढे में समा गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में गड्ढे में गिरे बाइक सवार युवक को बाहर निकाला वरना मौके पर बड़ा हादसा हो सकता था। नगर निगम कर्मी कुछ समय पहले ही इस गड्ढे को खोदकर गए थे। 

जानकारी के अनुसार महानगर के वार्ड नंबर 42-43 बस्ती दानिशमंदा इलाके के लसूड़ी मोहल्ले में सोमवार दोपहर नगर निगम की लापरवाही के चलते एक बड़ा हादसा हो गया। यहां सड़क किनारे नगर निगम की ओर से खोदे गए गड्ढे में गिरने से बाइक सवार सूरज घायल हो गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। लोगों ने आनन-फानन में गड्ढे में गिरे बाइक सवार युवक को बाहर निकाल लिया। वरना मौके पर बड़ा हादसा हो सकता था।

गड्ढे में बाइक गिरने से घायल सूरज को पास के निजी अस्पताल ले जाया गया।

सूरज ने बताया कि वह दोपहर करीब 3:30 बजे बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहा था। सुबह से हो रही बारिश के चलते गली में पानी भरा हुआ था। इस कारण उसे सड़क किनारे खुदा हुआ गड्ढा दिखाई नहीं दिया। जैसे ही वह पानी के पास पहुंचा उसकी बाइक गड्ढे में समा गई और उसे गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे गड्ढे से बाहर निकाला और इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

गड्ढे में गिरकर पहले भी घायल हो चुके हैं लोग

वहीं, इलाके के लोगों का कहना है कि नगर निगम के कर्मचारियों ने कई दिन पहले से ही इस गड्ढे को खोल रखा है। इसकी तरफ न तो नगर निगम का ध्यान जाता है न ही क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का। बरसात होने के कारण यह गड्ढा इलाके के लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। अगर निगम द्वारा जल्द ही इस गड्ढे को नहीं भरा तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इस गड्ढे में गिरकर कई लोग पहले भी घायल हो चुके हैं लेकिन नगर निगम ने इस तरफ अपनी आंखें मूंद रखी हैं।

यह भी पढ़ें - जालंधर में मानसून की पहली ही बारिश से हाईवे पर जलभराव, गंदगी से भरी ड्रेनों से नहीं हो रही पानी की निकासी

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।