Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कैसे बिकेगा पंजाब के किसानों का धान? हड़ताल पर गए शैलर मालिक, आढ़तियों ने भी किया बहिष्कार

पंजाब की मंडियों में एक अक्टूबर से धान की सरकारी खरीद शुरू हो रही है लेकिन शैलर मालिकों और आढ़तियों की हड़ताल के कारण प्रशासन परेशान है। शैलर मालिक भारी आर्थिक नुकसान और सरकारी गोदामों में जगह की कमी के कारण धान उठाने को तैयार नहीं हैं। आढ़तियों ने भी एक अक्टूबर तक धान खरीद का बहिष्कार कर दिया है।

By Munish Sharma Edited By: Rajiv Mishra Updated: Sun, 29 Sep 2024 09:07 AM (IST)
Hero Image
एक अक्टूबर से शुरू होनी है धान की खरीदी

संवाद सूत्र, श्री माछीवाड़ा साहिब। पंजाब की मंडियों में धान की सरकारी खरीद एक अक्टूबर से शुरू होने जा रही है, लेकिन शैलर मालिक और आढ़ती अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चले जाने से प्रशासन दुविधा में है कि फसल मंडियों में कैसे बिकेगी। माछीवाड़ा मंडी की बात करें तो यहां सरकारी खरीद बेशक एक अक्टूबर से शुरू होनी है लेकिन सामान्य धान पहले ही बिक्री के लिए आ चुका है।

मंडियों में आया 50 हजार क्विंटल से ज्यादा धान

जानकारी के मुताबिक किसान 50 हजार क्विंटल से ज्यादा धान मंडियों में बेचने के लिए लाए हैं। वहीं अगर खरीद की स्थिति पर नजर डालें तो 2 दिन बीत चुके हैं लेकिन अभी तक माछीवाड़ा क्षेत्र के किसी भी शैलर मालिक ने भारी आर्थिक नुकसान के चलते इस धान की मिलिंग को लेकर खाद्य सप्लाई विभाग को अपनी अलॉटमेंट नहीं करवाई। क्योंकि पिछले वर्ष पड़े आर्थिक घाटे व सरकारी गोदामों में जगह की कमी के कारण वे इस फसल को उठाने के लिए तैयार नहीं हैं।

मंडियों से धान उठाने को तैयार नहीं शैलर मालिक

अधिकारी शैलर मालिकों पर दबाव बना रहे हैं कि वे मंडियों से सरकारी खरीद शुरू होते ही धान उठा लें और अपनी अलॉटमेंट ले लें। जानकारी के मुताबिक कोई भी शैलर मालिक अभी तक मंडियों से धान उठाने को तैयार नहीं है।

वहीं दूसरी ओर आढ़तियों ने भी एक अक्टूबर तक धान खरीद का बहिष्कार कर दिया है, जो सरकार से अपनी समस्याओं के समाधान की गुहार लगा रहे हैं। अगर सरकार व प्रशासन ने आने वाले दो दिनों में शैलर मालिकों व आढ़तियों की समस्या का समाधान नहीं किया तो धान का सीजन किसानों के लिए भारी आफत बन जाएगा।

यह भी पढ़ें- पंजाब के सिनेमाघरों में नहीं चलने देंगे कंगना की फिल्म 'इमरजेंसी', SGPC ने किया एलान

जिला खाद्य अधिकारी ने कही ये बात

इस संबंध में जब जिला खाद्य अधिकारी शिफाली चोपड़ा से बात की तो उन्होंने कहा कि मंडियों से धान की लिफ्टिंग को लेकर शैलर मालिकों की अलॉटमेंट की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि एक अक्टूबर से धान की सरकारी खरीद सुचारू रूप से चलाने के लिए प्रशासन द्वारा पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- Punjab News: बासमती का उचित मूल्य न मिलने से किसानों में नाराजगी, सड़क पर धान गिराकर किया प्रदर्शन

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें