Move to Jagran APP

Ludhiana: विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियों को लगा झटका, चेतली, आरडी शर्मा व मिंटू शिअद में शामिल

विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियों को उस वक्त गहरा झटका लगा जब लुधियाना से तीन भाजपा नेताओं ने अकाली दल का दामन थाम लिया। लुधियाना से भी भाजपा के तीन पुराने नेता कमल चेतली आरडी शर्मा और राजेश शर्मा मिंटू शिअद में शामिल हो गए हैं।

By Pankaj DwivediEdited By: Updated: Sat, 21 Aug 2021 10:32 AM (IST)
Hero Image
किसान आंदोलन को लेकर भाजपा में बढ़ी आपसी कलह।

 लुधियाना [राजीव शर्मा]। पंजाब में कुछ महिनों बाद ही विधानसभा चुनाव होने वाले है। जिसे लेकर सियासी गलियारों में माहौल गर्म है। सभी पार्टियां जोरशोर से जोड़तोड़ की राजनीति कर रही हैं। कृषि सुधार कानूनों को लेकर भाजपा और अकाली दल का गठबंधन टूटने के बाद दोनों दल एक-दूसरे के नेताओं को अपने पाले में लाने में जुटे हैं।

भाजपा के कई नेता शुक्रवार को शिअद में शामिल हो गए हैं। एक साथ कई नेताओं का पार्टी को छोड़ना आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को काफी नुकसान पहुंचा सकता है। लुधियाना से भी भाजपा के तीन पुराने नेता कमल चेतली, आरडी शर्मा और राजेश शर्मा मिंटू शिअद में शामिल हो गए हैं। हालांकि पार्टी के नेताओं का मानना है कि उनके जाने से पार्टी को कोई खास नुकसान नहीं होगा।

गौरतलब है कि कृषि सुधार कानूनों को लेकर पूर्व मंत्री अनिल जोशी समेत कई नेताओं ने पार्टी की लाइन से हट कर इस फैसले पर केंद्र का विरोध किया था। पिछले दिनों अनिल जोशी पूर्व डिप्टी मेयर आरडी शर्मा की सभा में लुधियाना पहुंचे थे। उन्होंने उस समय भी कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ आवाज उठाई थी। इसके बाद भाजपा के प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा, जोनल प्रभारी राजेश बग्गा और जिला प्रभारी एवं जालंधर के पूर्व मेयर राकेश राठौर ने भी कमल चेतली, आरडी शर्मा को मनाने की कोशिश की थी लेकिन किसी की भी कोशिश कामयाब नहीं हो सकी।

कमल चेतली दो बार भाजपा युवा मोर्चा के जिला प्रधान रह चुके है। वे दो बार भाजपा जिला कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष रहे और पिछले विधानसभा चुनाव में वह भाजपा की ओर से लुधियाना पश्चिम हलके से चुनाव मैदान में भी उतरे थे। फिलहाल वह हलका पश्चिम के प्रभारी थे। वह पार्टी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके थे। पूर्व डिप्टी मेयर आरडी शर्मा भी भाजपा में लंबे समय से थे। वह मंडल प्रधान, पार्षद और एक पांच साल तक नगर निगम में डिप्टी मेयर के पद पर भी रहे। हलका नार्थ और निगम में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। इसके अलावा पूर्व पार्षद राजेश शर्मा मिंटू भी हलका नार्थ में अपना अच्छा आधार रखते हैं।

भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी, किसी के जाने से फर्क नहीं पड़ता

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनिल सरीन का कहना है कि पार्टी ने इन नेताओं को पूरा सम्मान दिया है। कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां उन्हें सौंपी गईं। अब इन नेताओं ने सियासी फायदे के लिए दूसरा रास्ता चुन लिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। किसी के जाने से पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता। पार्टी एक परिवार की तरह होती है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।