Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

राजस्थान के दौसा में गर्भवती की दुष्कर्म के बाद हत्या, ग्रामीणों ने आरोपी के घर में लगाई आग; परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश

राजस्थान के दौसा के नांदरी गांव में हिंसा हुई है। गर्भवती महिला से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या को लेकर ग्रामीणों नाराज हो गए। ग्रामीणों ने आरोपी और उसके रिश्तेदारों के घरों में आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस के वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। ग्रामीणों के हमले में तीन लोग घायल हुए हैं। तीनों लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

By Jagran News Edited By: Manish Negi Updated: Fri, 03 May 2024 01:45 PM (IST)
Hero Image
राजस्थान के दौसा में बवाल (प्रतीकात्मक तस्वीर)

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में दौसा बवाल हो गया है। नांदरी गांव में गर्भवती महिला से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई है। घटना से गुस्साए महिला गांव के लोगों ने आरोपियों और उसके रिश्तेदारों के घरों में आग लगा दी और तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं आरोपियों के परिवारवालों को जिंदा जलाने की भी कोशिश की गई।

इस बवाल की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को भी लोगों ने नहीं बख्शा। पुलिस पर पथराव हुआ और उनके वाहनों में तोड़फोड़ की गई। हमले में तीन लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं। घायलों को दौसा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार तीनों बुरी तरह झुलस गए।

आगजनी से पहले बैठक

बताया जा रहा है कि आरोपियों के घरों में आग लगाने से पहले ग्रामीणों ने बीती रात 10 बजे बैठक की। बैठक में ही आगजनी का फैसला किया गया। इसके बाद आधा दर्जन घरों में तोड़फोड़ करने के साथ ही आग लगा दी गई। तनाव को देखते हुए अधिकारी और पुलिसकर्मी पूरी रात गांव में तैनात रहे। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की है।

क्या है मामला?

बता दें कि 28 अप्रैल को गांव के जगराम नाम का युवक गांव की एक गर्भवती महिला को खेत में काम करने के बहाने अपने साथ लेकर गया और दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद जगराम ने उसकी हत्या कर दी। महिला के वापस घर नहीं लौटने पर स्वजनों ने तलाशी शुरू की तो शव पहाड़ के पास क्षत-विक्षत हालत में पड़ा हुआ मिला। इस पर मृतका के पति ने जगराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।

पुलिस की जांच में भी महिला के साथ जगराम द्वारा दुष्कर्म एवं हत्या करने की बात सामने आई। पुलिस ने एक मई को जगराम को गिरफ्तार कर लिया। जगराम की गिरफ्तारी के बावजूद ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने आरोपी के स्वजनों के घरों में आग लगा दी।