Move to Jagran APP

CM Bhagwant Mann: धूरी में सीएम मान ने किया 12 मॉडर्न लाइब्रेरी का उद्घाटन, बोले- 'युवाओं की बदलेगी किस्मत'

पंजाब के सीएम भगवंत मान (CM Bhagwant Mann) ने धूरी (संगरूर) में युवाओं के लिए 12 अत्याधुनिक पुस्तकालय का उद्घाटन किया। इसके साथ ही सीएम मान ने कहा कि जल्द ही 16 और ऐसे पुस्तकालय खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि विश्व स्तरीय लाइब्रेरी मॉडर्न सुविधाओं से लैस है। ये पुस्तकालय छात्रों की किस्मत बदलने के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। पंजाबियों को मेहनत और लगन विरासत में मिली है।

By Jagran NewsEdited By: Deepak SaxenaUpdated: Sun, 01 Oct 2023 12:09 PM (IST)
Hero Image
संगरूर के धूरी में मुख्यमंत्री भगवंत मान अत्याधुनिक पुस्तकालय के उद्घाटन के बाद छात्राओं से बातचीत करते हुए।

जागरण टीम, धूरी (संगरूर): पढ़ने के प्रति रुचि पैदा करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को संगरूर में राज्य के युवाओं को 12 अत्याधुनिक पुस्तकालय समर्पित किए। गांव घनौर खुर्द में मुख्यमंत्री ने लाइब्रेरी का उद्घाटन करने के बाद किंग पैलेस में समागम को संबोधित करते हुए कहा कि यह तो अभी बस शुरुआत है। जल्द ही 16 और ऐसे पुस्तकालय खोले जाएंगे।

सीएम मान ने कहा कि आधुनिक पुस्तकालयों का उद्देश्य युवाओं को राज्य की सामाजिक-आर्थिक प्रगति में सक्रिय भागीदार बनने के लिए तैयार करना है। राज्य सरकार अब हर घर को उत्पादन इकाई बनाने के लिए जिला संगरूर में चल रही पहल योजना को पंजाब भर में लागू करेगी। इससे हर हाथ में रोजगार उपलब्ध होगा। उन्होंने चीन का उदाहरण देते हुए कहा कि अब इस प्रणाली के जरिये पंजाब को वस्तु निर्माता बनाकर दुनिया भर में अग्रणी बनाया जाएगा।

विश्वस्तरीय मॉडर्न लाइब्रेरी छात्रों के लिए साबित होगी मील का पत्थर: सीएम

मान ने कहा कि यह विश्व स्तरीय पुस्तकालय अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। पुस्तकालयों में एयर कंडीशनर, इनवर्टर, सीसीटीवी कैमरे, वाई-फाई और अन्य आधुनिक सुविधाएं प्रदान की गई हैं। यह पुस्तकालय वास्तव में ज्ञान और साहित्य का भंडार होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े गर्व की बात है कि इन पुस्तकालयों में विभिन्न विषयों की बहुमूल्य पुस्तकें हैं, जो पुस्तक प्रेमियों को आकर्षित करेंगी। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि यह पुस्तकालय छात्रों की किस्मत बदलने में मील का पत्थर साबित होंगे। मान ने कहा कि पंजाबियों को मेहनत व लगन विरासत में मिली है, जिससे वह हर क्षेत्र में अपनी सफलता के झंडे गाड़ रहे हैं।

ये भी पढ़ें: Amritsar News: पुरातन मंदिर की जमीन पर कब्जे की कोशिश, 22 लोगों पर मामला दर्ज

सरकार स्वयं सहायता समूहों से सिलवाएगी विद्यार्थियों की यूनीफॉर्म

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार पंजाब के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की यूनीफॉर्म स्वयं सहायता समूहों से सिलवाएगी। इस कदम से राज्य के गांवों में काम कर रहे स्वयं सहायता समूहों की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह कदम विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों द्वारा अपनी शक्तियों का उपयोग अपने निजी हितों या अपने परिवार के सदस्यों की पूर्ति के लिए किया जाता रहा है। पिछले सरकारों ने हमेशा आम आदमी को मूर्ख बनाया है, जिसके कारण लोगों ने इन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि पंजाब और पंजाब की जनता का पैसा लूटने वाले किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। भ्रष्टचारियों को जेल में डाला जाएगा।

एनओसी का मुद्दा जल्द होगा हल: CM मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही जमीन रजिस्ट्री के लिए एनओसी के मु्द्दे को हल करेगी। इससे संबंधित समस्या का भी समाधान किया जाएगा। इस उद्देश्य से भूमि की पहचान व हदबंदी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की शुरूआत की जा रही है। मान ने कहा कि राज्य सरकार राजस्व, पुलिस, कराधान, स्वास्थ्य, कृषि व अन्य विभागों में नई क्रांति लाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

एशियाई खेलों में जीतने वालों को मिलेगा सम्मान

मान ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से राज्य के खिलाड़ी एशियाई खेलों में पंजाब का नाम रोशन कर रहे हैं। सरकार इन्हें सम्मानित करेगी। राज्य सरकार खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और अन्य सुविधाएं देकर प्रोत्साहित कर रही है। राज्य के इतिहास में पहली बार खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए वित्तीय सहायता दी जा रही है। यही नहीं खिलाड़ियों को हर तरह की सुविधाएं भी मुहैया करवाई जाएंगी।

ये भी पढ़ें: Gurdaspur News: 1.40 किलोग्राम हेरोइन के साथ तीन नशा तस्कर गिरफ्तार, NDPS के तहत मामला दर्ज

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें