Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Punjab News: 'मुख्यमंत्री बनना आसान, जिम्मेदारी निभाना बहुत मुश्किल...'; सुखबीर बादल ने CM मान पर साधा निशाना

Punjab News शिअद अध्‍यक्ष सुखबीर बादल (Sukhbir Badal) ने भगवंत मान (CM Bhagwant Mann) पर निशाना साधा है। उन्‍होंने कहा कि मुख्‍यमंत्री बनना आसान है लेकिन जिम्‍मेदारी निभाना बहुत मुश्किल है। उन्होंने कहा कि किसानों के आंदोलन को दबाने के लिए आम आदमी पार्टी और भाजपा एक हो गई हैं। शिरोमणि अकाली दल के राज के दौरान सरकारों द्वारा पंजाब को बचाने के प्रयास किए गए।

By Jagran News Edited By: Himani Sharma Updated: Sat, 11 May 2024 07:12 PM (IST)
Hero Image
सुखबीर बादल ने CM मान पर साधा निशाना

जागरण संवाददाता, सुनाम उधम सिंह वाला/धूरी (संगरूर)। अगर दिल्ली के लोग पंजाब के किसानों को अपनी जायज मांगें मनवाने के लिए अपने देश की राजधानी में जाने से रोकते हैं, तो पंजाबियों को भी दिल्ली से चलने वाली पार्टियों के लिए सीमाएं सील कर देनी चाहिए।

उक्त विचार शिरोमणि अकाली दल के प्रधान मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने शनिवार को सुनाम की नई अनाज मंडी में लोगों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि किसानों के आंदोलन को दबाने के लिए आम आदमी पार्टी और भाजपा एक हो गई हैं।

शिअद ने पंजाब को बचाने के किए प्रयास: बादल

शिरोमणि अकाली दल के राज के दौरान सरकारों द्वारा पंजाब को बचाने के प्रयास किए गए। लोगों को जरूरी सुविधाएं प्रदान की गईं। खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए ट्यूबवेल, बिजली की जरूरत पूरी करने के लिए थर्मल प्लांट का कनेक्शन अकाली सरकारों ने दिया है, जबकि दिल्ली से चलने वाले राजनीतिक दल अपने आकाओं को खुश करने के लिए पंजाब और पंजाबियों का अपमान कर रहे हैं।

कांग्रेस पर भी भड़के बादल

बादल ने कहा कि चार दशक पहले कांग्रेस द्वारा सिखों के केंद्रीय तीर्थ श्री अकाल तख्त साहिब पर सेना का हमला करवाया था। जिसका आज तक न्याय नहीं मिला। सिखों व पंजाब की रक्षा के लिए शिअद का सत्ता में आना जरूरी है।

यह भी पढ़ें: Punjab News: भाजपा प्रत्याशी IAS परमपाल कौर का इस्तीफा मंजूर, पंजाब की इस लोकसभा सीट से लड़ रही हैं चुनाव

इस मौके पर संगरूर लोकसभा क्षेत्र से अकाली दल के उम्मीदवार एडवोकेट इकबाल सिंह झूंदा, संगरूर हलका इंचार्ज विन्नरजीत सिंह गोल्डी, पूर्व मंत्री बलदेव सिंह मान, गोबिंद सिंह लोंगोवाल, राजिंदर दीपा, गुलजारी मूनक, तेजिंदर सिंह संघरेड़ी, तेजा सिंह कमालपुर, गुरलाल सिंह फतेहगढ़, ज्ञानी निरंजन सिंह मौजूद थे।

बादल ने भगवंत मान पर भी साधा निशाना

उधर, धूरी की अनाज मंडी में रैली को संबोधित करते हुए बादल ने कहा कि जो व्यक्ति अपने वोटरों का आभार व्यक्त करने के लिए नहीं आया, वह अपने हलके का क्या विकास करेगा। मुख्यमंत्री बनना आसान है, लेकिन जिम्मेदारी निभाना बहुत मुश्किल है। भगवंत मान मुख्यमंत्री तो बन गए है, लेकिन अपने हलके की सेवा नहीं कर सके। इसके उलट पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल लोगों की सच्ची सेवा की बदौलत पांच बार मुख्यमंत्री रहे।

मान के हलके की शुगर मिल पड़ी बंद: सुखबीर बादल

बादल ने कहा कि पंजाब व सभ्याचार को बचाने के लिए शिअद को वोट देने की जरूरत है। यदि इकबाल सिंह झूंदा सांसद बने तो धूरी में रेल ओवर ब्रिज बनाकर दिया जाएगा। पंजाब में बड़े उद्योग स्थापित करने वाले भगवंत मान के अपने हलके की शुगर मिल भी बंद हो चुकी है। दूसरी तरफ शिअद की सरकार के समय ही राज्य में नई अनाज मंडियां, आटा दाल योजना, शगुन स्कीम, बुढ़ापा पैंशन लाने के अलावा स्कूलों में फ्री पढ़ाई, खेल, कब्ड्डी कप करवाए गए।

यह भी पढ़ें: Amritsar News: अटारी बॉर्डर पर फहराया गया BSF का सबसे ऊंचा झंडा, जवानों की आन-बान-शान का है प्रतीक

बादल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल पंजाब के हितों की रक्षा के लिए काम करती आ रही है। इस मौके संसदीय उम्मीदवार इकबाल सिंह झूंदा, संगरूर हलका इंचार्ज विन्नरजीत सिंह गोल्डी, जिला प्रधान तेजिंदर सिंह संघरेड़ी, पूर्व विधायक गोबिंद सिंह लोंगोवाल, शिरोमणि कमेटी सदस्य भुपिंदर सिंह सरपंच गमदूर सिंह, प्रितपाल सिंह विर्क, बलविंदर सिंह, हंसराज गर्ग, धरमिंदर सिंह आदि मौजूद थे।

कॉलेज कमेटी ने काली झंडियां दिखाई

इकबाल सिंह झूंदा की चुनावी रैली के पास मस्तुआना साहिब में मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए संघर्ष कर रही कमेटी द्वारा शिरोमणि अकाली दल बादल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल और शिरोमणि अकाली दल बादल और उम्मीदवार इकबाल सिंह झूंदा का विरोध किया गया।

काले झंडे दिखाकर नारेबाजी की गई। कमेटी सदस्य मास्टर जसवंत सिंह दुग्गा, बलवीर सिंह और राजिंदर सिंह ने बताया कि मस्तुआना साहिब में मेडिकल कॉलेज बनाने का नींव पत्थर मौजूदा मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा रखा गया था, परन्तु शिरोमणि कमेटी ने कोर्ट से स्टे लेकर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल बनाने में अचड़न डाल दी है।