Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Nawanshahr बेटी के जन्मदिन पर गिफ्ट खरीदवाने के बहाने पत्नी की गला घोटकर की हत्या, पति व दोस्त गिरफ्तार

बलाचौर के जंगल में मिली लाश की पहचान करके पुलिस ने 24 घंटों में ही हत्या की गुत्थी सुलझा ली है और इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। महिला के पति व पति के दोस्त ने हत्या कर शव बलाचौर के जंगल में फेंक दिया था।(जागरण फोटो0

By Jagran NewsEdited By: Jagran News NetworkUpdated: Sat, 11 Feb 2023 03:43 PM (IST)
Hero Image
पुलिस की गिरफ्त में दोनों आरोपित व जानकारी देते हुए एसएसपी भगीरथ सिंह मीणा।

जागरण संवाददाता, नवांशहर: पुलिस ने वीरवार को बलाचौर के जंगल में मिली लाश की पहचान करके 24 घंटों में ही हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। महिला की हत्या उसके पति व पति के दोस्त ने पांच फरवरी को ही कर दी थी और शव बलाचौर के गांव भद्दी के जंगल में फेंक दिया था। पति ने पत्नी किरण को बेटी के जन्मदिन का गिफ्ट लेने के लिए बलाचौर बुलाया था।

वहां, उसकी चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। एसएसपी भगीरथ सिंह मीणा ने शुक्रवार को प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि नौ फरवरी को बलाचौर पुलिस को भद्दी से नूरपुर रोड पर जंगल में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद शव को सिविल अस्पताल बलाचौर पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। जहां पर महिला की पहचान थाना काठगढ़ के गांव हसनपुर कलां निवासी 23 वर्षीय किरण देवी के तौर पर हुई।

शराब पीने के बाद करता था पत्नी से मारपीट

मृतका की मां जिला होशियारपुर के थाना समुंदड़ा की सैला कलां कालोनी निवासी कमलेश रानी ने बयान दर्ज करवाए कि बेटी किरण की शादी वर्ष 2021 में हसनपुर निवासी शरणजीत सिंह के साथ हुई थी। जिसकी एक वर्ष की बेटी है। शरणजीत सिंह अपने दोस्त गांव परागपुर निवासी रोहित कुमार के साथ अक्सर उसकी कार से घर आता था व शराब पीने के बाद किरण से मारपीट करता रहता था।

इस कारण किरण अपने पति से अलग होकर नवांशहर में किराये के मकान में रहने लगी। पांच फरवरी को वो बेटी के पास नवांशहर आई हुई थी तो किरण ने बताया कि उसकी बेटी का जन्मदिन आठ फरवरी को आ रहा है और पति ने उसे गिफ्ट खरीदने के लिए बलाचौर बुलाया है। वह घर से बलाचौर चली गई पर नहीं लौटी। उसके बाद किरण का शव जंगल से मिला।

मां ने जताया था दामाद पर शक

मां ने किरण की हत्या होने का शक दामाद शरणजीत व उसके दोस्त रोहित पर जताया था। मां कमलेश रानी के बयान पर शरणजीत सिंह व उसके दोस्त रोहित के खिलाफ थाना बलाचौर में धारा 302 के तहत केस दर्ज कर लिया गया। कत्ल की गुत्थी को सुलझाने के लिए एसपी (पीबीआइ) इकबाल सिंह, डीएसपी बलाचौर दविंदर सिंह, डीएसपी (एच एंड एफ) सुरिंदर चांद, सीआइए इंचार्ज अवतार सिंह व इंस्पेक्टर जरनैल सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।

जिन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए शरणजीत सिंह व रोहित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों से पूछताछ के बाद यह बात सामने आई कि शरणजीत ने किरण देवी को गिफ्ट खरीद कर देने के बहाने बलाचौर बुलाया व रोहित की आल्टो कार में उसे भद्दी नूरपुर रोड पर ले गए और वहां पर गला चुन्नी से दबाकर उसकी हत्या कर दी व लाश को जंगल में ही फेंक दिया। आरोपितों द्वारा कत्ल में प्रयोग की गई कार बरामद कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें