Move to Jagran APP

दुबई में है सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या का सूत्रधार वीरेंद्र चारण, पुलिस ने घोषित किया है एक लाख रुपये का इनाम

श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की पांच दिसंबर को जयपुर स्थित उनके आवास पर की गई हत्या का मुख्य सूत्रधार वीरेंद्र चारण है।पुलिस का मानना है कि गोदारा के कहने पर ही उसने गोगामेड़ी की हत्या की साजिश की थी। चारण अपने पास पहचान की कोई चीज नहीं रखता है। वह न तो मोबाइल का उपयोग करता है और न ही बैंक खाता रखता है।

By Jagran NewsEdited By: Sonu GuptaUpdated: Sun, 10 Dec 2023 11:11 PM (IST)
Hero Image
दुबई में है सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या का सूत्रधार वीरेंद्र चारण। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, जयपुर। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की पांच दिसंबर को जयपुर स्थित उनके आवास पर की गई हत्या का मुख्य सूत्रधार वीरेंद्र चारण है। चारण पर राजस्थान पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। चारण गैंगस्टर रोहित गोदारा का सबसे विश्वस्त है। चारण ही गोदारा की गैंग का संचालन करता है।

पुलिस की सख्ती के बाद दुबई फरार हुआ वीरेंद्र चारण

पुलिस का मानना है कि करीब आठ महीने पहले वह कोलकाता होते हुए नेपाल और फिर दुबई फरार हो गया। फिलहाल उसके दुबई में होने की जानकारी है। चारण ने ही नितिन फौजी और रोहित राठौड़ को गोगामेड़ी की हत्या करने के लिए तैयार किया। उन्हे पैसों व विदेश भेजने का लालच दिया था। चारण ने ही पिछले साल दिसंबर में गैंगस्टर राजू ठेहट की हत्या की साजिश रची थी, फिर इस साल अप्रैल में जालौर के एक जवाहरात व्यापारी को फिरौती के लिए धमकी दी थी। पुलिस ने सख्ती की तो वह दुबई फरार हो गया।

गोदारा के कहने पर रची थी गोगामेड़ी की हत्या की साजिश

पुलिस का मानना है कि गोदारा के कहने पर ही उसने गोगामेड़ी की हत्या की साजिश की थी। चारण अपने पास पहचान की कोई चीज नहीं रखता है। वह न तो मोबाइल का उपयोग  करता है और न ही बैंक खाता रखता है। अपनी गैंग के लोगों के मोबाइल फोन का ही उपयोग करता है। पैसों का प्रबंध भी उनके माध्यम से ही करता है। गैंग के लोगों को खुद ही अत्याधुनिक हथियार पहुंचाता है। नितिन और रोहित को उसने ही अपने विश्वस्तों के माध्यम से हथियार पहुंचाए थे।

यह भी पढ़ेंः सामने आई सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की वजह, हत्यारों को थी इस बात से नाराजगी; आज गिरफ्तार हुए शूटर समेत तीन आरोपी

जानकारी के अनुसार,  साल, 2015 में चूरू के रामलाल मेघवाल हत्याकांड में चारण पांच साल जेल में रहा था। इस दौरान उसकी गोदारा से निकटता हुई। बाद में गोदारा और आनंदपाल एक-दूसरे के दुश्मन हो गए थे। बाद में आनंदपाल का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया था। जेल से छूटने के बाद चारण गोदारा गैंग का काम संभालने लगा था। गोदारा गैंग जिन व्यापारियों को फिरौती के लिए धमकाती थी, उन्हें गोगामेड़ी संरक्षण देते थे। इस बात से गोदारा गैंग गोगामेड़ी से नाराज थी। यह उनकी हत्या का बड़ा कारण माना जा रहा है।

रोहित की गोगामेड़ी से व्यक्तिगत नाराजगी थी

जयपुर के वैशाली नगर में सात साल पहले राजपूत समाज की एक नाबालिग बच्ची के साथ रोहित राठौड़ ने दुष्कर्म किया था। इस मामले में उसे जेल जाना पड़ा था। गोगामेड़ी ने बच्ची के पिता की मदद की थी। गोगामेड़ी ने इस मामले में आंदोलन भी किया था। इस कारण रोहित गोगामेड़ी का व्यक्तिगत दुश्मन बन गया।

यह भी पढ़ेंः  सुखदेव सिंह गोगामेडी की हत्या के बाद का नया CCTV फुटेज आया सामने, हरियाणा के रेवाड़ी स्टेशन पर दिखे दोनों शूटर

जेल में रहते चारण से हुई थी मुलाकात

जेल में रहते हुए उसकी चारण से मुलाकात हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद भी दोनों के बीच संपर्क रहा था। व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण चारण ने नितिन फौजी के साथ उसे गोगामेड़ी की हत्या के लिए चुना था। जानकारी के अनुसार दुष्कर्म के मामले में फंसे रोहित के स्वजनों के उसकी जमानत करवाने में काफी पैसे खर्च हुए थे। साथ ही बहन की शादी में भी परेशानी हुई थी।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।