Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jalandhar By Election Result: ‘आप’ सरकार में जनता के अटूट विश्वास पर लगी मुहर, आम आदमी पार्टी की जीत पर बोले संजय सिंह

पंजाब में जालंधर वेस्ट विधानसभा सीट पर उपुचनाव हो गया है। इस सीट पर आप प्रत्याशी मोहिंदर भगत ने 38 हजार मतों से जीत दर्ज की है। इसी क्रम में आप नेता संजय सिंह ने कहा कि इस जीत ने संदेश दिया है कि आप को जो धोखा देगा उसकी राजनीति खत्म हो जाएगी। उन्होंने इस बीच शीतल अंगुराल के पार्टी को धोखा देने का भी जिक्र किया।

By Jagran News Edited By: Prince Sharma Updated: Sat, 13 Jul 2024 05:45 PM (IST)
Hero Image
Jalandhar By Election Result: ‘आप’ सरकार में जनता के अटूट विश्वास पर लगी मुहर

डिजिटल डेस्क, जालंधर। पंजाब की जनता ने जालंधर वेस्ट विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी को रिकॉर्ड मतों से जीत दिलाकर भगवंत मान सरकार के प्रति अपने अटूट विश्वास पर अपनी मुहर लगा दी है। ‘आप’ के सभी कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि हमारे प्रत्याशी मोहिंदर भगत ने 38 हजार मतों से जीत दर्ज की है।

शीतल अंगुराल ने दिया था धोखा: संजय सिंह

इस जीत ने यह संदेश दिया है कि जो आम आदमी पार्टी को धोखा देगा, उसकी राजनीति खत्म हो जाएगी। ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत से शीतल अंगुराल को जिताया था, लेकिन वो धोखा देकर भाजपा में चले गए और अब उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा।

वहीं, राष्ट्रीय महासचिव संगठन डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि जालंधर वेस्ट की जीत ने केजरीवाल के काम की राजनीति पर मोहर लगाई है और भाजपा के मुंह पर करारा तमाचा मारा है।

लोकसभा चुनाव का परिणाम हमारी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहा, लेकिन पंजाब के जालंधर वेस्ट के उपचुनाव ने साबित कर दिया कि राज्य सरकार के प्रति पंजाब के लोगों की पूरी आस्था और विश्वास अटूट है।

यह परिणाम इस बात को साबित करता है। संजय सिंह ने कहा कि अगर पूरे देश में इंडिया गठबंधन की बात करें, तो इंडिया गठबंधन के लिए अच्छी खबरें हैं।

इंडिया लगभग एकतरफा इस चुनाव में जीत रहा है। इसलिए भाजपा को यह बात समझ लेना चाहिए कि सिर्फ कोरे वादे और झूठे जुमलों से काम चलने वाला नहीं है। भाजपा को किसानों, नौजवानों के लिए कुछ करके दिखाना होगा। अग्निवीर जैसी योजना को खत्म करके पुरानी सेना की भर्ती बहाल करनी होगी।

जालंधर से सांसद रहे रिंकू ने भी ‘आप’ को धोखा दिया था: संजय सिंह

उन्होंने जालंधर से ‘आप’ के सांसद रहे रिंकू का उदाहरण देते हुए कहा कि रिंकू को हमारे कार्यकर्ताओं ने बड़ी मेहनत करके जिताया था। हम लोगों ने छोटा भाई मान कर उसको बहुत समझाया, लेकिन वो भाजपा में चला गया और लोकसभा का चुनाव हार गया।

इसके अलावा, जालंधर वेस्ट के विधायक शीतल भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के कड़ी मेहनत की बदौलत जीते थे। लेकिन शीतल ‘आप’ को छोड़कर भाजपा में चले गए। इसी वजह से जालंधर वेस्ट का उपचुनाव हुआ और ‘आप’ के प्रत्याशी मोहिंदर भगत 38 हजार वोटों से जीत गए।

भाजपा में जाने के बाद रिंकू और शीतल दोनों ही हार गए। इन दोनों से शिक्षा मिलती है कि ‘‘आप’’ को धोखा देंगे तो राजनीति खत्म हो जाएगी। आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता बड़ी निष्ठा और मेहनत के साथ किसी के साथ जुड़ता है, उसको किसी तरह से ठेस पहुंचाना ठीक नहीं है।

अगर पार्टी मुसीबत में हो तो उसको धोखा देना ठीक नही है। जालंधर वेस्ट उपचुनाव का बड़ा संदेश है कि अगर पार्टी मुसीबत में हो तो उसके साथ मजबूती से खड़ा रहिए। अगर पार्टी को छोड़कर जाएंगे तो आपको हार का मुंह देखना होगा।

आप’’ को छोड़कर दूसरी पार्टी में जाने वालों के लिए एक संदेश है: डॉ. संदीप पाठक

जालंघर वेस्ट सीट पर ‘‘आप’’ की जीत पर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत इस बात का प्रमाण है कि पंजाब की जनता आज भी आम आदमी पार्टी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान के कामों पर भरोसा करती है।

यह विशाल बहुमत इस बात का संकेत है कि पंजाब में जो काम भगवंत मान की सरकार कर रही है, उसकी सराहना जनता कर रही है। जिस तरीके से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल काम की राजनीति को पूरे देश में लेकर जा रहे हैं यह जीत उस काम की राजनीति पर मोहर लगाती है।

इसके साथ ही, यह जीत उन लोगों के लिए संदेश है, जो पैसा या पॉवर के लिए ‘‘आप’’ को छोड़ कर चले गए। जालंधर से ‘‘आप’’ के निशान पर जो लोग लोकसभा और विधानसभा चुनाव जीते थे, वह भाजपा में चले गए।

उन्होंने जनता के मतों का अपमान किया। जो जनता के बहुमत के साथ गद्दारी करता है, जनता उसे कभी माफ नहीं करती। जनता ऐसे व्यक्ति को दोबारा प्यार या आशीर्वाद नहीं देती। जो लोग छोटे से फायदे के लिए एक पार्टी से दूसरी पार्टी में चले जाते हैं, उनसे कहना चाहता हूं कि आप अपना राजनीतिक करियर बर्बाद मत कीजिए।

केजरीवाल को रोक पाना अब भाजपा के लिए नामुमकिन है: डॉ. संदीप पाठक

डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि जो लोग एजेंसियों के डर, पैसा, पावर या किसी अन्य परिस्थिति में पार्टी छोड़कर जा रहे हैं, उनको अपने धर्म पर अड़े रहना चाहिए। परेशानी में ही एक व्यक्ति की परीक्षा होती है। संकट की घड़ी आने पर जो लोग भाग जाते हैं, ऐसे लोगों को जनता नकार देती है। हमें चट्टान के जैसे भाजपा के सामने खड़े रहना है। हमें संघर्ष करना है। केजरीवाल जी जेल के अंदर रहकर इनको 400 से 240 पर लेकर आ गए हैं।

अगर उनको ज्यादा दिन तक जेल के अंदर रखा गया तो यह स्पष्ट दिख रहा है कि अब भाजपा को 40 सीटों पर आने में ज्यादा देर नहीं लगेगी। पंजाब में आम आदमी पार्टी व्यवस्थागत परिवर्तन लाने की कोशिश कर रही है। 75 सालों में जो काम नहीं हुए उन कामों को आम आदमी पार्टी कर रही है।

भाजपा केजरीवाल को जेल में रखकर कमजोर करने की कोशिश कर रही है। लेकिन यह उपचुनाव बीजेपी के मुंह पर करारा तमाचा है। अरविंद केजरीवाल की जड़ें अब बहुत अंदर तक जा चुकी हैं। आप इस तरह से अरविंद केजरीवाल को नहीं हरा सकते।

जमानत मिलने के बाद भी केजरीवाल को जेल से बाहर नहीं आने दिया जा रहा है- डॉ. संदीप पाठक

डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को लेकर हर न्यायालय में स्पष्ट हो चुका है कि दिल्ली में कोई शराब घोटाला नहीं हुआ है। किसी भी मामले में अरविंद केजरीवाल दोषी नहीं हैं। इसके बावजूद उनको जबरदस्ती जेल के अंदर बंद कर रखा है।

जमानत मिलने के बाद भी केजरीवाल को जेल से बाहर नहीं आने दिया जा रहा है। आपको क्या लगता है कि आप जबरदस्ती करके अरविंद केजरीवाल को जेल के अंदर रखकर चुनाव जीत लोगे?

आपको क्या लगता है कि आप पैसे, पावर और धमकी के दम पर हमारे नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल करा लोगे? ऐसा कभी नहीं होगा।

इन सभी चीजों को जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। जनता सही समय आने पर जवाब देती है। जालंधर समेत 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव पर इंडिया गठबंधन ने शानदार जीत हासिल की है।

उपचुनाव में भाजपा की बुरी हार हुई है। इस उपचुनाव से यह भी साबित हो गया है कि आप गुंडागर्दी, दादागिरी और तानाशाही के दम पर चुनाव नहीं जीत सकते। यह उपचुनाव बीजेपी के मुंह पर जनता के द्वारा करारा तमाचा है।