Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Pathankot News: पठानकोट की बेटी ने लहराया परचम, सेना में लेफ्टिनेंट बनकर मां-बाप का रोशन किया नाम

पल्लवी राजपूत ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर इतिहास रच दिया है। पठानकोट जिले गुलपुर सिंबली गांव की रहने वाली पल्लवी ने माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट मोहाली से प्रशिक्षण प्राप्त किया और फिर ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी चेन्नई से सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया। आज वह लेफ्टिनेंट के रूप में भारतीय सेना में शामिल हो गई हैं। इस उपलब्धि से उनके माता-पिता और पूरे जिले में खुशी की लहर है।

By Jagran News Edited By: Rajiv Mishra Updated: Sat, 07 Sep 2024 06:51 PM (IST)
Hero Image
सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त हुईं पल्लवी राजपूत

जागरण संवाददाता, पठानकोट। जिले के गांव गुलपुर सिंबली के किसान रविंद्र सिंह की 22 वर्षीय बेटी पल्लवी राजपूत ने सेना में लेफ्टिनेंट नियुक्त होकर यह संदेश दिया है कि आज की बेटियां हर क्षेत्र के बुलंदियों को छू रही हैं।

माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट (ए.एफ.पी.आई.) फॉर गर्ल्स, एस.ए.एस. नगर (मोहाली) की उपलब्धियों की सूची में आज एक और नाम जुड़ गया जब इस संस्थान की कैडेट रही पल्लवी राजपूत भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में नियुक्त हुई हैं।

आज पासिंग आऊट परेड में लिया हिस्सा

चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओ.टी.ए) से सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने के बाद आज शनिवार को पल्लवी ने पासिंग आउट परेड में हिस्सा लिया। इस परेड का निरीक्षण वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने किया।

बेटी की उपलब्धि पर माता-पिता खुश

बेटी की इस उपलब्धि से लेफ्टिनेंट पल्लवी राजपूत के पिता रविंद्र सिंह सम्बयाल व माता शिवानी सम्ब्याल गद-गद दिखे। उन्होंने ने ओ.टी.ए चेन्नई में आज हुई पासिंग आउट परेड के बाद लेफ्टिनेंट बनी बेटी के कंधों पर स्टार लगाते हुए गर्व व खुशी के आंसुओं के साथ बताया कि पल्लवी उनकी इकलौती बेटी है तथा एक बेटा साहिल सम्बयाल जो कि इंडियन नेवी में सेवाएं दे रहा है।

इन जगहों से पल्लवी ने की है पढ़ाई

उन्होंने बताया कि पल्लवी ने पांचवीं तक की शिक्षा लिटिल फ्लावर कॉन्वेंट स्कूल दीनानगर से प्राप्त की। उसके बाद छठी कक्षा से लेकर बारहवीं तक की शिक्षा क्राइस्ट किंग कॉन्वेंट स्कूल सुजानपुर से हासिल करने बाद 2019 को माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट मोहाली में टेस्ट पास कर दाखिला लिया।

यहां से तीन साल का कोर्स करने के उपरांत 2022 को वह इस इंस्टीट्यूट से पासिंग आउट हुई उसके बाद एक साल सी.डी.एस एग्जाम की। कोचिंग लेने के बाद 2023 को पहले प्रयास में ही सी.डी.एस की परीक्षा पूरे देश में छठे रैंक के साथ उत्तीर्ण करने के बाद ओ.टी.ए चेन्नई में कैडेट के रूप में ट्रेनिंग करने लगी तथा आज लेफ्टिनेंट बनकर वो इस एकेडमी से पासिंग आउट हुई है।

यह भी पढ़ें- PU Election: कौन हैं अनुराग दलाल, जिनकी आंधी में प्रमुख छात्र संगठन चारों खाने चित, अध्यक्ष पद पर किया कब्जा

जिले के मान को बढ़ाने वाली पल्लवी का परिषद करेगी सम्मान

शहीद सैनिक परिवार सुरक्षा परिषद के महासचिव कुंवर रविंद्र सिंह विक्की ने पल्लवी राजपूत के लेफ्टिनेंट नियुक्त होने पर उनके माता-पिता को बधाई देते हुए कहा कि लेफ्टिनेंट पल्लवी की सफलता पंजाब की अन्य बेटियों को रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।

उन्होंने कहा कि माध्यम वर्गीय परिवार से संबंध रखने वाली होनहार बेटी पल्लवी के पिता किसान हैं और माता गृहणी हैं फिर भी उसने यह मुकाम हासिल कर उन लोगों के मुंह पर करारा तमाचा जड़ा है जो आज भी बेटियों को बोझ समझते हुए उन्हें कोख में ही मार देते हैं। कुंवर विक्की ने बताया कि उनकी परिषद शीघ्र ही पल्लवी राजपूत को 'गौरव सम्मान' से सम्मानित कर उसके मनोबल को बढ़ाते हुए अन्य बेटियों को पल्लवी से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित करेगी।

यह भी पढ़ें- Farmers Protest: चंडीगढ़ में धरना खत्म कर घर लौटने लगे किसान, CM मान के साथ बैठक के बाद लिया फैसला