Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

PM Modi in Ajmer: 'सेवा और सुशासन के नौ साल', PM मोदी बोले- 85 फीसदी कमीशन खाने वाली पार्टी है कांग्रेस

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अजमेर में जनसभा को संबोधित करते हुए ग्रैंड ओल्ड पार्टी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर योजना में 85 फीसदी कमीशन खाने वाली पार्टी है। साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बयान का भी हवाला दिया।

By Jagran NewsEdited By: Anurag GuptaUpdated: Wed, 31 May 2023 05:52 PM (IST)
Hero Image
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जयपुर दौरा (फोटो : @BJP4India)

जयपुर, ऑनलाइन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को पुष्कर में ब्रह्मा मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी अजमेर में एक जनसभा को संबोधित किया। बता दें कि केंद्र की मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के महीनेभर के अभियान का यह पहला बड़ा कार्यक्रम है।

अजमेर के करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित ब्रह्मा मंदिर में प्रधानमंत्री मोदी ने विधिवत पूजा अर्चना की। इसका वीडियो भी सामने आया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज ही देवी अहिल्याबाई होल्कर जी की जन्म जयंती भी है। राष्ट्र निर्माण के कार्यों के लिए देश के लोगों को कर्तव्यपथ की दिशा दिखाने के लिए देवी अहिल्या जी को देश हमेशा याद रखेगा। मैं देवी अहिल्याबाई होल्कर जी को आदरपूर्वक श्रद्धांजलि देता हूं।

सृष्टि के रचयिता हैं ब्रह्मा जी

उन्होंने कहा, 

आज मुझे तीर्थराज पुष्कर जाने का सौभाग्य मिला। हमारे शास्त्रों में ब्रह्मा जी को सृष्टि का रचयिता कहा गया है। ब्रह्मा जी के आशीर्वाद से आज भारत में नव निर्माण का दौर चल रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के नौ साल भी पूरे हो गए हैं। भाजपा सरकार के ये नौ साल देशवासियों की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहे हैं।

कांग्रेस को लेकर क्या बोले PM मोदी?

इसी बीच उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 के पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि पूरे देश में जनता भ्रष्टाचार के विरुद्ध सड़क पर उतरी हुई थी। कांग्रेस सरकार सीमा पर सड़कें बनाने से भी डरती थी। बड़े-बड़े शहरों में आए दिन आतंकी हमले होते थे। प्रधानमंत्री के ऊपर सुपरपावर थी, कांग्रेस सरकार रिमोट कंट्रोल से चला करती थी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की 'गरीबों को भरमाओ, गरीबों को तरसाओ' वाली नीति रही है। राजस्थान के लोगों ने भी इसका बहुत बड़ा नुकसान उठाया है।

उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत का यशगान हो रहा है। दुनिया के बड़े एक्सपर्ट्स ये बोल रहे हैं कि भारत अति गरीबी को समाप्त करने के बहुत निकट है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,

कांग्रेस ने वीरों के साथ भी हमेशा धोखा किया है। ये कांग्रेस ही है, जो 'वन रैंक वन पेंशन' के नाम पर हमारे पूर्व सैनिकों से विश्वासघात करती रही। भाजपा सरकार ने ना सिर्फ वन रैंक वन पेंशन को लागू किया, बल्कि पूर्व सैनिकों को एरियर भी दिया।

उन्होंने कहा कि हमारे देश में विकास के काम के लिए पैसे की कमी कभी भी नहीं रही है, लेकिन ये बहुत जरूरी होता है कि जो पैसा सरकार भेजे, वो पूरा का पूरा विकास के कार्यों में लगे, लेकिन कांग्रेस ने अपने शासन में देश का खून चूसने वाली ऐसी भ्रष्ट व्यवस्था बना दी थी, जो देश के विकास को खाए जा रही थी।

'कमीशन खाने वाली पार्टी है कांग्रेस'

उन्होंने कहा,

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भी माना था कि कांग्रेस सरकार 100 पैसे भेजती है तो उसमें से 85 पैसे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते थे। कांग्रेस हर योजना में 85 फीसदी कमीशन खाने वाली पार्टी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब लूट की बात होती है तो कांग्रेस किसी में भेदभाव नहीं करती है। कांग्रेस देश के हर नागरिक को... गरीब, शोषित, आदिवासी, अल्पसंख्यक, महिला और दिव्यांग सबको समान भाव से लूटती है।

उन्होंने कहा कि देश की हर सफलता के पीछे भारत के लोगों की मेहनत है, भारत के लोगों का पसीना है। ये भारत के लोग ही हैं जिन्होंने महामारी के बाद देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई पर पहुंचाया है। ये भारत के लोग ही हैं, जिनकी वजह से आज दुनिया कह रही है कि ये दशक भारत का दशक है, ये सदी भारत की सदी है।

नए संसद पर क्या बोले PM मोदी?

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत को नया संसद भवन मिला है, लेकिन कांग्रेस ने भारत के गौरव के इस क्षण को भी अपने स्वार्थी विरोध की भेंट चढ़ा दिया। कांग्रेस ने 60,000 श्रमिकों के परिश्रम का, देश की भावनाओं और आकांक्षाओं का अपमान किया है।

भव्य स्वागत की तैयारी में कार्यकर्ता

भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी के भव्य स्वागत के लिए तैयार हैं। भाजपा ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि ब्रह्मा जी की नगरी में मोदी जी का स्वागत है... वीर सपूतों की पावन धरा राजस्थान प्रधानमंत्री मोदी के भव्य स्वागत के लिए तैयार है।