Move to Jagran APP

Rajasthan: अनिता भदेल राजस्थान की सर्वश्रेष्ठ विधायक घोषित, विधानसभा में 20 मार्च को मिलेगा अवार्ड

अजमेर दक्षिण की भाजपा विधायक अनिता भदेल को राजस्थान के 200 विधायकों में से सर्वश्रेष्ठ विधायक घोषित किए जाने पर उन्होंने इसे क्षेत्र के मतदाताओं और अजमेर की जनता का सम्मान बताया है। सर्वश्रेष्ठ विधायक का अवार्ड 20 मार्च को विधानसभा परिसर में होने वाले समारोह में दिया जाएगा।

By Jagran NewsEdited By: Sonu GuptaUpdated: Thu, 16 Mar 2023 04:38 PM (IST)
Hero Image
अनिता भदेल राजस्थान की सर्वश्रेष्ठ विधायक घोषित, विधानसभा में 20 मार्च को मिलेगा अवार्ड। फोटो- जागरण।

अजमेर, जेएनएन। अजमेर दक्षिण की भाजपा विधायक अनिता भदेल को राजस्थान के 200 विधायकों में से सर्वश्रेष्ठ विधायक घोषित किए जाने पर उन्होंने इसे क्षेत्र के मतदाताओं और अजमेर की जनता का सम्मान बताया है। भदेल को सर्वश्रेष्ठ विधायक का अवार्ड 20 मार्च को सायं पांच बजे विधानसभा परिसर में होने वाले समारोह में दिया जाएगा। इस समारोह में विधानसभा अध्यक्ष के साथ साथ मुख्यमंत्री, प्रतिपक्ष के नेता आदि उपस्थित रहेंगे। भदेल को यह अवार्ड वर्ष 2022 की परफॉर्मेंस के आधार पर दिया गया है।

लगातार चार बार चुनाव जीती हैं भदेल

भदेल अजमेर दक्षिण से लगातार चार बार चुनाव जीती हैं। भदेल ने हर विपरीत परिस्थितियों में भाजपा को जीत दिलाई है। दो बार तो कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर हेमंत भाटी जैसे धनाढ्य और बीड़ी उद्योगपति को हराया है। चार बार विधायक और एक बार मंत्री बनने के बाद भी भदेल ने अपने क्षेत्रवासियों से लगाव बनाए रखा है। वे आज भी अपने पुराने भजनगंज स्थित मकान पर ही रोजाना जनसुनवाई करती है। लोगों की समस्याओं का समाधान करती हैं। लोकप्रियता के कारण ही भदेल को पूरे शहर जिले और संभाग में हर किसी सामाजिक समारोह और लोगों के दुख-सुख में साथ खड़े देखा जा सकता है।

15 मार्च को की गई थी घोषणा

मालूम हो कि अनिता भदेल को सर्वश्रेष्ठ विधायक घोषित किए जाने की घोषणा 15 मार्च को विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी की अध्यक्षता वाली कमेटी ने सर्वसम्मति से की। सर्व श्रेष्ठ विधायक की घोषणा में विधानसभा में विधायक ओवरऑल परफॉर्मेंस देखी जाती है। विधायक द्वारा उठाए गए सवालों की संख्या के साथ साथ कानून बनाने की प्रक्रिया में भूमिका भी देखी जाती है। किसी मुद्दे पर बहस के दौरान रखे गए तथ्य भी देखे जाते हैं। साथ ही सत्र में विधायक का अनुशासन भी देखा जाता है। सर्वश्रेष्ठ विधायक के सभी मापदंडों पर खरा उतरने के कारण ही भदेल को अवार्ड मिला है। अवार्ड मिलने पर भदेल ने कहा कि यह सम्मान पूरे अजमेर का है। इस सम्मान के असली हकदार अजमेर दक्षिण क्षेत्र के मतदाता है। क्षेत्र के मतदाताओं ने मुझे चुना, इसलिए मैं विधानसभा में अपनी योग्यता दिखा पाई।

 पांचवीं बार भाजपा से मिल सकती है टिकट 

सर्वश्रेष्ठ विधायक का अवार्ड मिलने के साथ ही राजनीतिक क्षेत्रों में चर्चा है कि अब अनिता भदेल का अजमेर दक्षिण से पांचवीं बार भाजपा का टिकट मिलने के मार्ग में कोई रुकावट नहीं होगी। सब जानते हैं कि प्रदेश में भी कांग्रेस की सरकार है और विधानसभा के अध्यक्ष के पद पर डॉ. सीपी जोशी जैसे संविधान विशेषज्ञ बैठे हैं। ऐसे में किसी भाजपा विधायक को सर्वश्रेष्ठ विधायक का अवार्ड मिलना आसान नहीं है। जब कांग्रेस सरकार में ही सर्वश्रेष्ठ विधायक का अवार्ड मिल गया तो फिर अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा का टिकट क्यों नहीं मिलेगा? आखिर पार्टी भी तो मौजूदा विधायक की परफॉरमेंस ही देखती है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें