Move to Jagran APP

लुधियाना में ताजपुर चौक-टिब्बा रोड फ्लाईओवर बनाने की क्रेडिट वार में कूदी भाजपा व कांग्रेस, जानें क्या है कारण

पंजाब विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही शहर में होने वाले विकास कार्यों पर नेताओं ने दावा जताना शुरू कर दिया। नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया ने ताजपुर चौक व टिब्बा रोड पर फ्लाईओवर बनाने का काम शुरू कर दिया।

By Rohit KumarEdited By: Published: Thu, 04 Feb 2021 01:41 PM (IST)Updated: Thu, 04 Feb 2021 01:41 PM (IST)
विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही शहर में होने वाले विकास कार्यों पर नेताओं ने दावा जताना शुरू कर दिया।

लुधियाना, राजेश भट्ट। विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही शहर में होने वाले विकास कार्यों पर नेताओं ने दावा जताना शुरू कर दिया। नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया ने ताजपुर चौक व टिब्बा रोड पर फ्लाईओवर बनाने का काम शुरू कर दिया। इस फ्लाईओवर को शुरू करवाने को लेकर नेताओं में क्रेडिट वार शुरू हो गई है। कांग्रेस के विधायक संजय तलवाड़ फ्लाईओवर का निर्माण कार्य शुरू करवाकर सबसे पहले अपना दावा जता चुके हैं। फ्लाईओवर हलका पूर्वी के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, ऐसे में पिछला विधानसभा चुनाव आम आदमी पार्टी के टिकट पर लड़ चुके कांग्रेस नेता दलजीत सिंह ग्रेवाल ने फ्लाईओवर पास करवाने में अपने प्रयास गिनाने शुरू किए।

वहीं, अब भारतीय जनता पार्टी भी इसका क्रेडिट लेने के लिए सामने आ गई। भाजपा नेताओं ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्टर जारी कर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का धन्यवाद किया और उनकी तरफ से इसे लुधियाना वासियों को एक गिफ्ट बताया। विधायक संजय तलवाड़ ने दावा किया कि सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, मंत्री भारत भूषण आशु व मेयर बलकार सिंह संधू के साथ नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया के चेयरमैन से मिले।

उसके बाद एनएचएआइ की टीम ने सर्वे किया और उसके बाद यहां फ्लाईओवर मंजूर हुआ। जिसका उन्होंने काम शुरू करवाया। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला भी कांग्रेस पार्टी से टिकट की दावेदारी जता रहे हैं तो वह भी इसे अपने प्रयासों की जीत बता रहे हैं। उनका दावा है कि सबसे पहले उन्होंने 2011 में यहां पर फ्लाईओवर की डिमांड की थी और उसके बाद से लगातार वह इसके लिए प्रयास करते रहे।

अब हलका पूर्वी से भाजपा के जिला सचिव नवल जैन ने इंटरनेट मीडिया के जरिए इसे भाजपा की तरफ से शहर को गिफ्ट बताया है। नवल जैन का कहना है कि केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने ही इस फ्लाईओवर को बनाने की मंजूरी दी है और केंद्र की भाजपा सरकार इस फ्लाईओवर का निर्माण करवा रही है। जिसका लाभ इलाके के लोगों को होगा।

स्मार्ट सिटी के कामों पर भी भाजपाई जताएंगे हक

स्मार्ट सिटी के तहत करवाए जा रहे विकास कार्यों के लिए केंद्र सरकार की तरफ से ग्रांट जारी की जा रही है। लुधियाना शहर में अब तक कुल 1200 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट स्मार्ट सिटी के तहत शहर में लाए गए हैं। इसमें से कुछ पर काम हो गया है और कुछ पर काम चल रहा है। भाजपा अब चुनाव से पहले लोगों को इस बारे में भी बताएगी कि स्मार्ट सिटी के तहत करवाए जा रहे काम के लिए पैसा केंद्र की भाजपा सरकार की तरफ से आ रहा है।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.