Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

जयपुर में भाजपा ने 24 घंटे में बिगाड़ा कांग्रेस का खेल, 8 पार्षदों ने बदला पाला; कुसुम यादव को बनाया महापौर

Rajasthan News राजस्थान सरकार ने 24 घंटे पहले कांग्रेस नेता एवं महापौर मुनेश गुर्जर को निलंबित किया था। इसके अगले दिन यानी मंगलवार को आठ पार्षदों ने भाजपा ज्वाइन कर ली। कुछ ही देर में सरकार ने कुसुम यादव को जयपुर हेरिटेज नगर निगम का कार्यवाहक महापौर नियुक्त कर दिया। नगर निगम में अब भाजपा पार्षदों की संख्या 50 हो गई है।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Tue, 24 Sep 2024 05:35 PM (IST)
Hero Image
जयपुर हेरिटेज नगर निगम को मिला कार्यवाहक महापौर।

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान में भाजपा ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। जयपुर हेरिटेज नगर निगम के आठ पार्षदों ने मंगलवार को भाजपा का दामन थाम लिया है। इसी के साथ नगर निगम में भाजपा बहुमत के  आंकड़े के करीब पहुंच गई है।

बता दें कि मुनेश गुर्जर के निलंबन के बाद से महापौर का पद खाली था। मगर यह सीट ओबीसी महिला आरक्षित है। यही वजह है कि भाजपा ने कुसुम यादव पर दांव खेला और उन्हें जयपुर हेरिटेज नगर निगम का कार्यवाहक महापौर नियुक्त किया।

यह भी पढ़ें: सस्पेंड होने का रिकॉर्ड बना चुकीं मेयर मुनेश गुर्जर को फिर किया गया निलंबित, यूडीएच मंत्री झाबर सिंह ने दी मंजूरी

इन्होंने ज्वाइन की भाजपा

  • मनोज मुद्गल
  • उत्तम शर्मा
  • ज्योति चौहान
  • सुशीला
  • अरविंद मेठी
  • मो. जकारिया
  • पारस जैन
  • संतोष कंवर

एसीबी ने मुनेश पर की थी कार्रवाई

एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वत मामले में मुनेश गुर्जर के खिलाफ कार्रवाई की थी। इसी आधार पर उन्हें 23 सितंबर को निलंबित किया गया था। हालांकि मामला अभी हाईकोर्ट में विचाराधीन है।

जानिए नगर निगम का सियासी गणित

जयपुर हेरिटेज नगर निगम में कुल वार्डों की संख्या 100 है। बहुमत का आंकड़ा 51 है। भाजपा के पास कुल 42 पार्षद थे। आठ कांग्रेस के पार्षद आने के बाद भाजपा पार्षदों की संख्या 50 हो गई है। वहीं कांग्रेस के पार्षदों की संख्या 47 से घटकर 39 हो गई है। 11 निर्दलीय पार्षद हैं। कहा जा रहा है कि इनमें से कई निर्दलीय पार्षदों का समर्थन भाजपा को प्राप्त है।

यह भी पढ़ें: आर्मी के प्लान के आगे तेंदुए का सरेंडर, खुद ही पिजंरे में आ बैठा; तीन लोगों को बना चुका था अपना शिकार