Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Rajasthan: भरतपुर के पूर्व राजपरिवार का विवाद पुलिस तक पहुंचा, बेटे ने पिता के खिलाफ की शिकायत

Rajasthan भरतपुर के पूर्व राजपरिवार में पिछले पांच-छह माह से चल रही आपसी कलह अब पुलिस तक पहुंच गई है। भरतपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य और कांग्रेस विधायक विश्वेंद्र सिंह के खिलाफ उनके पुत्र अनिरुद्ध सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा कर खुद की सुरक्षा की मांग की।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Updated: Thu, 19 Aug 2021 09:03 PM (IST)
Hero Image
भरतपुर के पूर्व राजपरिवार का विवाद पुलिस तक पहुंचा, बेटे ने पिता के खिलाफ की शिकायत। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में भरतपुर के पूर्व राजपरिवार में पिछले पांच-छह माह से चल रही आपसी कलह अब पुलिस तक पहुंच गई है। भरतपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य और कांग्रेस विधायक विश्वेंद्र सिंह के खिलाफ उनके पुत्र अनिरुद्ध सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा कर खुद की सुरक्षा की मांग की है। अनिरुद्ध ने पिता से जान का खतरा होने की बात कही है। उसने अपने पिता से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि शीघ्र ही पुलिस को विश्वेंद्र सिंह के खिलाफ सख्ती करनी चाहिए। अनिरुद्ध ने भरतपुर जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र विश्नोई को दी शिकायत में आरोप लगाया कि विश्वेंद्र सिंह के निकटस्थ लोग उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले में सुरक्षा की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि विश्वेंद्र सिंह अशोक गहलोत सरकार में पर्यटन मंत्री थे, लेकिन सचिन पायलट खेमे के साथ उन्होंने बगावत कर दी थी। इस कारण उन्हें मंत्रिमंडल से हटा दिया गया था। हालांकि पिछले छह माह से वह सीएम गहलोत के संपर्क में है। विश्वेंद्र सिंह का अपनी पत्नी दिव्या सिंह और पुत्र अनिरुद्ध के साथ कई महीनों से विवाद चल रहा है। अनिरुद्ध ने अपने पिता के खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर टिप्पणी भी कई बार की। परिवार में विवाद बढ़ा तो विश्वेंद्र सिंह सीएम से मिले और सुरक्षा की मांग की। इस पर उन्हें सुरक्षा मुहैया करवाई गई।

अनिरुद्ध सिंह ने सचिन पायलट को खुद का गुरु बताया था

परिवार में आपसी कलह के बीच अनिरुद्ध सिंह ने विश्वेंद्र सिंह के अशोक गहलोत खेमे में जाने पर कई बार सार्वजनिक टिप्पणी की। अनिरुद्ध ने पिछले दिनों ट्वीट कर पायलट और अपनी मां को खुद का राजनीतिक गुरु बताया था। हालांकि परिवार में आपसी विवाद का बड़ा कारण संपत्ति है। अनिरुद्ध का आरोप है कि विश्वेंद्र सिंह पूर्व राजपरिवार की संपत्ति बेचने में जुटे हैं। नियमों के अनुसार, वह बेची नहीं जा सकती है। विश्वेंद्र सिंह ने इस मुद्दे पर अब तक सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें