Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Punjab News: दो हजार करोड़ के घोटाले में बुरे फंसे कांग्रेस के पूर्व मंत्री भारत भूषण, ED ने जालंधर से किया गिरफ्तार

कांग्रेस नेता भारत भूषण आशु को ईडी ने वीरवार शाम गिरफ्तार कर लिया। उन पर करीब दो हजार करोड़ रुपए के अनाज ढुलाई टेंडर घोटाले के आरोप हैं। ईडी ने करीब सवा आठ बजे उनका जालंधर के सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाया। इससे पहले पिछले साल अगस्त में भारत भूषण आशु और उनके साथियों के ठिकानों पर भी छापामारी कर चुकी है।

By Dinesh Kumar Edited By: Prince Sharma Updated: Thu, 01 Aug 2024 09:15 PM (IST)
Hero Image
पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को ईडी ने किया गिरफ्तार, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED की बड़ी कार्रवाई

जागरण संवाददाता, जालंधर। कांग्रेस के पूर्व खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस भारत भूषण आशु को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वीरवार शाम को जालंधर कार्यालय में गिरफ्तार कर लिया है। भारत भूषण आशु करीब दो हजार करोड़ रुपये के अनाज ढुलाई टेंडर घोटाले के आरोपित हैं।

उन्हें दो दिन पहले ईडी ने समन देकर पूछताछ के लिए जालंधर कार्यालय बुलाया था। आशु वीरवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे ईडी कार्यालय पहुंचे थे। ईडी के जालंधर कार्यालय में उनसे शाम तक लगातार पूछताछ की जा रही थी।

गिरफ्तारी के बाद करवाया गया मेडिकल

ईडी ने पूछताछ के बाद आशु के खिलाफ मनी लाड्रिंग एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद रात करीब सवा आठ बजे ईडी की टीम भारत भूषण आशु का मेडिकल करवाने के लिए सिविल अस्पताल जालंधर ले गई।

भारत भूषण आशु 2017 से 2022 तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री थे। उन पर आरोप है कि उनके रहते अनाज ढुलाई को लेटर हुए टेंडर आवंटन में करीब दो हजार करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। विजिलेंस की जांच में पंजाब की मंडियों में लेबर और ट्रांसपोर्टेशन के टेंडरों में बड़े पैमाने पर अनियमितता सामने आई थीं।

विजिलेंस इस मामले में अदालत में चालान भभी पेश कर चुकी है। इसके बाद इस मामले से जुड़े दस्तावेज ईडी ने मांगे थे और अपने स्तर पर जांच शुरू की थी। ईडी इस मामले में पिछले साल अगस्त में भारत भूषण आशु और उनके साथियों के ठिकानों पर भी छापामारी कर चुकी है।

उस समय जांच के दौरान ईडी को करीब डेढ़ करोड़ रुपये की संपत्ति के दस्तावेज मिले थे। इस दौरान करीब 30 लाख रुपए भी जब्त किए गए थे।

यह भी पढ़ें- आप सांसद गुरमीत सिंह ने रेलवे कनेक्टिविटी का उठाया मुद्दा, लोकसभा में ट्रांसजेंडरों और महिलाओं के हितों की भी की बात

आशु की गिरफ्तारी के बाद ईडी कार्यालय के बाहर पहुंचे कांग्रेस नेता

पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही कांग्रेस के विधानसभा क्षेत्र जालंधर कैंट के विधायक परगट सिंह, आदमपुर के विधायक सुखविंदर कोटली और जालंधर सेंट्रल से पूर्व विधायक राजेंद्र बेरी जालंधर स्थित ईडी के कार्यालय के बाहर पहुंच गए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आशु ईडी के बुलाने पर पूछताछ में शामिल होने आए थे। उन्हें इस तरह गिरफ्तार करने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता ईडी कार्यालय के बाहर धरना लगाएंगे।

22 अगस्त, 2022 को विजिलेंस ने किया था आशु को गिरफ्तार

अनाज ढुलाई टेंडर घोटाले को लेकर वर्ष 2022 में कुछ ट्रांसपोर्ट मालिकों और ठेकेदारों ने पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु पर कुछ चुनिंदा ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने और करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए थे। इसकी शिकायत विजिलेंस के पास की थी।

दो महीने की जांच के बाद विजिलेंस ने सबसे पहले ठेकेदार तेलू राम और दो अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। बाद में इस मामले में आशु का नाम भी शामिल कर लिया था। 22 अगस्त, 2022 को विजिलेंस ने लुधियाना में छापामारी कर उन्हें सैलून में बाल कटवाते समय गिरफ्तार कर लिया था।

इस मामले में आशु करीब छह माह तक पटियाला जेल में भी बंद रहे हैं। आरोप है कि अनाज ढुलाई टेंडर घोटाले में अनाज मंडियों में आरोपित वाहनों पर नकली नंबर प्लेट लगाकर माल की ढुलाई करते थे।

यही नहीं टेंडर लेने से पहले विभाग में वाहनों के गलत नंबर लिखवाए गए थे। जांच के दौरान पता चला कि जो नंबर लिखवाए थे वह स्कूटर, बाइक जैसे दोपहिया वाहनों के भी थे। यह वाहन अनाज ढुलाई के लिए मान्य ही नहीं थे।

यह भी पढ़ें- Farmer Protest: बजट पर बौखलाए किसान संगठन, गुरदासपुर में जलाए सरकार के पुतले; कहा- अब तेज करेंगे आंदोलन

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर